‘माय भारत’ पोर्टल पर राजस्थान का दबदबा : युवाओं को दिल्ली के बड़े मंच पर विचार साझा करने का सुनहरा मौका
राजस्थान में युवाओं को माय भारत पोर्टल से जोड़ने और उनकी भागीदारी बढ़ाने पर सरकार ने जोर दिया है। मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने समीक्षा बैठक में यूथ आइकॉन की आउटरीच बढ़ाने, सोशल मीडिया के प्रभावी इस्तेमाल और VBYLD क्विज में अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। राजस्थान के 60 हजार युवा क्विज दे चुके हैं और देश में प्रदेश तीसरे स्थान पर है।
- ‘माय भारत’ पोर्टल पर राजस्थान के 22.5 लाख से अधिक युवाओं का पंजीकरण, देश के कुल आंकड़ों में निभाई 8.25% हिस्सेदारी।
- VBYLD क्विज में राजस्थान के 60 हजार से अधिक युवाओं ने हिस्सा लेकर प्रदेश को देश में दिलाया तीसरा स्थान।
- मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आउटरीच बढ़ाकर ज्यादा से ज्यादा युवाओं को दिल्ली के राष्ट्रीय मंच से जोड़ा जाए।
Rajasthan Dominates ‘My Bharat’ Portal : युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने के लिए चलाए जा रहे माय भारत अभियान की बुधवार को शासन सचिवालय में समीक्षा की गई। मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास की अध्यक्षता में हुई बैठक में प्रदेश में युवाओं के पंजीकरण, यूथ आइकॉन की पहुंच और विभिन्न गतिविधियों में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने को लेकर चर्चा हुई।

बैठक में विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग (VBYLD) 2027 की तैयारियों और अब तक हुई प्रगति की भी जानकारी ली गई। माय भारत के राज्य निदेशक देवेंद्र व्यास ने बताया कि कार्यक्रम के पहले चरण में पोर्टल पर क्विज आयोजित की जा रही है। राजस्थान से अब तक करीब 60 हजार युवा इसमें हिस्सा ले चुके हैं। इस उपलब्धि के साथ राजस्थान देश में तीसरे स्थान पर है।
यह भी पढ़ें ; जोधपुर में शेखावत का चुनावी जोर, भाजपा प्रत्याशियों के लिए मांगे वोट
क्विज में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को आगे निबंध चरण में शामिल होने का अवसर मिलेगा। VBYLD के तहत कुल छह ट्रैक आयोजित किए जाएंगे। इनमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले युवाओं को अंतिम चरण में पहुंचने का मौका मिलेगा। चयनित प्रतिभागी 10 से 12 जनवरी को दिल्ली में होने वाले राष्ट्रीय कार्यक्रम में राजस्थान का प्रतिनिधित्व करेंगे।
जिलों में भागीदारी बढ़ाने के निर्देश
मुख्य सचिव ने VBYLD की प्रगति को और तेज करने पर जोर दिया। उन्होंने उन जिलों में विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए, जहां क्विज में निर्धारित लक्ष्य की 15 प्रतिशत से भी कम उपलब्धि हुई है। जिला कलेक्टरों को युवाओं की भागीदारी बढ़ाने और अभियान को ज्यादा प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा गया।
बैठक के दौरान VBYLD का पोस्टर राज्य स्तर पर लॉन्च किया गया। सभी संबंधित विभागों को भी क्विज में अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों से कहा गया कि वे अपने स्तर पर अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करें।
यूथ आइकॉन की पहुंच बढ़ाने पर फोकस
मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने यूथ आइकॉन की आउटरीच को और व्यापक बनाने की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि युवाओं तक पहुंच बढ़ेगी तो माय भारत अभियान में उनकी भागीदारी भी मजबूत होगी। इसके लिए यूथ आइकॉन से लगातार संपर्क बनाए रखने और व्हाट्सऐप ग्रुप समेत अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का प्रभावी इस्तेमाल करने के निर्देश दिए गए।
युवा मामले एवं खेल विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव प्रवीण गुप्ता ने बताया कि MY Bharat के माध्यम से प्रदेश के युवाओं को सशक्त बनाने और उन्हें राष्ट्र निर्माण की गतिविधियों से जोड़ने के लिए कई कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें ; चंबल में खनन माफियाओं की अब खैर नहीं! ड्रोन और AI कैमरों से होगी 24×7 निगरानी
उन्होंने बताया कि राजस्थान में अब तक 22,59,929 युवाओं का माय भारत पोर्टल पर पंजीकरण हो चुका है। यह संख्या देशभर में हुए कुल पंजीकरण का करीब 8.25 प्रतिशत है।
बैठक में कौशल एवं उद्यमिता विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव संदीप वर्मा, कृषि एवं उद्यानिकी विभाग की प्रमुख शासन सचिव मंजू राजपाल सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।



