कोटा में बनेगा प्रदेश का सबसे बड़ा और आधुनिक जिला न्यायालय परिसर, 290 करोड़ होंगे खर्च

कोटा में न्यायिक सुविधाओं को नई पहचान देने की तैयारी शुरू हो गई है। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और राजस्थान हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश संजय कुमार अग्रवाल ने 290 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले एकीकृत जिला न्यायालय परिसर का शिलान्यास किया। यहां 54 कोर्ट, 240 अधिवक्ता चैम्बर और आधुनिक सुविधाएं विकसित होंगी। हालांकि, ओम बिरला ने स्पष्ट किया कि असली उपलब्धि भवन नहीं, बल्कि आमजन को सुलभ और निष्पक्ष न्याय दिलाना है।

  • कोटा में 290 करोड़ से बनेगा राज्य का सबसे बड़ा और आधुनिक जिला न्यायालय परिसर।
  • लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और मुख्य न्यायाधीश संजय अग्रवाल ने किया भव्य शिलान्यास।
  • एक ही छत के नीचे मिलेंगी 54 कोर्ट, अधिवक्ता चैंबर्स और सभी आधुनिक प्रशासनिक सुविधाएं।

The state’s largest and most modern district court complex will be built in Kota : राजस्थान के कोटा शहर में न्यायिक व्यवस्था को आधुनिक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। रविवार को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और राजस्थान हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश संजय कुमार अग्रवाल ने प्रस्तावित एकीकृत जिला न्यायालय परिसर एवं अधिवक्ता कक्षों का शिलान्यास किया। करीब 290 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह परिसर प्रदेश का सबसे बड़ा जिला न्यायालय परिसर होगा।

कोटा में बनेगा प्रदेश का सबसे बड़ा और आधुनिक जिला न्यायालय परिसर, 290 करोड़ होंगे खर्च
Image Source : Via DIPR

इस मौके पर ओम बिरला ने कहा कि न्यायालयों की इमारत का निर्माण अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है, लेकिन इससे भी ज्यादा जरूरी यह सुनिश्चित करना है कि आम नागरिक को आसानी से, समय पर और निष्पक्ष न्याय मिले। अदालत में आने वाले हर व्यक्ति को सम्मानजनक माहौल, बैठने की सुविधा और अपनी बात रखने का पूरा अवसर मिलना चाहिए। इसके लिए न्यायपालिका, अधिवक्ताओं और प्रशासन को मिलकर प्रयास करने होंगे।

एक ही जगह मिलेंगी 54 अदालतों की सुविधाएं

फिलहाल कोटा में अलग-अलग स्थानों पर संचालित न्यायालयों के कारण वकीलों, न्यायिक अधिकारियों और मुकदमों से जुड़े लोगों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। नए परिसर के निर्माण के बाद इन समस्याओं में कमी आने की उम्मीद है।

यह भी पढ़ें ; दिवाली पर छोटे घरों को सजाएंगे ये 7 कॉर्नर रंगोली डिजाइन्स, कोनों में भी बिखरेगी खूबसूरती

प्रस्तावित भवन में कुल 54 न्यायालय स्थापित किए जाएंगे। इसके साथ ही अधिवक्ताओं के लिए करीब 240 अलग चैम्बर बनाए जाएंगे। परिसर में कैंटीन, बैंक, लाइब्रेरी, बैठक कक्ष, टाइपिस्ट, फोटोकॉपी सेंटर और दुकानें भी होंगी। वादकारियों के बैठने के लिए भी बेहतर व्यवस्था विकसित की जाएगी। अधिवक्ता चैम्बर के निर्माण की निविदा प्रक्रिया जल्द शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।

कोर्ट के साथ मिनी सचिवालय की भी योजना

ओम बिरला ने बताया कि कोटा में न्यायालय परिसर के साथ मिनी सचिवालय विकसित करने की योजना पर भी काम चल रहा है। इसका उद्देश्य नागरिकों को न्यायिक और प्रशासनिक कार्यों के लिए अलग-अलग स्थानों पर भटकने से बचाना है।

उन्होंने कहा कि कोटा में शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग और कनेक्टिविटी के क्षेत्र में लगातार सुविधाएं बढ़ रही हैं। ऐसे में आधुनिक न्यायालय परिसर और मिनी सचिवालय शहर के विकास को नई दिशा देंगे। बिरला ने सीमित संसाधनों के बावजूद बेहतर काम करने वाले न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं और कर्मचारियों की सराहना भी की।

न्यायालय की पहचान इमारत से नहीं, न्याय से होती है : मुख्य न्यायाधीश

राजस्थान हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश संजय कुमार अग्रवाल ने कहा कि किसी भी न्यायालय की वास्तविक पहचान उसकी भव्य इमारत से नहीं, बल्कि वहां मिलने वाले निष्पक्ष और समयबद्ध न्याय से होती है। नया परिसर आम लोगों को बेहतर न्यायिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।

उन्होंने निर्माण के दौरान महिलाओं, दिव्यांगजनों, वरिष्ठ नागरिकों और समाज के कमजोर वर्गों की जरूरतों का विशेष ध्यान रखने पर जोर दिया। साथ ही कहा कि न्यायिक व्यवस्था में डिजिटल तकनीक की भूमिका लगातार बढ़ रही है, लेकिन तकनीक कभी भी न्याय का विकल्प नहीं बन सकती।

दूसरे जिलों में भी बनें अधिवक्ता चैम्बर

न्यायाधीश एवं कोटा न्याय क्षेत्र के संरक्षक सुदेश बंसल ने कहा कि नए न्यायालय भवनों के साथ अधिवक्ताओं के लिए पर्याप्त चैम्बर और बैठने की सुविधाएं भी जरूरी हैं। उन्होंने विधि मंत्री से आग्रह किया कि कोटा में प्रस्तावित यह व्यवस्था प्रदेश के अन्य जिलों में भी लागू की जाए। इससे वकीलों को बेहतर कार्यस्थल मिलेगा और न्यायालयों में कामकाज भी सुचारू रहेगा।

दो साल में 37 महत्वपूर्ण कानून पारित : विधि मंत्री

संसदीय कार्य एवं विधि मंत्री जोगाराम पटेल ने कहा कि नए न्यायालय परिसर में पार्किंग, लाइब्रेरी, स्वास्थ्य सुविधाओं और आधुनिक सुरक्षा व्यवस्था सहित कई जरूरी सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी।

यह भी पढ़ें ; क्लैट 2027 के अभ्यर्थियों के लिए खुशखबरी, अब 7 नवंबर तक करें रजिस्ट्रेशन, जानिए पूरा परीक्षा पैटर्न

उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों में राजस्थान विधानसभा ने 37 महत्वपूर्ण कानून पारित किए हैं। पुराने और अनुपयोगी कानूनों को हटाने की प्रक्रिया भी जारी है। मंत्री ने कहा कि प्रदेश में मुकदमों के निस्तारण की दिशा में सुधार हुआ है। उन्होंने अधिवक्ताओं से अपील की कि वे न्यायिक प्रक्रिया को बेहतर बनाने और मुकदमों का बोझ कम करने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।

विधि-विधान से हुआ शिलान्यास

कार्यक्रम की शुरुआत आर्मी क्षेत्र के नजदीक चंबल कॉलोनी में प्रस्तावित एकीकृत जिला न्यायालय भवन के विधि-विधान से शिलान्यास के साथ हुई। इसके बाद स्याम ऑडिटोरियम में शिलान्यास पट्टिका का उद्घाटन किया गया। समारोह में जिला एवं सत्र न्यायाधीश हेमराज गौड़ ने स्वागत उद्बोधन दिया।

Related Articles

Back to top button