सिटी पैलेस में सजे सम्मान के सितारे, 25 श्रेणियों में दिए गए सवाई जयपुर अवॉर्ड्स 2026
जयपुर के सिटी पैलेस में महाराजा सवाई भवानी सिंह की जयंती पर सवाई जयपुर अवॉर्ड्स 2026 समारोह आयोजित हुआ। सामाजिक सेवा, चिकित्सा, विज्ञान, पत्रकारिता, खेल, कला, व्यापार और हेरिटेज संरक्षण सहित 25 श्रेणियों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं को सम्मानित किया गया। समारोह में राजमाता पद्मिनी देवी, उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी और महाराजा सवाई पद्मनाभ सिंह सहित कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं।
- सवाई जयपुर अवॉर्ड्स 2026: सिटी पैलेस में 25 श्रेणियों में प्रतिभाओं का सम्मान।
- जयपुर सम्मान समारोह: सामाजिक सेवा, विज्ञान, चिकित्सा, खेल और हेरिटेज संरक्षण में योगदान को मिली पहचान।
- जयपुर के 300 वर्ष: अगले वर्ष शहर की 300वीं वर्षगांठ के अवसर पर 18 नवंबर से होंगे विभिन्न आयोजन।
Sawai Jaipur Awards 2026 : गुलाबी नगरी की विरासत, सेवा और प्रतिभा को सम्मान देने के लिए गुरुवार शाम सिटी पैलेस के प्रीतम चौक में सवाई जयपुर अवॉर्ड्स 2026 समारोह आयोजित किया गया। हिज हाइनेस ब्रिगेडियर महाराजा सवाई भवानी सिंह, एमवीसी ऑफ जयपुर की जयंती के अवसर पर हुए इस आयोजन में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों और संस्थाओं को सम्मानित किया गया।
समारोह में राजमाता पद्मिनी देवी, उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी, महाराजा सवाई पद्मनाभ सिंह और राजकुमारी गौरवी कुमारी सहित कई विशिष्ट अतिथि शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान श्री गोविंद देव जी और स्वर्गीय महाराजा सवाई भवानी सिंह की तस्वीरों पर माल्यार्पण के साथ हुई। इसके बाद धर्मगुरुओं का सम्मान कर उनका आशीर्वाद लिया गया।
समाज सेवा से विज्ञान तक, इन क्षेत्रों में मिला सम्मान
यह भी पढ़े : राजस्थान में ग्रामीण विकास को रफ्तार, सिंचाई से पशुपालन तक बढ़ा निवेश
महाराजा सवाई मान सिंह द्वितीय म्यूजियम ट्रस्ट की ओर से आयोजित इस समारोह में 25 अलग-अलग श्रेणियों में पुरस्कार दिए गए। सामाजिक सेवा के लिए विमुक्ति संस्था, संस्कृति के क्षेत्र में योगदान के लिए टाटा ट्रस्ट्स और चिकित्सा में उत्कृष्टता के लिए डॉ. मोहनीश ग्रोवर को सम्मानित किया गया।
जयपुर की पारंपरिक शिल्पकला में योगदान के लिए प्रो. भवानी शंकर शर्मा, पर्यावरण संरक्षण के लिए धीरेन्द्र गोधा और विज्ञान के क्षेत्र में उपलब्धियों के लिए डॉ. गोबिंद सागर भारद्वाज को पुरस्कार मिला। पत्रकारिता के लिए किरण राजपुरोहित, साहित्य एवं शिक्षा के लिए अमीश त्रिपाठी और समाज सेवा व परोपकार के लिए रोहित कुमार सिंह को सम्मानित किया गया।
खेल, कला और नेतृत्व में भी चमके नाम
पुरस्कारों की अन्य श्रेणियों में बहादुरी के लिए राइफलमैन गोविंद सिंह, सशस्त्र बलों में विशिष्ट सेवा के लिए कर्नल विक्रमजीत सिंह काहलों और पर्यटन क्षेत्र में योगदान के लिए राजीव कोहली को सम्मान दिया गया।
फोटोग्राफी के लिए समर सिंह जोधा, थिएटर, फिल्म एवं टेलीविजन के लिए कैलाश खेर और कला, पेंटिंग एवं स्कल्पचर के लिए अनुपम हल्दर को पुरस्कृत किया गया। खेल के क्षेत्र में महावीर प्रसाद सैनी, परफॉर्मिंग आर्ट के लिए चुग्गे खान और महिलाओं की उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए मेजर डॉ. मीता सिंह को सम्मान मिला।
यह भी पढ़े :राजस्थान में ग्रामीण विकास को रफ्तार, सिंचाई से पशुपालन तक बढ़ा निवेश
व्यापार एवं उद्योग के क्षेत्र में माधव सिंघानिया, नेतृत्व के लिए आर्किटेक्ट रितु सिंह, हेरिटेज और आर्किटेक्चर संरक्षण के लिए राधा गोयनका तथा नवाचार और स्टार्टअप के क्षेत्र में योगदान के लिए कमला पोद्दार को पुरस्कार प्रदान किए गए।
इसके अलावा संस्कृति, संग्रहालय सेवाओं, राजपरिवार के प्रति समर्पित सेवा और अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले व्यक्तियों को भी सम्मानित किया गया। महाराजा लक्ष्यराज प्रकाश ऑफ सिरमौर अवॉर्ड श्री विश्वजीत को किसी भी क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धि के लिए दिया गया।
जयपुर की विरासत और भविष्य पर रहेगा फोकस
समारोह के दौरान जयपुर की ऐतिहासिक विरासत और शहर के विकास में योगदान देने वाली प्रतिभाओं को पहचान देने के महत्व पर भी जोर रहा। अगले वर्ष जयपुर के 300 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 18 नवंबर से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम में स्वागत संबोधन एमएसएमएस द्वितीय म्यूजियम ट्रस्ट की डिप्टी डायरेक्टर मृणालिनी वेंकटेश्वरन ने दिया। वहीं, ट्रस्ट के निदेशक वैभव चौहान ने अतिथियों और आयोजन से जुड़े लोगों का आभार व्यक्त किया।



