हाईटेंशन लाइन हटते ही खुला पट्टों का रास्ता, जेडीए ने दी बड़ी राहत

जयपुर विकास प्राधिकरण (JDA) ने वर्षों से हाईटेंशन बिजली लाइनों की वजह से अटके भूखंडों के पट्टे जारी करने की प्रक्रिया को बेहद सरल बना दिया है। अब मुख्यालय के चक्कर काटने के बजाय सीधे जोन स्तर पर ही योजनाओं के संशोधित मानचित्र तैयार कर प्रभावित भूखंडधारियों को लीज डीड और पट्टे जारी किए जा सकेंगे।

  • हाईटेंशन लाइन हटने के बाद जेडीए ने भूखंडधारियों के पट्टे जारी करने की प्रक्रिया को किया आसान।
  • अब मुख्यालय के बजाय सीधे जोन स्तर पर ही लंबित मामलों का तेजी से होगा निस्तारण।
  • आदिनाथ नगर, चंबल पावर हाउस और सोडाला समेत कई कॉलोनियों के निवासियों को मिलेगी बड़ी राहत।

Removal of high-tension line paves the way for land leases : हाईटेंशन बिजली लाइनों के कारण वर्षों से पट्टों का इंतजार कर रहे जयपुर के भूखंडधारियों के लिए राहत की खबर है। जयपुर विकास प्राधिकरण ने ऐसी कॉलोनियों में लंबित भूखंडों के अनुमोदन और पट्टे जारी करने की प्रक्रिया आसान कर दी है। अब हाईटेंशन लाइन हटने या शिफ्ट होने के बाद संबंधित मामलों का निस्तारण जोन स्तर पर ही किया जाएगा।

इससे लोगों को जेडीए मुख्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और लंबे समय से अटके प्रकरणों को गति मिलेगी। जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) ने 31 अक्टूबर को इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है। यह व्यवस्था 18 अगस्त को हुई भवन मानचित्र समिति की 437वीं बैठक में लिए गए निर्णय के आधार पर लागू की गई है।

यह भी पढ़ें ; आईएएस गौरव गोयल की राजस्थान वापसी, दिल्ली से रिलीव होते ही ब्यूरोक्रेसी में हलचल तेज!

इसका सीधा फायदा उन स्वीकृत कॉलोनियों के लोगों को मिलेगा, जिनके भूखंड हाईटेंशन लाइन के कॉरिडोर में आने के कारण पहले अनुमोदित नहीं किए गए थे। नई व्यवस्था के तहत अब ऐसे भूखंडों को कॉलोनी की मूल योजना में शामिल करने के लिए मुख्यालय स्तर पर प्रक्रिया पूरी कराने की जरूरत नहीं होगी। संबंधित जोन अधिकारी मौके की स्थिति और निर्धारित नियमों की जांच कर आगे की कार्रवाई कर सकेंगे।

जेडीए के आदेश में स्पष्ट किया गया है कि सबसे पहले यह देखा जाएगा कि हाईटेंशन लाइन हटने के बाद कॉलोनी का विक्रय योग्य क्षेत्रफल निर्धारित मानकों के अनुरूप है या नहीं। जांच में भूखंड पात्र पाए जाने पर मूल लेआउट प्लान में जोन स्तर पर संशोधन किया जा सकेगा। इसके बाद भूखंड का अनुमोदन कर लीजडीड या संशोधित लीजडीड जारी करने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। हालांकि, यह सुविधा उन्हीं मामलों में लागू होगी, जहां हाईटेंशन लाइन के साथ सड़क प्रस्तावित नहीं है।

इस फैसले से भैरव गृह निर्माण सहकारी समिति की आदिनाथ नगर योजना के भूखंडधारियों को भी बड़ी उम्मीद बंधी है। यहां बिजली की हाईटेंशन लाइन गुजरने के कारण कई भूखंडों के पट्टे वर्षों से अटके हुए थे। अब लाइन हटाए जाने के बाद इन भूखंडों को मंजूरी देने और पट्टे जारी करने की राह आसान हो गई है। स्थानीय निवासी प्रमेश्वरी कसवा समेत अन्य भूखंडधारियों ने भी इस फैसले से राहत मिलने की उम्मीद जताई है।

दरअसल, शहर की कई कॉलोनियों में हाईटेंशन लाइनों के कारण मकानों और भूखंडों से जुड़े मामले लंबे समय से लंबित थे। चंबल पावर हाउस, सोडाला, रामनगर विस्तार और गोविंदपुरी समेत एक दर्जन से अधिक कॉलोनियों में करीब साढ़े पांच किलोमीटर लंबी हाईटेंशन लाइन को भूमिगत किया गया है। राज्य सरकार के निर्देश पर इस काम के लिए जेडीए ने विद्युत निगम को 33 करोड़ रुपये जारी किए थे।

यह भी पढ़ें ; रामलीला मैदान में विपक्ष का हल्लाबोल, राहुल गांधी का बड़ा दावा- ‘ज्ञानेश कुमार CEC पद से हटेंगे और जेल जाएंगे

वहीं, अजमेर रोड क्षेत्र में गजसिंहपुरा और गोपालपुरा बाइपास से नारायण विहार तक करीब 1,300 मीटर लंबे हाईटेंशन लाइन सेफ्टी कॉरिडोर के दायरे में आने वाले लगभग 1,000 घरों और दुकानों को जेडीए ने धारा 72 के तहत नोटिस जारी किए थे।

अब बिजली लाइन हटने और भूमिगत होने के बाद ऐसे क्षेत्रों में अटके भूखंडों के मामलों के समाधान की उम्मीद बढ़ गई है। जेडीए के इस फैसले से उन लोगों को सबसे ज्यादा फायदा होगा, जिनकी जमीन पर अब हाईटेंशन लाइन नहीं है, लेकिन पुराने प्रतिबंधों के चलते उन्हें अब तक पट्टा नहीं मिल पाया था।

Related Articles

Back to top button