सीईओ शुभम भैंसारे ने हरी झंडी दिखाकर निकाली साइकिल रैली, गूंजा वोट फॉर डेमोक्रेसी

जयपुर में नगरीय निकाय चुनाव से पहले मतदाताओं को जागरूक करने के लिए रविवार को साइकिल रैली निकाली गई। अमर जवान ज्योति से शुरू हुई रैली जलमहल तक पहुंची। सीईओ शुभम भैंसारे ने हरी झंडी दिखाने के साथ खुद साइकिल चलाकर लोगों को मतदान के लिए प्रेरित किया। रैली में बड़ी संख्या में साइक्लिस्ट शामिल हुए।

  • शुभम भैंसारे ने मतदाता जागरूकता रैली को दिखाई हरी झंडी।
  • जयपुर नगरीय निकाय चुनाव से पहले साइकिल पर चला मतदान का संदेश।
  • मतदाता जागरूकता के लिए अमर जवान ज्योति से जलमहल तक रैली।

CEO Shubham Bhainsare flagged off the bicycle rally : नगरीय निकाय आम चुनाव में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जयपुर में रविवार को मतदाता जागरूकता साइकिल रैली आयोजित की गई। जिला निर्वाचन कार्यालय जयपुर और राजस्थान रोड राइडर्स साइकिलिंग क्लब के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह कार्यक्रम स्वीप अभियान के तहत हुआ।

सीईओ शुभम भैंसारे ने हरी झंडी दिखाकर निकाली साइकिल रैली, गूंजा वोट फॉर डेमोक्रेसी
Image Source : Via Dipr

रैली की शुरुआत अमर जवान ज्योति, जनपथ स्थित एसएमएस स्टेडियम से हुई। स्वीप कार्यक्रम के प्रभारी एवं जिला परिषद के सीईओ शुभम भैंसारे ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने खुद भी साइकिल चलाकर प्रतिभागियों के साथ जलमहल तक सफर किया और मतदान का संदेश दिया।

यह भी पढ़ें ; अजमेर में सीएम भजनलाल का शक्ति प्रदर्शन, निकाय चुनाव से पहले रोड शो में उमड़ी भारी भीड़

इस मौके पर भैंसारे ने कहा कि जिस तरह शरीर को स्वस्थ रखने के लिए साइकिल चलाना उपयोगी है, उसी तरह लोकतंत्र को मजबूत बनाए रखने के लिए मतदान बेहद जरूरी है। उन्होंने जयपुर जिले के मतदाताओं से चुनाव में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने और अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने की अपील की।

उन्होंने बताया कि जयपुर जिले में 9 सितंबर, बुधवार को दो नगरपरिषद और 16 नगरपालिकाओं के कुल 540 वार्डों के लिए मतदान होगा। वहीं, 11 सितंबर, शुक्रवार को जयपुर नगर निगम के 150 वार्डों में वोट डाले जाएंगे। दोनों चरणों में मतदान का समय सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक निर्धारित है।

अमर जवान ज्योति से रवाना हुई साइकिल रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए जलमहल पहुंची। रास्ते में साइक्लिस्टों ने लोगों को मतदान के महत्व के बारे में जागरूक किया और लोकतंत्र में मतदाताओं की भूमिका का संदेश दिया।

कार्यक्रम में राजस्थान रोड राइडर्स के संरक्षक डॉ. जीएल शर्मा, अध्यक्ष विजेंद्र सिंह पाड़ला, उप निदेशक जनसंपर्क हेमंत सिंह, जिला नोडल स्वीप समन्वयक दिनकर शर्मा और रॉबिन हुड आर्मी जयपुर की संयोजक रेनू जिंदल समेत कई साइक्लिस्ट मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें ; दिल्ली में भरभरा कर गिरा हॉस्टल, 3 की दर्दनाक मौत

रैली के जरिए प्रशासन ने लोगों से चुनाव के दिन घर से निकलकर मतदान केंद्र तक पहुंचने और अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने का संदेश दिया। अधिकारियों ने इसे स्वस्थ नागरिक भागीदारी और मजबूत लोकतंत्र की दिशा में एक जरूरी पहल बताया।

Related Articles

Back to top button