जोधपुर एयरपोर्ट के नए टर्मिनल से पहली उड़ान, यात्रियों का हुआ भव्य स्वागत

जोधपुर एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन से नियमित उड़ानों का संचालन शुरू हो गया। पहले दिन केंद्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने प्रथम यात्री को रवाना किया, जबकि आने वाले यात्रियों का पारंपरिक राजस्थानी अंदाज में स्वागत किया गया। नए टर्मिनल के शुरू होने से जोधपुर की हवाई कनेक्टिविटी और आधुनिक सुविधाओं को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।

  • जोधपुर एयरपोर्ट के नए टर्मिनल से नियमित विमान सेवाओं का संचालन शुरू।
  • गजेन्द्र सिंह शेखावत ने पहले यात्री को टिकट और स्वागत किट देकर रवाना किया।
  • नया टर्मिनल जोधपुर की हवाई कनेक्टिविटी और यात्री सुविधाओं को नई पहचान देगा।

First flight from Jodhpur airport’s new terminal : जोधपुर एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन से रविवार को नियमित विमान सेवाओं का संचालन औपचारिक रूप से शुरू हो गया। इस अवसर पर केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने पहली उड़ान के यात्री चंद्रवीर सिंह को टिकट और स्वागत किट भेंट कर शुभकामनाओं के साथ रवाना किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 4 जुलाई को इस आधुनिक टर्मिनल का राष्ट्र को समर्पित किया था।

जोधपुर एयरपोर्ट के नए टर्मिनल से पहली उड़ान, यात्रियों का हुआ भव्य स्वागत
Image Source : Via Dipr

नए टर्मिनल पर पहले दिन का माहौल उत्साह से भरा रहा। पहली उड़ान से जोधपुर पहुंचे यात्रियों का राजस्थानी परंपरा के अनुसार गर्मजोशी से स्वागत किया गया। लंगा-मांगणियार कलाकारों की लोक प्रस्तुतियां, बैंड की मधुर धुन और पुष्पगुच्छ के साथ यात्रियों का अभिनंदन किया गया। इस खास मौके को यादगार बनाने के लिए केंद्रीय मंत्री ने यात्रियों के साथ केक भी काटा।

जोधपुर एयरपोर्ट के नए टर्मिनल से पहली उड़ान, यात्रियों का हुआ भव्य स्वागत
Image Source : Via Dipr

मीडिया से बातचीत में गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि जोधपुर एयरपोर्ट के आधुनिकीकरण और नए टर्मिनल के निर्माण के लिए पिछले कई वर्षों से लगातार प्रयास किए जा रहे थे। विभिन्न चुनौतियों के बावजूद यह परियोजना अब पूरी हो चुकी है और नियमित उड़ानों की शुरुआत क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

यह भी पढ़ें ; चीन में टाइफून ‘बावी’ का कहर, हजारों उड़ानें ठप

उन्होंने बताया कि उद्घाटन के समय किए गए वादे के अनुरूप तय समय पर नए टर्मिनल से नियमित विमान सेवाएं शुरू कर दी गई हैं। उनके अनुसार यह केवल एक नए भवन की शुरुआत नहीं, बल्कि जोधपुर के नागरिक उड्डयन क्षेत्र में नए दौर का संकेत है।

शेखावत ने कहा कि नए टर्मिनल का उपयोग करने वाले यात्रियों में उत्साह साफ दिखाई दिया। उनका मानना है कि यहां आने-जाने वाले लोगों को आधुनिक सुविधाओं के साथ-साथ जोधपुर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक आतिथ्य का भी अनुभव मिलेगा। यह टर्मिनल शहर की बदलती पहचान और विकास यात्रा का प्रतीक बनेगा।

उन्होंने जानकारी दी कि वर्ष 2014 की तुलना में जोधपुर एयरपोर्ट पर यात्रियों की संख्या और विमान संचालन में करीब दस गुना तक बढ़ोतरी हुई है। वर्तमान में शहर का हवाई संपर्क देश के कई प्रमुख महानगरों से जुड़ चुका है और पर्यटन सीजन के दौरान उड़ानों की संख्या में भी वृद्धि होती है।

केंद्रीय मंत्री ने यह भी कहा कि बीते वर्षों में जोधपुर में हवाई सेवाओं के साथ-साथ सड़क और रेलवे नेटवर्क का भी तेजी से विस्तार हुआ है। नई रेल सेवाएं, फोरलेन सड़कें, एलिवेटेड रोड और बाईपास जैसी परियोजनाओं ने क्षेत्र की कनेक्टिविटी को मजबूत किया है, जिससे आम लोगों और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं।

यह भी पढ़ें ; ICC हॉल ऑफ फेम में गांगुली-अंजुम की एंट्री, जय शाह ने दी बधाई

इस अवसर पर शहर विधायक अतुल भंसाली, राजेन्द्र पालीवाल, एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के अधिकारी, विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में यात्री मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button