देव आनंद के गीतों पर झूमेगा जयपुर
जयपुर के जवाहर कला केंद्र में 26 सितंबर को देव फेस्टिवल 2026 के तहत म्यूजिकल क्विज शो आयोजित होगा। देव आनंद की जयंती को समर्पित इस कार्यक्रम में शहर के विभिन्न कॉलेजों की छात्राएं हिस्सा लेंगी। क्विज में अभिनेता के जीवन, फिल्मों और सफर से जुड़े सवाल होंगे, वहीं उनके लोकप्रिय गीतों पर डांस और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
- देव आनंद की जयंती पर होगा खास म्यूजिकल क्विज शो
- देव फेस्टिवल 2026 में कॉलेज छात्राएं देंगी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
- महिला सशक्तिकरण के संदेश के साथ याद किया जाएगा अभिनेता का सिनेमाई सफर
Jaipur to groove to Dev Anand’s songs : बॉलीवुड के सदाबहार अभिनेता देव आनंद के चाहने वालों के लिए जयपुर में खास आयोजन होने जा रहा है। कला, साहित्य एवं संस्कृति विभाग के तत्वावधान में जवाहर कला केंद्र (जेकेके) की ओर से 26 सितंबर 2026 को सुबह 9:30 बजे रंगायन ऑडिटोरियम में ‘देव फेस्टिवल-2026’ का आयोजन किया जाएगा। फेस्टिवल में देव आनंद के लंबे सिनेमाई सफर को संगीत और क्विज के जरिए याद किया जाएगा।
यह भी पढ़ें ; ठोस कचरा प्रबंधन नियम 2026 : कचरे से संसाधन तक बदलेगा प्रबंधन
इस विशेष कार्यक्रम की थीम ‘सेलिब्रेटिंग देव आनंद एंड प्रमोटिंग वीमन एम्पावरमेंट’ रखी गई है। आयोजन में देव आनंद के छह दशक लंबे फिल्मी सफर, उनके व्यक्तित्व और सिनेमा में योगदान को केंद्र में रखा जाएगा। साथ ही महिला सशक्तिकरण का संदेश भी कार्यक्रम का अहम हिस्सा होगा।
कार्यक्रम में जयपुर के अलग-अलग कॉलेजों की सैकड़ों छात्राओं के शामिल होने की उम्मीद है। जेकेके के अतिरिक्त महानिदेशक गोपाल राम बिरदा की ओर से शहर के कॉलेजों को आमंत्रण भेजे गए हैं। छात्राओं से फेस्टिवल के माहौल के अनुरूप रंग-बिरंगे और आकर्षक परिधानों में कार्यक्रम में शामिल होने का आग्रह किया गया है।
क्विज शो में छात्राओं को देव आनंद के जीवन, उनकी सोच, फिल्मों, किरदारों और करीब छह दशक के फिल्मी सफर से जुड़े सवालों का सामना करना होगा। यानी कार्यक्रम सिर्फ मनोरंजन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि देव आनंद के सिनेमा को जानने-समझने का मौका भी देगा। क्विज के विजेताओं को आकर्षक पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा।
म्यूजिकल क्विज के साथ देव आनंद की फिल्मों के लोकप्रिय गीत भी कार्यक्रम में रंग भरेंगे। कॉलेज छात्राएं उनके सुपरहिट गानों पर डांस परफॉर्मेंस और अन्य कलात्मक प्रस्तुतियां देंगी। ऐसे में जेकेके का रंगायन ऑडिटोरियम संगीत, सिनेमा और युवा प्रतिभाओं के संगम का गवाह बनेगा।
कार्यक्रम के संचालन और समन्वय की जिम्मेदारी पूर्व आईएएस अधिकारी, सांस्कृतिक एंकर और क्विज क्यूरेटर डॉ. महेंद्र सुराणा को दी गई है। वह कॉलेजों से संपर्क कर छात्राओं को क्विज की रूपरेखा और तैयारियों की जानकारी दे रहे हैं। कार्यक्रम में वह बतौर एंकर क्विज का संचालन भी करेंगे।
यह भी पढ़ें; जोधपुर में भाजपा का बोर्ड, मेहता बने मेयर
देव आनंद की जयंती के बहाने आयोजित यह कार्यक्रम युवा पीढ़ी को हिंदी सिनेमा के उस दौर से जोड़ने की कोशिश भी है, जिसने अपनी फिल्मों, संगीत और अलग अंदाज से दर्शकों के बीच खास पहचान बनाई। संगीत, सवाल-जवाब और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए देव फेस्टिवल-2026 को यादगार बनाने की तैयारी है।



