जयपुर में फिर सजेगा युवा सुरों का मंच

जयपुर में सुर संगम संस्थान का 37वां राष्ट्रीय युवा संगीत सम्मेलन 1 और 2 अक्टूबर को आयोजित होगा। देशभर की युवा संगीत प्रतिभाएं सुगम और शास्त्रीय संगीत में अपनी कला दिखाएंगी। इस बार आयोजन संस्थान के संस्थापक अध्यक्ष स्वर्गीय के.सी. मालू को समर्पित रहेगा। पीनाज मसानी ने पोस्टर जारी करते हुए युवा कलाकारों को मंच और मार्गदर्शन देने की जरूरत बताई है।

  • युवा संगीत सम्मेलन 1 और 2 अक्टूबर को जयपुर में होगा।
  • सुर संगम संस्थान में देशभर की प्रतिभाएं हिस्सा लेंगी।
  • पीनाज मसानी ने युवा गायकों को मंच देने पर जोर दिया।

A stage for young voices to shine again in Jaipur : युवा संगीत प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के उद्देश्य से सुर संगम संस्थान का 37वां राष्ट्रीय युवा संगीत सम्मेलन इस बार 1 और 2 अक्टूबर 2026 को जयपुर में आयोजित किया जाएगा। आयोजन को संस्थान और वीणा म्यूजिक ग्रुप के संस्थापक अध्यक्ष स्वर्गीय के.सी. मालू की स्मृति को समर्पित किया गया है। उनका 14 जुलाई को हृदयघात के चलते निधन हो गया था।

यह भी पढ़ें ; मिलावट पर वार तेज, 300 किलो पनीर नष्ट

सम्मेलन के पोस्टर का अनावरण रविवार को जयपुर में प्रसिद्ध गजल गायिका पीनाज मसानी ने किया। इस दौरान सुर संगम संस्थान के राष्ट्रीय सचिव मुकेश अग्रवाल और के.सी. मालू के पुत्र तथा वीणा म्यूजिक इवेंट के प्रबंध निदेशक प्रसनजीत मालू मौजूद रहे।

पीनाज मसानी ने कहा कि देश में युवा संगीत प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत उन्हें पहचानने, सही दिशा देने और ऐसा मंच उपलब्ध कराने की है, जहां वे अपनी प्रतिभा को बेहतर तरीके से सामने रख सकें। उन्होंने कहा कि ऑटो-ट्यून और डिजिटल प्लेटफॉर्म के बढ़ते दौर में वास्तविक प्रतिभा की पहचान करना आसान नहीं है। ऐसे समय में सुर संगम संस्थान जैसे मंच महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि संस्थान ने पिछले 37 वर्षों में दो लाख से अधिक युवा गायकों की प्रतिभा पहचानने, उन्हें निखारने और राष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराने का काम किया है। उनके अनुसार, यह पहल नई प्रतिभाओं के लिए आगे बढ़ने का महत्वपूर्ण माध्यम बनी है।

यह भी पढ़ें ; राष्ट्रीय सुरक्षा पर बड़ा मंथन, अमित शाह होंगे शामिल

संस्थान के राष्ट्रीय सचिव मुकेश अग्रवाल ने बताया कि इस बार प्रतियोगिता में सुगम संगीत और शास्त्रीय संगीत दोनों विधाओं को शामिल किया गया है। प्रतियोगिताएं जूनियर और सीनियर वर्ग में आयोजित होंगी, जिसमें देशभर से युवा प्रतिभागी हिस्सा ले सकेंगे।

प्रतियोगिता के लिए आवेदन की प्रक्रिया ऑनलाइन रखी गई है। इच्छुक प्रतिभागी 5 सितंबर 2026 तक अपना पंजीकरण करा सकते हैं। चयनित प्रतिभागियों को जयपुर में होने वाले ग्रैंड फिनाले में आमंत्रित किया जाएगा।

ग्रैंड फिनाले का आयोजन टोंक रोड स्थित बीलवा पैलेस में किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार, संगीत और बॉलीवुड जगत की कई चर्चित हस्तियां प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका निभाएंगी। इनमें पीनाज मसानी के अलावा संगीतकार सोहेल सेन, दीपक पंडित, गायिका प्रतिभा बघेल और गायक राजा हसन प्रमुख नाम हैं।

यह भी पढ़ें ; अजमेर में ‘मातृशक्ति मानसून फेस्ट’, दिया कुमारी ने बढ़ाया उत्साह

प्रसनजीत मालू ने देशभर के युवा कलाकारों से इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर के इस मंच के जरिए प्रतिभागियों को अपनी कला पेश करने और संगीत जगत के अनुभवी कलाकारों से सीखने का अवसर मिलेगा।

Related Articles

Back to top button