उम्मेद भवन पैलेस में मारवाड़ ट्रेवल मार्ट का आगाज, पर्यटन को मिलेगा नया रूप
जोधपुर के उम्मेद भवन पैलेस में पहले मारवाड़ ट्रेवल मार्ट का शुभारंभ हुआ। आयोजन का लक्ष्य मारवाड़-थार की विरासत, संस्कृति, रेगिस्तान, ग्रामीण जीवन और आतिथ्य को राष्ट्रीय पर्यटन बाजार से जोड़ना है। केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने पर्यटन में नए अनुभव और नवाचार पर जोर दिया। विशेषज्ञों ने मार्ट को नेटवर्किंग, निवेश और रोजगार के लिए अहम मंच बताया।
- मारवाड़ ट्रेवल मार्ट का जोधपुर के उम्मेद भवन पैलेस में भव्य शुभारंभ।
- गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा- अब पर्यटन में नए अनुभवों और लंबे ठहराव पर देना होगा जोर।
- राजस्थान पर्यटन को डेस्टिनेशन वेडिंग, रेगिस्तानी सफारी और ग्रामीण सफर से मिलेगी नई रफ्तार।
Marwar Travel Mart kicks off at Umaid Bhawan Palace : मारवाड़-थार क्षेत्र की पर्यटन संभावनाओं को देशभर के बाजार तक पहुंचाने की दिशा में रविवार को एक नई पहल हुई। जोधपुर के उम्मेद भवन पैलेस में पहले मारवाड़ ट्रेवल मार्ट (MTM) का शुभारंभ किया गया। राजस्थान पर्यटन विभाग, फेडरेशन ऑफ हॉस्पिटैलिटी एंड टूरिज्म ऑफ राजस्थान (एफएचटीआर) और पर्यटन उद्योग से जुड़े संगठनों के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में देश के विभिन्न हिस्सों से पर्यटन एवं आतिथ्य क्षेत्र के प्रतिनिधि शामिल हुए।

मार्ट का फोकस मारवाड़-थार को हेरिटेज पर्यटन, डेस्टिनेशन वेडिंग, सांस्कृतिक और अनुभवात्मक पर्यटन, डेजर्ट एडवेंचर, लग्जरी हॉस्पिटैलिटी तथा ग्रामीण पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में आगे बढ़ाने पर है। आयोजन में टूर ऑपरेटर्स, होटल व्यवसायी, वेडिंग प्लानर्स, इवेंट क्यूरेटर्स, ट्रैवल राइटर्स, ब्लॉगर और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स समेत पर्यटन क्षेत्र से जुड़े कई हितधारकों ने भाग लिया।

केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि मारवाड़ ट्रेवल मार्ट जैसे आयोजनों को नियमित और वार्षिक स्वरूप दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज का पर्यटक केवल किसी स्थान को देखने तक सीमित नहीं रहना चाहता, बल्कि नए और अलग अनुभव चाहता है। ऐसे में पर्यटन उद्योग को बदलती पसंद के अनुरूप लगातार नए प्रयोग करने होंगे।
यह भी पढ़ें ; प्रजनन फैसलों पर महिलाओं का हक, विशेषज्ञों ने बताया जरूरी
शेखावत ने कहा कि डिजिटल दौर में पर्यटक किसी भी गंतव्य की यात्रा से पहले उसके बारे में काफी जानकारी जुटा लेते हैं। इसलिए पर्यटन स्थलों और उत्पादों को जिस तरह प्रचारित किया जाए, वास्तविक अनुभव भी उसी के अनुरूप होना चाहिए। उन्होंने सप्ताहांत पर्यटन के साथ पर्यटकों के ठहराव की अवधि बढ़ाने पर भी ध्यान देने की जरूरत बताई।
उन्होंने राजस्थान की पर्यटन विविधता को प्रदेश की बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि यहां विरासत, लोक संस्कृति, रेगिस्तान, वन्यजीव, ग्रामीण जीवन, आध्यात्मिक स्थल और आतिथ्य की अलग-अलग खूबियां मौजूद हैं। उनके अनुसार केंद्र सरकार राज्यों के साथ मिलकर पर्यटन क्षेत्र को बढ़ाने के लिए काम कर रही है और इसके परिणाम भी सामने आ रहे हैं।
जोधपुर के पूर्व राजपरिवार के सदस्य एवं एफएचटीआर के मुख्य संरक्षक गज सिंह द्वितीय ने मार्ट के आयोजन पर राजस्थान पर्यटन विभाग और एफएचटीआर को बधाई दी। उन्होंने कहा कि मारवाड़ में आतिथ्य की परंपरा सदियों पुरानी है। क्षेत्र के हेरिटेज होटल्स ने इतिहास, हस्तशिल्प, लोक कला और संस्कृति को संरक्षित रखने में भी योगदान दिया है।
गज सिंह द्वितीय ने कहा कि मारवाड़ ट्रेवल मार्ट पर्यटन उद्योग से जुड़े विभिन्न पक्षों को एक मंच पर लाकर नए अवसर तलाशने में मदद कर सकता है। इससे केवल मारवाड़ ही नहीं, बल्कि राजस्थान के व्यापक पर्यटन क्षेत्र को भी नई कारोबारी संभावनाएं मिल सकती हैं।
यह भी पढ़ें ; निकाय के बाद पंचायत पर BJP की नजर, राठौड़ बोले- जनता फिर देगी आशीर्वाद
पर्यटन आयुक्त रुक्मणि रियाड़ ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व और उपमुख्यमंत्री एवं पर्यटन मंत्री दिया कुमारी के दिशा-निर्देशन में राजस्थान पर्यटन को नई संभावनाओं से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पर्यटन को आर्थिक विकास, रोजगार और स्थानीय स्तर पर आजीविका के अवसरों से जोड़ना विभाग की प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने कहा कि मारवाड़ ट्रेवल मार्ट जैसे आयोजन पर्यटन क्षेत्र से जुड़े लोगों को संवाद, नेटवर्किंग और कारोबारी साझेदारी के लिए सीधा मंच उपलब्ध कराते हैं। इससे मारवाड़-थार की विशिष्ट पर्यटन खूबियों को राष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने में मदद मिल सकती है।
एफएचटीआर अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह शाहपुरा ने कहा कि राजस्थान की आतिथ्य परंपरा को आगे ले जाने के लिए सरकार और पर्यटन उद्योग से जुड़े सभी पक्षों को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने पर्यटन क्षेत्र के सामने मौजूद चुनौतियों और उनके संभावित समाधान पर भी विचार साझा किए।
जोधपुर होटल्स एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष जे.बी. बूब ने कहा कि एमटीएम जैसे आयोजन स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ घरेलू और विदेशी पर्यटकों की यात्राओं को बढ़ाने में मदद कर सकते हैं। इससे रोजगार के नए अवसर पैदा होने के साथ ग्रामीण पर्यटन को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें ; सरनेम चुराने से परिपक्वता नहीं आती… राहुल गांधी पर बरसे गजेंद्र सिंह शेखावत
एफएचटीआर के सेक्रेटरी जनरल तरुण बंसल ने आयोजन में सहयोग के लिए राजस्थान सरकार और पर्यटन विभाग का आभार जताया। उन्होंने कहा कि आरडीटीएम के बाद मारवाड़ ट्रेवल मार्ट जैसे आयोजन प्रदेश के पर्यटन उद्योग के अलग-अलग वर्गों को जोड़ने का काम कर रहे हैं। कार्यक्रम में राजेंद्र सिंह पचार ने धन्यवाद ज्ञापित किया।



