खैरथल-तिजारा बनेगा देश का नया औद्योगिक हब, सीएम भजनलाल शर्मा ने दी 117 करोड़ की सौगात
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने खैरथल-तिजारा दौरे के दौरान क्षेत्र के औद्योगिक विकास, सड़क, पानी और बिजली सुविधाओं को लेकर कई घोषणाएं कीं। उन्होंने 117 करोड़ रुपये की लागत वाले 95 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली-एनसीआर से नजदीकी और बेहतर कनेक्टिविटी के चलते खैरथल-तिजारा भविष्य में देश के प्रमुख औद्योगिक केंद्रों में शामिल होगा।
- मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने 95 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण कर क्षेत्र को बड़ी सौगात दी।
- दिल्ली-एनसीआर के पास स्थित खैरथल-तिजारा को देश का अग्रणी औद्योगिक केंद्र बनाने की दिशा में काम तेज हुआ।
- युवाओं के लिए 1.90 लाख सरकारी नौकरियों और ‘लखपति दीदी’ योजना के तहत 19 लाख महिलाओं को सशक्त बनाने का लक्ष्य।
Khairthal-Tijara to become the country’s new industrial hub : मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि दिल्ली-एनसीआर से नजदीकी, भिवाड़ी के औद्योगिक क्षेत्र और मजबूत कनेक्टिविटी के कारण खैरथल-तिजारा तेजी से विकास की ओर बढ़ रहा है। आने वाले समय में यह क्षेत्र राजस्थान के साथ देश के प्रमुख औद्योगिक केंद्रों में अपनी जगह बना सकता है। सरकार का फोकस यहां आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ औद्योगिक और प्रशासनिक विकास पर है।

मुख्यमंत्री सोमवार को खैरथल में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने अलवर, खैरथल-तिजारा और कोटपूतली-बहरोड़ क्षेत्रों के लिए 117 करोड़ रुपये के 95 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें सड़क, शिक्षा, पार्क, पुस्तकालय, खेल मैदान, गौशाला और किसान सेवा केंद्र सहित कई काम शामिल हैं।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने खैरथल-तिजारा के लिए कई घोषणाएं भी कीं। इनमें रामजल सेतु लिंक परियोजना के तहत नीमराणा बांध का काम शुरू करना, 45 मीटर मास्टर प्लान सड़क का विकास, तिजारा से फिरोजपुर हरियाणा सीमा तक सड़क सुदृढ़ीकरण और पीएचईडी तथा जेवीवीएनएल के नए अधिशासी अभियंता कार्यालय स्थापित करने की घोषणा शामिल है।
पानी और बिजली पर सरकार का जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में जल उपलब्धता बढ़ाने के लिए सरकार ने कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में रामजल सेतु लिंक परियोजना, यमुना जल समझौता, नर्मदा से संबंधित समझौता और किशाऊ बहुउद्देशीय परियोजना सहित चार प्रमुख जल समझौते किए गए हैं।
यह भी पढ़ें ; युवा चेहरों पर BJP का दांव? मदन राठौड़ ने दिया बड़ा संकेत
उन्होंने बताया कि जल जीवन मिशन के तहत प्रदेश के 15 लाख से अधिक ग्रामीण परिवारों को नल से जल उपलब्ध कराया गया है। वहीं, 26 जिलों में किसानों को दिन के समय बिजली उपलब्ध कराने सहित विद्युत क्षेत्र में भी कई कार्य किए जा रहे हैं।
10 लाख नए सदस्य सहकारिता से जुड़े
मुख्यमंत्री ने सहकारिता क्षेत्र का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार ने सहकारी समितियों को ग्राम पंचायत स्तर तक सक्रिय करने पर काम किया है। उनके अनुसार सहकारिता क्षेत्र में भ्रष्टाचार पर रोक लगाने के साथ करीब 10 लाख नए सदस्यों को इससे जोड़ा गया है।
उन्होंने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में प्रदेश में दूध का दैनिक उत्पादन 34 लाख लीटर से बढ़कर 47 लाख लीटर हो गया है। किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के साथ राज्य सरकार की ओर से भी अतिरिक्त सम्मान निधि दी जा रही है।
युवाओं और महिलाओं पर भी फोकस
भजनलाल शर्मा ने कहा कि युवाओं के लिए रोजगार और कौशल विकास के अवसर बढ़ाने तथा महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सरकार की ओर से 1 लाख 90 हजार सरकारी नियुक्तियां दी जा चुकी हैं, जबकि करीब 1 लाख 22 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रिया चल रही है।
लखपति दीदी योजना का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि योजना से लाभान्वित महिलाओं की संख्या करीब 11 लाख से बढ़कर 19 लाख हो गई है। इसके अलावा 57 हजार से अधिक स्वयं सहायता समूहों को जोड़ा गया है और उन्हें 928 करोड़ रुपये का ऋण उपलब्ध कराया गया है।
उन्होंने कहा कि छात्राओं को स्कूटी योजना और विद्यार्थियों को ड्रेस की राशि सीधे बैंक खातों में भेजी जा रही है।
सड़क नेटवर्क को विस्तार देने की तैयारी
मुख्यमंत्री ने प्रदेश में सड़क संपर्क को मजबूत करने के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी भी दी। उन्होंने कहा कि 10 हजार किलोमीटर मिसिंग लिंक सड़कों का निर्माण कराया गया है। इसके अलावा 327 अटल प्रगति पथों के कार्य स्वीकृत किए गए हैं। इनके लिए 813 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है और इनमें से 282 कार्य पूरे हो चुके हैं।
उन्होंने दिल्ली-हरियाणा क्षेत्र से प्रस्तावित आरआरटीएस को बहरोड़ तक लाने और आगे कोटपूतली तक विस्तार देने की दिशा में चल रही कार्रवाई का भी उल्लेख किया।
72 कार्यों का शिलान्यास, 23 का लोकार्पण
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र में 72 विकास कार्यों का शिलान्यास किया गया। इनमें सड़क नेटवर्क के साथ पुस्तकालय, पार्क, गौशाला, किसान सेवा केंद्र और खेल मैदान जैसे कार्य शामिल हैं। वहीं सड़क, शिक्षा और अन्य जरूरी सुविधाओं से जुड़े 23 कार्यों का लोकार्पण किया गया।
केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि खैरथल क्षेत्र में जिला मुख्यालय, मेडिकल कॉलेज, स्टेडियम और बस स्टैंड जैसी आवश्यक सुविधाओं के विकास पर काम किया जा रहा है। उन्होंने भिवाड़ी के औद्योगिक विकास को पूरे खैरथल जिले से जोड़कर क्षेत्र के समग्र विकास की बात कही।
यह भी पढ़ें ; राजस्थान में हर 10 KM पर मिलेगी हेल्थ क्लिनिक, 600 नए सब-सेंटर और भर्ती का मास्टर प्लान
वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री संजय शर्मा ने कहा कि राज्य की सभी 200 विधानसभा क्षेत्रों में बजट का आवंटन किया गया है और बजट घोषणाओं से जुड़े कई कार्य पूरे किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में विधायक महंत बालकनाथ, सुखवंत सिंह, कुलदीप धनकड़, हंसराज पटेल, देवी सिंह शेखावत, अलवर महापौर सुमनलता अग्रवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।



