एसआईआर पर फैलाया जा रहा भ्रम, मदन राठौड़ का पलटवार- ‘कांग्रेस काल में भी 10 बार हुआ एसआईआर’
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद मदन राठौड़ ने एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) को लेकर कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि यह प्रक्रिया देश में पहली बार नहीं हो रही है। कांग्रेस के शासनकाल में भी 10 बार एसआईआर कराया जा चुका है, लेकिन उस समय किसी ने लोकतंत्र को खतरे में नहीं बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अब राजनीतिक फायदे के लिए भ्रम फैलाकर जनता को गुमराह करने और देश में अराजकता का माहौल बनाने की कोशिश कर रही है।
- एसआईआर पर मदन राठौड़ ने कांग्रेस के आरोपों को बताया राजनीतिक पाखंड।
- कांग्रेस शासन में 10 बार एसआईआर होने का किया दावा।
- आपातकाल का जिक्र कर कांग्रेस की लोकतांत्रिक सोच पर उठाए सवाल।
Confusion being spread regarding SIR : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि एसआईआर कोई नई चुनावी प्रक्रिया नहीं है। कांग्रेस की सरकारों के दौरान भी 10 बार इसका आयोजन हो चुका है। अब करीब 23 साल बाद यह प्रक्रिया दोबारा हो रही है तो कांग्रेस को लोकतंत्र खतरे में नजर आने लगा है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब यही प्रक्रिया कांग्रेस शासन में अपनाई गई थी, तब उसे लोकतंत्र के खिलाफ क्यों नहीं बताया गया?
राठौड़ ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के हालिया बयान पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी को लोकतंत्र से जोड़कर कांग्रेस नेता जनता के सामने गलत तस्वीर पेश कर रहे हैं। उनके मुताबिक, कांग्रेस के नेता अपने राजनीतिक नेतृत्व को खुश करने के लिए ऐसे बयान दे रहे हैं, जिनसे समाज में भ्रम और अस्थिरता पैदा हो सकती है।
यह भी पढ़ें ; किसानों के खाते में फिर आई सम्मान निधि, राजस्थान को मिले ₹1,335 करोड़
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आपातकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि इंदिरा गांधी के शासनकाल में देश ने लोकतंत्र का सबसे कठिन दौर देखा था। उस समय नागरिकों के अधिकार निलंबित कर दिए गए थे, अखबारों पर सेंसरशिप लगा दी गई थी और विपक्षी नेताओं को जेलों में डाल दिया गया था। उन्होंने कहा कि जिस दौर में प्रेस की आजादी और जनता के अधिकारों पर पाबंदियां लगाई गईं, उसे लोकतंत्र का आदर्श बताना उचित नहीं है।
राठौड़ ने कहा कि भाजपा ने इसी मुद्दे पर लोगों को जागरूक करने के लिए ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान शुरू किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस लोकतंत्र की बात तो करती है, लेकिन उसकी राजनीति में भीड़तंत्र और राजनीतिक स्वार्थ हावी हैं। उन्होंने कांग्रेस के 13 करोड़ मतदाताओं के नाम हटाए जाने संबंधी दावे को भी भ्रामक बताया।
यह भी पढ़ें ; रवि पुष्य योग 2026: 1 नवंबर को सोना-चांदी, वाहन और प्रॉपर्टी खरीदने का शुभ अवसर
मतदाता सूची के आंकड़ों का हवाला देते हुए राठौड़ ने कहा कि जिन 13 करोड़ नामों को लेकर कांग्रेस सवाल उठा रही है, उनमें करीब 2.80 करोड़ मतदाताओं का निधन हो चुका है। लगभग 6.3 करोड़ लोग अपना निवास स्थान बदल चुके हैं, जबकि करीब एक करोड़ मतदाताओं के नाम एक से अधिक जगह दर्ज हैं। इसके अलावा लगभग तीन करोड़ मतदाताओं के बारे में जानकारी नहीं मिल पाई है और उन्हें चिह्नित किया गया है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि इन मतदाताओं के नाम सीधे नहीं काटे गए हैं, बल्कि उनकी स्थिति की पहचान की गई है। राठौड़ ने कांग्रेस से सवाल किया कि क्या वह मृत और दूसरी जगह स्थानांतरित हो चुके लोगों के नाम पर भी मतदान करवाना चाहती है? उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को सही और पारदर्शी बनाना लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने के लिए जरूरी है।



