राजस्थान के प्रमुख मंदिरों में होंगे लाइव दर्शन, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने अफसरों को दिए कड़े निर्देश

राजस्थान सरकार प्रदेश के प्रमुख मंदिरों में श्रद्धालुओं को लाइव दर्शन की सुविधा देने की तैयारी कर रही है। मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने देवस्थान विभाग की समीक्षा बैठक में मंदिर परिसरों के विकास, अतिक्रमण हटाने और वरिष्ठ नागरिकों की सुविधाओं को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। साथ ही पुजारियों के रिक्त पद भरने, ट्रस्ट पंजीकरण और दान राशि के पारदर्शी प्रबंधन पर भी जोर दिया गया।

  • मुख्य सचिव ने राजस्थान के प्रमुख मंदिरों में श्रद्धालुओं के लिए लाइव दर्शन सुविधा शुरू करने के निर्देश दिए।
  • मंदिरों की भूमि से अतिक्रमण हटाने के लिए त्रिस्तरीय संयुक्त कार्रवाई के दिए सख्त कड़े निर्देश।
  • मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने देवस्थान विभाग की समीक्षा बैठक में श्रद्धालुओं की सुविधाओं को बताया सर्वोच्च प्राथमिकता।

Live darshan will be available for major temples in Rajasthan : राजस्थान में धार्मिक स्थलों के विकास के साथ श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में सरकार ने कदम तेज किए हैं। प्रदेश के प्रमुख मंदिरों में लाइव दर्शन की सुविधा शुरू करने की योजना है। इसके लिए मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने देवस्थान विभाग को आवश्यक तैयारियां करने और मंदिरों की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए हैं।

यह भी पढ़ें ; भड़ला सोलर पार्क में नई क्रांति, अब रात में भी सूरज की गर्मी से बनेगी बिजली

शुक्रवार को शासन सचिवालय में आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्य सचिव ने कहा कि मंदिरों की जमीन का योजनाबद्ध तरीके से विकास किया जाए। मंदिर परिसरों और उनकी संपत्तियों पर हुए अतिक्रमण को हटाने के लिए राजस्व, गृह और देवस्थान विभाग संयुक्त रूप से कार्रवाई करें। उन्होंने जिला कलेक्टरों के माध्यम से नए मंदिरों की सूची तैयार कराने के निर्देश भी दिए।

बैठक में श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर विशेष चर्चा हुई। मुख्य सचिव ने खासतौर पर बुजुर्ग तीर्थयात्रियों की जरूरतों, उनकी देखभाल और यात्रा के दौरान मिलने वाली सुविधाओं को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। उनका कहना था कि धार्मिक स्थलों पर आने वाले लोगों को बेहतर अनुभव मिलना चाहिए।

श्रीनिवास ने मंदिरों से जुड़े ट्रस्टों का पंजीकरण प्राथमिकता से पूरा करने, पुजारियों के रिक्त पद भरने और पुजारी संवर्ग की समीक्षा करने को भी कहा। उन्होंने दान राशि के प्रबंधन में पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट किया कि विभागीय कार्यों में किसी भी तरह की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में देवस्थान विभाग की शासन सचिव शुचि त्यागी ने वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना की प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में अब तक 22,265 यात्रियों को तीर्थयात्रा कराई जा चुकी है। इनमें 20,591 यात्रियों ने 21 रेलगाड़ियों के जरिए विभिन्न तीर्थस्थलों की यात्रा की, जबकि 1,674 श्रद्धालुओं को हवाई मार्ग से पशुपतिनाथ के दर्शन कराए गए।

देवस्थान आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी ने बताया कि विभाग प्रदेश के 936 राजकीय मंदिरों का प्रबंधन संभाल रहा है। इसके अलावा विभाग में 14,447 ट्रस्ट पंजीकृत हैं। उन्होंने जानकारी दी कि ट्रस्टों के पंजीकरण और उनके रिकॉर्ड में संशोधन की प्रक्रिया को ऑनलाइन करने की योजना पर भी काम किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें ; एआई से बदलेगा इलाज का तरीका, जयपुर में जुटे देशभर के हेल्थ एक्सपर्ट्स

बैठक में विभाग के संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। सरकार की इन पहलों का उद्देश्य मंदिरों की संपत्तियों का बेहतर प्रबंधन करने के साथ धार्मिक स्थलों पर आने वाले श्रद्धालुओं को सुविधाजनक और व्यवस्थित माहौल उपलब्ध कराना है।

Related Articles

Back to top button