राजस्थान में फिर बरसे मेघ, 3 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी
राजस्थान में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। कई जिलों में अच्छी बारिश से लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली है। मौसम विभाग ने बुधवार को तीन जिलों के लिए भारी बारिश और तेज आंधी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि अधिकांश जिलों में यलो अलर्ट लागू रहेगा। 11 जुलाई से मौसम में बदलाव की संभावना जताई गई है।
- राजस्थान के कई जिलों में झमाझम बारिश से मौसम हुआ सुहावना।
- ऑरेंज अलर्ट के तहत तीन जिलों में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी।
- मानसून अगले दो-तीन दिन तक सक्रिय रहने की संभावना, 11 जुलाई से राहत के संकेत।
Monsoon Active in Rajasthan, Orange Alert Issued: राजस्थान में मानसून का असर लगातार देखने को मिल रहा है। मंगलवार को डूंगरपुर, अजमेर, बांसवाड़ा, बूंदी, अलवर, प्रतापगढ़, दौसा, भरतपुर और कई अन्य जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। कई इलाकों में तीन इंच तक वर्षा होने से तापमान में गिरावट आई और लोगों को उमस व गर्मी से राहत मिली।
मौसम विभाग ने बुधवार के लिए तीन जिलों में भारी बारिश और तेज आंधी को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा दो जिलों को छोड़कर लगभग पूरे प्रदेश में यलो अलर्ट लागू किया गया है। विभाग का अनुमान है कि अगले दो से तीन दिनों तक मानसून सक्रिय रहेगा और कई स्थानों पर हल्की से मध्यम, जबकि कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। 11 जुलाई के बाद मौसम साफ होने की संभावना है।
पिछले 24 घंटों में सबसे अधिक 70 मिमी बारिश डूंगरपुर जिले के वेंजा क्षेत्र में रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा ओबरी, धम्बोला और देवल में भी अच्छी वर्षा हुई। अलवर के नीमराणा, प्रतापगढ़ के अरनोद, छोटी सादड़ी और सुहागपुरा सहित कई क्षेत्रों में भी उल्लेखनीय बारिश दर्ज की गई। वहीं सवाई माधोपुर, अजमेर और बांसवाड़ा समेत कई जिलों में दो इंच तक बारिश हुई।
नागौर में भी करीब पांच दिन की देरी के बाद मानसून ने मंगलवार रात दस्तक दी। देर रात तक रुक-रुककर बारिश होती रही, जिससे लंबे इंतजार के बाद लोगों को राहत मिली। हालांकि पश्चिमी राजस्थान के कई जिलों में बारिश के बावजूद गर्मी का असर पूरी तरह कम नहीं हुआ।
यह भी पढ़ें:मिडिल ईस्ट तनाव का असर, सोना-चांदी के दाम में आई नरमी
तापमान की बात करें तो श्रीगंगानगर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बीकानेर, चूरू, जैसलमेर, फलोदी, हनुमानगढ़ और पिलानी में भी तापमान 39 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहा। दूसरी ओर अजमेर, सिरोही और डूंगरपुर जैसे जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार, पूर्वी भारत में बना डिप्रेशन अब कमजोर होकर दक्षिण-पूर्वी मध्य प्रदेश के ऊपर कम दबाव के क्षेत्र में बदल गया है। इसी सिस्टम के प्रभाव से राजस्थान में अगले कुछ दिनों तक मानसूनी गतिविधियां जारी रहने की संभावना है।



