माकड़वाली में विकास की नई रफ्तार, 50 लाख की सड़कों के साथ अजमेर को मिला आईटी पार्क का बड़ा तोहफा
अजमेर के माकड़वाली और लोहागल में करीब 50 लाख रुपए की सड़क परियोजनाओं की शुरुआत हुई। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा कि गांवों को शहरों जैसी सुविधाओं से जोड़ा जा रहा है। माकड़वाली में आईटी पार्क, औद्योगिक क्षेत्र और बेहतर कनेक्टिविटी की योजनाएं आकार ले रही हैं, जबकि लोहागल में भी विकास कार्यों को गति दी जा रही है।
- माकड़वाली में 50 लाख रुपए के सड़क कार्य शुरू
- आईटी पार्क और औद्योगिक क्षेत्र से बदलेगी क्षेत्र की तस्वीर
- कनेक्टिविटी मजबूत करने के लिए 24 करोड़ की नई सड़क योजना
New pace of development in Makadwali : अजमेर के माकड़वाली और लोहागल क्षेत्र में सड़क सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में काम शुरू हो गया है। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने सोमवार को दोनों गांवों में करीब 50 लाख रुपए की लागत से बनने वाली तीन सड़कों के निर्माण कार्यों का शुभारम्भ किया। उन्होंने कहा कि सरकार का फोकस गांव, ढाणी और मोहल्ले तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने पर है।

माकड़वाली में महादेव जी के मकान से रेलवे पुलिया तक 16 लाख रुपए और गोपाल गुर्जर की दुकान से कुम्हार मोहल्ला तक 16 लाख रुपए की लागत से सड़क बनाई जाएगी। वहीं, लोहागल के कुम्हार मोहल्ले में लाछी बाई के मकान से गिरधारी लाल के मकान तक 18 लाख रुपए का सड़क कार्य होगा। इन सभी परियोजनाओं का निर्माण सार्वजनिक निर्माण विभाग की ओर से कराया जाएगा।
यह भी पढ़ें ; अस्पतालों के आसपास खाद्य दुकानों पर ताबड़तोड़ जांच
देवनानी ने कहा कि आने वाले समय में माकड़वाली अजमेर जिले के प्रमुख आईटी और औद्योगिक केंद्रों में शामिल हो सकता है। यहां करीब 80 बीघा भूमि पर आधुनिक आईटी पार्क विकसित किया जा रहा है। इसके पास 114 बीघा जमीन पर बड़े औद्योगिक क्षेत्र की योजना भी तैयार की जा रही है। ऐसे में सड़क और परिवहन सुविधाओं को बेहतर करना क्षेत्र के विकास के लिए अहम माना जा रहा है।
कनेक्टिविटी को लेकर उन्होंने बताया कि नौसर से माकड़वाली होते हुए पुष्कर हाईवे तक नया मार्ग विकसित किया जाएगा। करीब 24 करोड़ रुपए की लागत वाली इस सड़क से आसपास के क्षेत्रों की आवाजाही आसान होने की उम्मीद है। उन्होंने यह भी बताया कि पिछले महीने माकड़वाली में नई पुलिस चौकी शुरू की गई है, जिससे क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूती मिली है।
विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए आधुनिक कन्वेंशन सेंटर भी बनाया जा रहा है। इसे जयपुर के राजस्थान कन्वेंशन सेंटर की तर्ज पर विकसित किया जा रहा है। इसमें 1,400 से अधिक लोगों की क्षमता वाला सभागार, कैफेटेरिया, रेस्टोरेंट और आधुनिक कॉन्फ्रेंस स्पेस जैसी सुविधाएं प्रस्तावित हैं।
लोहागल क्षेत्र में अब तक करीब 22 करोड़ रुपए के विभिन्न विकास कार्य कराए जाने की जानकारी भी दी गई। इसके अलावा नगर निगम के नए कार्यालय से लोहागल होते हुए नागौर हाईवे और स्टीफन चौराहे से माकड़वाली होते हुए नागौर हाईवे तक नई सड़कों के विकास की योजना है।
देवनानी ने कहा कि बेहतर सड़क, स्वच्छता और मजबूत कनेक्टिविटी जैसी सुविधाएं ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों की रोजमर्रा की जरूरतों को आसान बनाती हैं। इसी उद्देश्य से शहरों के साथ गांवों के विकास को भी प्राथमिकता दी जा रही है।
यह भी पढ़ें ; जेन-जी के लिए आएगा स्पेशल यूथ बजट, सरकार ने शुरू की तैयारी
कार्यक्रम में दरियाव सिंह, अरूणा टांक, लोकेन्द्र सिंह, भगवान सिंह रावत सहित कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।



