जयपुर में लगेगा राष्ट्रीय सरस मेला, महिलाओं को मिलेगा बड़ा बाजार
जयपुर में 25 दिसंबर से राष्ट्रीय सरस मेला 2026-27 आयोजित करने की तैयारी है। इसमें राजस्थान सहित देशभर के स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं अपने उत्पादों की प्रदर्शनी और बिक्री कर सकेंगी। करीब 800 स्टॉल लगाने की योजना है। मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने नई दिल्ली में केंद्रीय ग्रामीण विकास सचिव से मुलाकात कर मेले और ग्रामीण रोजगार मिशन की प्रगति पर चर्चा की।
- राष्ट्रीय सरस मेला 2026-27: जयपुर में 25 दिसंबर से 11 जनवरी तक आयोजन प्रस्तावित।
- महिला उद्यमियों को मौका: देशभर के स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों के लिए 750 से 800 स्टॉल लगेंगे।
- ग्रामीण रोजगार मिशन: मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने वीबी–जी राम जी की प्रगति पर भी चर्चा की।
Jaipur to Host National Saras Mela, Boosting Rural Women Entrepreneurs: ग्रामीण महिलाओं को अपने उत्पादों की बिक्री के लिए बड़ा बाजार उपलब्ध कराने और उनकी आमदनी बढ़ाने की दिशा में जयपुर में राष्ट्रीय सरस मेले का आयोजन प्रस्तावित है। इस आयोजन में राजस्थान समेत देश के विभिन्न राज्यों के स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं अपने उत्पाद प्रदर्शित करने के साथ उनकी बिक्री भी कर सकेंगी।
इसी सिलसिले में मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने सोमवार को नई दिल्ली स्थित कर्तव्य भवन में केंद्रीय ग्रामीण विकास विभाग के सचिव रोहित कंसल से मुलाकात की। बैठक में दिसंबर 2026 में जयपुर में होने वाले राष्ट्रीय सरस मेले की तैयारियों और विकसित भारत–गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण), यानी वीबी–जी राम जी की प्रगति पर चर्चा हुई।
यह भी पढ़े : फ्लोरिडा में विमान हादसा, 9 लोगों की मौत
राजस्थान ग्रामीण आजीविका विकास परिषद (राजीविका) की ओर से राष्ट्रीय सरस मेला 2026-27 का आयोजन 25 दिसंबर 2026 से 11 जनवरी 2027 तक प्रस्तावित है। 18 दिन के इस मेले के लिए जवाहर कला केंद्र के दक्षिणी परिसर, शिल्पग्राम और इंदिरा गांधी पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास संस्थान परिसर में आयोजन की तैयारी की जा रही है। मेले के लिए केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय से स्वीकृति भी मिल चुकी है।
आयोजन में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के उत्पादों की बिक्री और प्रदर्शन के लिए लगभग 750 से 800 स्टॉल लगाए जाने की योजना है। इसके अलावा खानपान के करीब 50 स्टॉल भी प्रस्तावित हैं। यहां लोगों को हस्तशिल्प तैयार करने की प्रक्रिया को करीब से देखने, कार्यशालाओं में भाग लेने और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लेने का अवसर मिलेगा।
यह भी पढ़े : शाहरुख के जन्मदिन पर ‘मन्नत’ के बाहर उमड़े फैंस
मेले का उद्देश्य ग्रामीण महिला उद्यमियों को प्रोत्साहित करने के साथ पारंपरिक हस्तशिल्प और लोक कलाओं को व्यापक पहचान दिलाना है। इसके जरिए महिला स्वयं सहायता समूहों के लिए स्थायी बाजार संपर्क विकसित करने पर भी जोर रहेगा। इस दिशा में क्रेता-विक्रेता सम्मेलन आयोजित करने की योजना है, ताकि उत्पाद बनाने वाली महिलाओं को सीधे खरीदारों से जुड़ने का अवसर मिल सके।
वहीं, राजसखी ब्रांड के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को डिजिटल बाजार से जोड़ने के अवसर भी उपलब्ध कराने की तैयारी है। इससे महिलाओं को स्थानीय बाजारों से आगे बढ़कर अपने उत्पादों की बिक्री का दायरा बढ़ाने में मदद मिल सकती है।
बैठक में वीबी–जी राम जी की प्रगति पर भी विचार-विमर्श हुआ। राज्य सरकार ग्रामीण आजीविका और महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए इन पहलों के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दे रही है।



