जयपुर में 600 करोड़ की लागत से बनेगा अत्याधुनिक मेडिकल इंस्टीट्यूट, 600 बेड का अस्पताल और कॉलेज
माहेश्वरी समाज ने जयपुर के गणपतपुरा में 600 करोड़ रुपए से अधिक की लागत वाले माहेश्वरी इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज एंड रिसर्च सेंटर का शिलान्यास किया। प्रस्तावित 600 बेड के बहुविशेषता अस्पताल के साथ नर्सिंग और पैरामेडिकल कॉलेज भी होंगे। परियोजना से करीब 5 लाख लोगों को रियायती दरों पर इलाज देने और लगभग 1200 प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रोजगार अवसर सृजित करने का लक्ष्य है।
- 600 करोड़ का मेडिकल इंस्टीट्यूट गणपतपुरा में बनेगा।
- 600 बेड अस्पताल के साथ नर्सिंग-पैरामेडिकल कॉलेज होंगे।
- 5 लाख लोगों को रियायती इलाज, 1200 रोजगार का लक्ष्य।
A state-of-the-art medical institute will be built in Jaipur at a cost of 600 crore : शिक्षा के क्षेत्र में अपनी 100 साल पुरानी सेवा परंपरा के बाद माहेश्वरी समाज ने अब स्वास्थ्य सेवाओं में बड़ा कदम रखा है। जयपुर के मानसरोवर स्थित गणपतपुरा में 20,243 वर्गगज जमीन पर माहेश्वरी इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज एंड रिसर्च सेंटर विकसित किया जाएगा। 600 करोड़ रुपए से अधिक की लागत वाले इस प्रोजेक्ट का शनिवार को भूमि पूजन और शिलान्यास किया गया।
प्रस्तावित संस्थान को करीब दो साल में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके जरिए जयपुर शहर के साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लगभग 5 लाख लोगों को रियायती दरों पर आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है। यह राजस्थान में ट्रस्ट द्वारा संचालित होने वाला पहला माहेश्वरी अस्पताल होगा।
यह भी पढ़ें ; बीकानेर हाउस में सजी लाख की रंगीन विरासत
शिलान्यास समारोह में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने कहा कि माहेश्वरी समाज ने शिक्षा के बाद स्वास्थ्य क्षेत्र में सेवा का दायरा बढ़ाकर महत्वपूर्ण पहल की है। उन्होंने समाज के लोगों से जरूरत से अधिक धन संग्रह करने के बजाय सामाजिक कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। बिड़ला ने कहा कि यह परियोजना समाज के साथ-साथ बड़े जनसमुदाय के हित से जुड़ी है।
600 बेड का अस्पताल, 11 मंजिल की इमारत
परियोजना चेयरमैन बजरंग लाल बाहेती के अनुसार संस्थान में 600 बेड का अत्याधुनिक बहुविशेषता अस्पताल बनाया जाएगा। इसके साथ नर्सिंग और पैरामेडिकल कॉलेज भी संचालित होंगे। प्रस्तावित भवन में तीन मंजिला बेसमेंट के ऊपर 11 मंजिल का अस्पताल तैयार किया जाएगा।
परिसर में करीब 2,000 वर्गगज क्षेत्र में भगवान महेश का भव्य मंदिर बनाने की भी योजना है। इस तरह पूरा प्रकल्प चिकित्सा, शिक्षा और सामाजिक सेवा को एक साथ जोड़ने की दिशा में विकसित किया जाएगा।
5 लाख लोगों को सस्ती दर पर इलाज
माहेश्वरी समाज की योजना अस्पताल के माध्यम से करीब 5 लाख लोगों को रियायती दरों पर विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की है। परियोजना से लगभग 200 लोगों को प्रत्यक्ष और करीब 1,000 लोगों को अप्रत्यक्ष रोजगार मिलने की संभावना जताई गई है।
माहेश्वरी शिक्षा समिति के अध्यक्ष उमेश सोनी ने बताया कि समिति ने शिक्षा के क्षेत्र में अपनी 100 वर्ष की यात्रा पूरी की है। जयपुर में समिति के 10 आधुनिक विद्यालय संचालित हैं, जिनमें लगभग 23 हजार विद्यार्थियों को न्यूनतम शुल्क पर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दी जा रही है। अब इसी सेवा भावना को स्वास्थ्य क्षेत्र तक पहुंचाने के लिए मेडिकल इंस्टीट्यूट की शुरुआत की गई है।
उन्होंने समाजबंधुओं और वैश्य समाज के प्रतिनिधियों से सीएसआर के माध्यम से परियोजना के लिए आर्थिक सहयोग देने की अपील की। वहीं श्री सीमेंट के चेयरमैन हरि मोहन बांगड़ ने इस पहल को ऐतिहासिक बताते हुए इसकी सराहना की।
यह भी पढ़ें ; UCC पर राजस्थान सरकार के कदम का अरुण चतुर्वेदी ने स्वागत किया
अखिल भारतवर्षीय माहेश्वरी महासभा के सभापति संदीप काबरा ने भरोसा दिलाया कि प्रकल्प को समय पर पूरा कराने के लिए देशभर से समाज का सहयोग जुटाया जाएगा। इससे परियोजना को व्यापक सामाजिक समर्थन मिलने की उम्मीद है।
शनिवार सुबह गणपतपुरा में भूमि पूजन किया गया। इसके बाद सुबह 11:15 बजे बिरला ऑडिटोरियम में शिलान्यास समारोह हुआ। कार्यक्रम में एसएमएस मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल दीपक माहेश्वरी, भवन चेयरमैन कैलाश चन्द्र परवाल, शिक्षा उपाध्यक्ष निर्मल दरगड़, शिक्षा महासचिव कमल सोमानी, कोषाध्यक्ष अरुण कुमार मालू, समाज महामंत्री सीए रोहित परवाल, परियोजना सचिव श्याम सुंदर भंडारी और मनोज भूतड़ा सहित समाज के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन संयोजक अंकुर बल्लभ चितलांग्या एवं प्रिंसा बांगड़ ने किया।



