मेयर चुनाव पर ब्रेक : जयपुर, जोधपुर और कोटा में चुनाव स्थगित, जानिए क्या है बड़ी वजह!

जयपुर, जोधपुर और कोटा नगर निगम समेत सुकेत नगरपालिका में मेयर, डिप्टी मेयर तथा अध्यक्ष-उपाध्यक्ष के चुनाव फिलहाल टल गए हैं। EVM में तकनीकी खराबी के चलते 10 बूथों के परिणाम घोषित नहीं हो सके। आयोग ने 16 सितंबर को पुनर्मतदान और 17 सितंबर को मतगणना कराने का फैसला किया है। इसके बाद आयोग नई तारीखों का आधिकारिक ऐलान करेगा।

  • मेयर चुनाव समेत डिप्टी मेयर के चुनाव स्थगित
  • जयपुर, जोधपुर और कोटा में चुनाव कार्यक्रम बदला
  • 10 बूथों पर रिपोलिंग, 17 सितंबर को होगी मतगणना

Mayor Elections Postponed in Rajasthan : राजस्थान के चार नगरीय निकायों में मेयर और अध्यक्ष-उपाध्यक्ष के चुनाव फिलहाल आगे बढ़ा दिए गए हैं। राज्य निर्वाचन आयोग ने जयपुर, जोधपुर और कोटा नगर निगम के मेयर-डिप्टी मेयर तथा सुकेत नगरपालिका के अध्यक्ष-उपाध्यक्ष पद के चुनाव आगामी आदेश तक स्थगित कर दिए हैं। इन पदों के लिए 21 सितंबर को प्रस्तावित मतदान अब निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार नहीं होगा।

यह भी पढ़ें ; LPTI को IATO अवॉर्ड, पर्यटन में योगदान का सम्मान

दरअसल, सोमवार को मतगणना के दौरान कुछ बूथों की EVM में तकनीकी खराबी सामने आई। इसके कारण चारों निकायों के 10 बूथों के परिणाम जारी नहीं हो सके। जब तक सभी वार्डों के परिणाम पूरी तरह घोषित नहीं हो जाते, तब तक निकाय प्रमुखों के चुनाव कराना संभव नहीं है। इसी वजह से आयोग ने चुनाव कार्यक्रम रोकने का फैसला किया।

अब इन 10 बूथों पर दोबारा मतदान कराया जाएगा। राज्य निर्वाचन आयोग के आदेश के अनुसार 16 सितंबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक रिपोलिंग होगी। इसके बाद 17 सितंबर को सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू की जाएगी।

रिपोलिंग और मतगणना पूरी होने के बाद ही चारों नगरीय निकायों के सभी चुनाव परिणाम स्पष्ट होंगे। इसके बाद राज्य निर्वाचन आयोग मेयर, डिप्टी मेयर और अध्यक्ष-उपाध्यक्ष पदों के चुनाव के लिए नए कार्यक्रम की घोषणा करेगा।

यह भी पढ़ें ; गोवंश पर लंपी का खतरा : सरकार का एक्शन प्लान तैयार, प्रमुख शासन सचिव ने दिए सख्त निर्देश

इस फैसले के चलते जयपुर, जोधपुर और कोटा नगर निगम में मेयर पद को लेकर चल रही राजनीतिक गतिविधियों पर भी फिलहाल विराम लग गया है। वहीं सुकेत नगरपालिका में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव के लिए भी नई तारीख का इंतजार करना होगा।

Related Articles

Back to top button