जयपुर में गूंजेगा ‘हाई-टेक नर्सिंग’ का शंखनाद : AI और रोबोटिक्स से बदलेगा मरीजों का इलाज

जयपुर में 5 और 6 सितंबर को ग्लोबल नर्सिंग समिट-2026 आयोजित होगा, जिसमें 10 से अधिक देशों के विशेषज्ञ आधुनिक हेल्थकेयर तकनीकों पर चर्चा करेंगे। एआई, रोबोटिक्स, वर्चुअल रियलिटी और क्लिनिकल सिमुलेशन का लाइव प्रदर्शन आकर्षण रहेगा। 1500 से अधिक प्रतिभागियों के साथ ऑनलाइन जुड़ाव का भी लक्ष्य है। पात्र नर्सिंग प्रोफेशनल्स को राजस्थान नर्सिंग काउंसिल से 10 क्रेडिट पॉइंट मिलेंगे।

  • ग्लोबल नर्सिंग समिट-2026 में 10 से अधिक देशों के विशेषज्ञ जुटेंगे।
  • एआई और रोबोटिक्स का नर्सिंग में इस्तेमाल लाइव दिखाया जाएगा।
  • वर्चुअल रियलिटी और सिमुलेशन से आधुनिक ट्रेनिंग के तरीके बताए जाएंगे।

The clarion call for ‘high-tech nursing’ will resound in Jaipur : नर्सिंग शिक्षा और हेल्थकेयर को नई तकनीक से जोड़ने की दिशा में जयपुर में बड़ा आयोजन होने जा रहा है। RH Healthcare Pvt. Ltd. की ओर से NTAI-Rajasthan के सहयोग से 5 और 6 सितंबर को राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर (RIC) में Global Nursing Summit-2026 आयोजित किया जाएगा। इसमें 10 से अधिक देशों के विशेषज्ञ और प्रतिनिधि हिस्सा लेने की तैयारी में हैं।

जयपुर में गूंजेगा 'हाई-टेक नर्सिंग' का शंखनाद : AI और रोबोटिक्स से बदलेगा मरीजों का इलाज
Image Source : Via Dainik Jaltedeep

आयोजकों के मुताबिक, समिट का फोकस केवल नर्सिंग शिक्षा तक सीमित नहीं रहेगा। इसमें यह समझने की कोशिश होगी कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स, वर्चुअल रियलिटी और आधुनिक सिमुलेशन तकनीक आने वाले समय में नर्सिंग की भूमिका को किस तरह बदल सकती हैं।

यह भी पढ़ें ; युवाओं के कौशल पर राजस्थान-यूनिसेफ का बड़ा फोकस

समिट के चेयरपर्सन और RH Healthcare Pvt. Ltd. के CEO एवं डायरेक्टर डॉ. राहुल शर्मा ने कहा कि AI और Robotics नर्सों का विकल्प नहीं हैं, बल्कि उनकी क्लिनिकल स्किल, निर्णय लेने की क्षमता और मरीजों की देखभाल को बेहतर बनाने वाले उपकरण हैं। उनका कहना है कि भारतीय नर्सिंग प्रोफेशनल्स को तकनीकी बदलाव का केवल हिस्सा नहीं, बल्कि नेतृत्वकर्ता बनना चाहिए।

रोबोट और VR का मिलेगा लाइव अनुभव

समिट में तकनीक को सिर्फ मंच से समझाने के बजाय प्रतिभागियों को उसका प्रत्यक्ष अनुभव भी कराया जाएगा। ह्यूमनॉइड रोबोट और रोबोट डॉग के लाइव प्रदर्शन के साथ वर्चुअल रियलिटी, होलोग्राफिक डिस्प्ले, एआई और एडवांस्ड हेल्थकेयर सिमुलेशन का प्रदर्शन होगा।

VR और सिमुलेशन के जरिए इमरजेंसी रिस्पॉन्स, क्लिनिकल परिस्थितियों और विभिन्न नर्सिंग स्किल्स की ट्रेनिंग के नए तरीके दिखाए जाएंगे। इससे विद्यार्थियों और प्रोफेशनल्स को तकनीक आधारित प्रशिक्षण का व्यावहारिक अनुभव मिलने की उम्मीद है।

26/11 की नर्स अंजली कुलथे होंगी खास आकर्षण

समिट में 26/11 मुंबई आतंकी हमले के दौरान साहस और कर्तव्यनिष्ठा के लिए पहचानी गईं नर्स अंजली कुलथे भी मौजूद रहेंगी। नर्सिंग विद्यार्थियों और प्रोफेशनल्स को उनसे मिलने और उनके अनुभव सुनने का अवसर मिलेगा। उनके जीवन से जुड़ी प्रेरणादायी कहानी कार्यक्रम के प्रमुख आकर्षणों में शामिल रहेगी।

नर्सिंग और हेल्थकेयर क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए पद्मश्री से सम्मानित शांति टेरेसा लकड़ा भी कार्यक्रम में शामिल होंगी। आयोजकों का कहना है कि उनका अनुभव और सेवा यात्रा नर्सिंग क्षेत्र से जुड़े युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।

10 से अधिक देशों के विशेषज्ञों से संवाद

आयोजकों के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों के आने से भारतीय नर्सिंग प्रोफेशनल्स को अलग-अलग देशों की नर्सिंग प्रथाओं, रिसर्च, तकनीक और नेतृत्व मॉडल को समझने का मौका मिलेगा। साथ ही नॉलेज एक्सचेंज और इंटरनेशनल नेटवर्किंग के लिए भी मंच तैयार होगा।

समिट में 1500 से अधिक फिजिकल और 5000 से ज्यादा लाइव/ऑनलाइन प्रतिभागियों को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। पात्र नर्सिंग प्रोफेशनल्स को राजस्थान नर्सिंग काउंसिल की ओर से 10 क्रेडिट पॉइंट दिए जाएंगे।

दो दिन में कई अकादमिक गतिविधियां

कार्यक्रम सचिव एवं NTAI-Rajasthan के स्टेट प्रेसिडेंट पुरुषोत्तम कुंभज ने बताया कि नर्सिंग शिक्षा, प्रोफेशनल लीडरशिप, मौजूदा चुनौतियों और भविष्य की जरूरतों पर चर्चा होगी। उनका कहना है कि हेल्थकेयर सिस्टम में नर्सिंग की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है और समिट के जरिए प्रोफेशनल्स, शिक्षकों और विद्यार्थियों को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर का मंच देने का प्रयास है।

कन्वीनर महेश शर्मा के अनुसार, 5 सितंबर को पेपर और पोस्टर प्रेजेंटेशन, ग्रुप डिस्कशन तथा पैनल डिस्कशन जैसी गतिविधियां होंगी। वहीं 6 सितंबर को मुख्य ग्लोबल कॉन्फ्रेंस में AI in Nursing, Robotics in Healthcare, Virtual Reality, Innovation, Leadership और Simulation-Based Nursing Education जैसे विषयों पर विशेषज्ञ सत्र होंगे।

यह भी पढ़ें ; युवाओं के कौशल पर राजस्थान-यूनिसेफ का बड़ा फोकस

कार्यक्रम में एग्जीबिशन, मेडिकल क्विज, सिमुलेशन एक्टिविटीज, नेशनल लेवल अवॉर्ड्स और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी रखे गए हैं। कोषाध्यक्ष डॉ. विष्णु सोनी ने बताया कि देश-विदेश से आने वाले प्रतिनिधियों की सुविधा और आयोजन के बेहतर संचालन के लिए तैयारियां जारी हैं।

आयोजन समिति ने नर्सिंग प्रोफेशनल्स, प्रिंसिपल्स, शिक्षकों, फैकल्टी, रिसर्चर्स और विद्यार्थियों से अधिक संख्या में पंजीकरण कराने की अपील की है। आयोजकों का कहना है कि Global Nursing Summit-2026 में तकनीक, ज्ञान, प्रेरणा और वैश्विक नेटवर्किंग को एक ही मंच पर लाने की कोशिश की जाएगी।

Related Articles

Back to top button