नीट-पीजी री-एग्जाम : जयपुर के 5 केंद्रों पर कल होगी परीक्षा, 2,499 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा
जयपुर में नीट-पीजी 2026 री-एग्जामिनेशन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। शनिवार को पांच परीक्षा केंद्रों पर कंप्यूटर आधारित परीक्षा होगी, जिसमें 2,499 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा के दौरान बिजली, सुरक्षा, साइबर निगरानी, पेयजल, चिकित्सा, साफ-सफाई और तकनीकी सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए हैं।
- नीट-पीजी री-एग्जाम में 2,499 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
- जयपुर के 5 परीक्षा केंद्रों पर कंप्यूटर आधारित परीक्षा होगी।
- नीट-पीजी 2026 के लिए सुरक्षा और तकनीकी इंतजाम पुख्ता किए गए।
NEET-PG Re-Exam in Jaipur : नीट-पीजी 2026 री-एग्जामिनेशन को लेकर जयपुर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं। परीक्षा शनिवार, 5 सितंबर को दोपहर 3 बजे से शाम 6:30 बजे तक पांच निर्धारित केंद्रों पर कंप्यूटर आधारित माध्यम से आयोजित होगी। इस दौरान कुल 2,499 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।
यह भी पढ़ें ; जोधपुर दौरे पर मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, मेडिकल कॉलेज और हाईकोर्ट का लेंगे जायजा
री-एग्जाम की जरूरत 30 अगस्त को हुई नीट-पीजी परीक्षा के दौरान सामने आई तकनीकी समस्या के बाद पड़ी। परीक्षा समन्वयक नरेंद्र कुमार वर्मा के अनुसार जयपुर के आईओएन डिजिटल जोन, आईडीजेड सीतापुरा स्थित दो केंद्रों पर आंतरिक विद्युत आपूर्ति में दिक्कत के चलते कुछ अभ्यर्थी परीक्षा पूरी नहीं कर सके थे। इन्हीं अभ्यर्थियों के लिए अब दोबारा परीक्षा कराई जा रही है।
जिला प्रशासन ने परीक्षा को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से कराने के लिए संबंधित विभागों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी हैं। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था के साथ साइबर सुरक्षा पर भी विशेष नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। नकल रोकने के लिए फ्लाइंग स्क्वॉड की तैनाती भी की जाएगी।
जयपुर में री-एग्जाम के लिए पांच केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इनमें शंकरा इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, अलंकार महिला पीजी महाविद्यालय, जयपुर इंजीनियरिंग कॉलेज, ऑरोबिंदो इंटरनेशनल स्कूल जयपुर और श्री बालाजी कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी शामिल हैं।
इन केंद्रों पर क्रमशः 280, 350, 640, 340 और 889 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। सबसे ज्यादा 889 अभ्यर्थियों का केंद्र श्री बालाजी कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी रहेगा।
पिछली परीक्षा में बिजली से जुड़ी समस्या सामने आने के बाद इस बार निर्बाध विद्युत आपूर्ति को लेकर भी विशेष सतर्कता बरती जा रही है। जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड को परीक्षा केंद्रों पर लगातार बिजली उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
यह भी पढ़ें ; ‘डोटासरा को हो गया है बीजेपी-संघ का फोबिया’, मदन राठौड़ का कांग्रेस पर तीखा सियासी हमला
कंप्यूटर आधारित परीक्षा के लिए जरूरी तकनीकी और बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग को दी गई है। वहीं, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों के लिए पर्याप्त पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करेगा।
स्वास्थ्य संबंधी किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जयपुर को आवश्यक चिकित्सा व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। नगर निगम जयपुर को परीक्षा केंद्रों पर साफ-सफाई के साथ अग्निशमन वाहनों की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।
पुलिस विभाग को कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा और साइबर सुरक्षा व्यवस्था पर निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने सभी विभागों से कहा है कि निर्धारित व्यवस्थाएं समय पर पूरी कर ली जाएं, ताकि परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों को किसी तरह की परेशानी न हो।
यह भी पढ़ें ; ‘रिंग में उतरते ही दर्द भूल जाती हूं’… कॉमनवेल्थ गोल्ड मेडलिस्ट अरुंधति चौधरी ने बांटी सफलता की मूलमंत्र
प्रशासन का पूरा फोकस इस बार परीक्षा को बिना किसी व्यवधान के कराने पर है। खास तौर पर बिजली और तकनीकी व्यवस्थाओं को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है, ताकि री-एग्जाम में अभ्यर्थियों को परीक्षा पूरी करने में किसी तरह की दिक्कत का सामना न करना पड़े।



