मदन राठौड़ का कांग्रेस पर हमला, बोले- भ्रामक तस्वीरों से जनता को गुमराह करना गलत

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कांग्रेस के वोट चोरी विरोधी आंदोलन पर सवाल उठाते हुए इसे राजनीतिक पाखंड बताया है। उन्होंने जोधपुर के भावी पंचायत चुनाव से जुड़े मतपत्र चोरी के आरोपों का जिक्र कर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से जवाब मांगा। साथ ही सोशल मीडिया पर पुरानी और भ्रामक तस्वीरें साझा कर राजनीतिक माहौल बनाने की कोशिशों पर भी निशाना साधा। -

  • भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ का कांग्रेस के प्रदर्शन पर तंज, कहा- सोशल मीडिया पर भ्रामक तस्वीरें फैला रही पार्टी।
  • जोधपुर के बिलाड़ा में एनएसयूआई नेता पर लगे मतपत्र चोरी के आरोपों पर पूर्व सीएम अशोक गहलोत से मांगा जवाब।
  • रामलीला मैदान में खाली कुर्सियों का दावा करते हुए कांग्रेस के ‘वोट चोरी’ के खिलाफ आंदोलन को बताया राजनीतिक ढोंग।

Madan Rathore’s attack on the Congress : राजस्थान में वोट चोरी के मुद्दे पर भाजपा और कांग्रेस के बीच सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कांग्रेस के आंदोलन पर निशाना साधते हुए कहा कि जो पार्टी खुद चुनावी गड़बड़ियों के आरोपों से घिरी है, वह अब लोकतंत्र बचाने की बात कर रही है। उन्होंने कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन को राजनीतिक पाखंड करार दिया।राठौड़ ने जोधपुर जिले की बिलाड़ा पंचायत समिति के भावी ग्राम पंचायत क्षेत्र में मतपत्र चोरी के कथित मामले का जिक्र किया।

उन्होंने आरोप लगाया कि एनएसयूआई नेता सुनील चौधरी मतदान केंद्र से मतपत्र बाहर ले गए और अपने प्रत्याशी के पक्ष में मुहर लगाई। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने दावा किया कि सुनील चौधरी पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के करीबी हैं। उन्होंने गहलोत से इस मामले में स्थिति स्पष्ट करने की मांग की। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या कांग्रेस इसी तरह की चुनावी व्यवस्था और लोकतांत्रिक मॉडल पूरे देश में लागू करना चाहती है?

अनुच्छेद 356 के इस्तेमाल को लेकर भी साधा निशाना

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस के राजनीतिक इतिहास पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने सत्ता में रहते हुए लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं का दुरुपयोग किया और जनादेश का सम्मान नहीं किया। राठौड़ के मुताबिक, कांग्रेस ने संविधान के अनुच्छेद 356 का 93 बार इस्तेमाल कर विभिन्न राज्यों की सरकारों को बर्खास्त किया।

यह भी पढ़ें ; जोधपुर में भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ’ रैली, सीएम भजनलाल शर्मा करेंगे विशाल जनसभा को संबोधित

उन्होंने कहा कि भावी पंचायत से जुड़ा मामला चुनावी निष्पक्षता और लोकतांत्रिक मर्यादाओं से संबंधित है। ऐसे में कांग्रेस को दूसरों पर सवाल उठाने से पहले अपने नेताओं पर लगे आरोपों का जवाब देना चाहिए।

कुंभ की तस्वीर को कांग्रेस प्रदर्शन से जोड़ने का आरोप

दिल्ली के रामलीला मैदान में कांग्रेस की रैली को लेकर भी राठौड़ ने निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि प्रदर्शन में अपेक्षित भीड़ नहीं पहुंची और कई कुर्सियां खाली नजर आईं। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने प्रयागराज कुंभ की भीड़ वाली तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा कर उसे कांग्रेस के प्रदर्शन से जोड़कर पेश किया।

राठौड़ ने इस मामले में भी कांग्रेस नेताओं से जवाब मांगा। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को लेकर सवाल उठाया कि दिल्ली में आयोजित प्रदर्शन के दौरान उन्हें किन कारणों से और किसके कहने पर किनारे रखा गया।

सोशल मीडिया पर जानकारी साझा करने से पहले जांच जरूरी

राठौड़ ने कहा कि राजनीतिक फायदा उठाने के लिए सोशल मीडिया पर गलत तस्वीरें और भ्रामक जानकारियां प्रसारित करना उचित नहीं है। इससे आम लोगों के बीच भ्रम की स्थिति पैदा होती है और लोकतांत्रिक व्यवस्था पर भी असर पड़ता है।

यह भी पढ़ें ; झुंझुनूं में दर्दनाक हादसा : हाईटेंशन लाइन से टकराई मिक्सर मशीन, करंट लगने से 8 मजदूरों की मौत

उन्होंने कहा कि किसी भी फोटो, वीडियो या सूचना को साझा करने से पहले उसकी सत्यता और प्रमाणिकता की जांच होनी चाहिए। यदि कांग्रेस वास्तव में लोकतंत्र और चुनावी पारदर्शिता को लेकर गंभीर है तो उसे पहले अपने नेताओं से जुड़े आरोपों पर जवाब देना चाहिए।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि निष्पक्ष चुनाव, पारदर्शिता और राजनीतिक जवाबदेही लोकतंत्र की बुनियादी जरूरतें हैं। इन मूल्यों को बनाए रखने के लिए सभी राजनीतिक दलों को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी।

Related Articles

Back to top button