खाटू श्याम भक्तों को बड़ी सौगात, मंदिर के पास बनेगा नया रेलवे स्टेशन
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने खाटू श्याम जी मंदिर ट्रस्ट के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात कर श्रद्धालुओं की यात्रा सुविधाओं पर चर्चा की। बैठक में मंदिर के निकट नए रेलवे स्टेशन के निर्माण की योजना साझा की गई। यह स्टेशन बेहतर रेल संपर्क, आधुनिक यात्री सुविधाओं और क्षेत्रीय विकास को नई गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
- खाटू श्याम रेलवे स्टेशन से श्रद्धालुओं को बेहतर यात्रा सुविधा मिलेगी।
- खाटू श्याम मंदिर के लिए रेल संपर्क मजबूत करने पर हुई चर्चा।
- नया रेलवे स्टेशन क्षेत्रीय विकास और पर्यटन को देगा बढ़ावा।
A new railway station will be built near the temple : खाटू श्याम जी मंदिर आने वाले लाखों श्रद्धालुओं के लिए रेलवे सुविधाओं को और बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने राजस्थान के सीकर स्थित श्री खाटू श्याम जी मंदिर ट्रस्ट के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात कर नए रेलवे स्टेशन और यात्री सुविधाओं के विस्तार पर चर्चा की।

बैठक में सीकर के पूर्व सांसद सुमेधानंद सरस्वती, राजस्थान सरकार के नगरीय विकास एवं आवास विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) झाबर सिंह खर्रा तथा मंदिर समिति के प्रतिनिधि शक्ति सिंह चौहान, मानवेंद्र सिंह चौहान और मोहन सिंह (दास) चौहान भी मौजूद रहे।

रेल मंत्री ने बताया कि प्रस्तावित नया स्टेशन सीकर-रिंगास रेलखंड पर पालसाना और बाओरी ठिकरिया स्टेशनों के बीच विकसित किया जाएगा। इससे खाटू श्याम जी मंदिर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक और सुगम रेल सेवाएं उपलब्ध होंगी। मंदिर से प्रस्तावित स्टेशन की दूरी लगभग 11 किलोमीटर होगी।
यह भी पढ़ें ; बोराज तालाब की नई पाल तैयार, लोकार्पण से पहले देवनानी ने किया निरीक्षण
अश्विनी वैष्णव ने कहा कि परियोजना के पहले चरण में रेलवे लाइन, इंजीनियरिंग कार्य, सिग्नलिंग सिस्टम और मौजूदा रेल नेटवर्क से जुड़े तकनीकी कार्य पूरे किए जाएंगे। इसके बाद स्टेशन भवन का निर्माण शुरू होगा।
उन्होंने बताया कि स्टेशन भवन का डिजाइन राजस्थान की पारंपरिक स्थापत्य और सांस्कृतिक विरासत को ध्यान में रखकर तैयार किया जाएगा। इसमें आधुनिक बुकिंग कार्यालय, विशाल प्रतीक्षालय, स्वच्छ शौचालय, यात्री-अनुकूल सुविधाएं और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि यात्रियों को बेहतर अनुभव मिल सके।
बैठक के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने भारतीय रेलवे द्वारा तीर्थयात्रियों की सुविधाओं के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की और रेल मंत्री का आभार व्यक्त किया। उनका कहना था कि नया स्टेशन बनने से न केवल श्रद्धालुओं की यात्रा आसान होगी, बल्कि क्षेत्रीय संपर्क, पर्यटन और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी।
यह भी पढ़ें ; शहरी सेवा शिविर में पहुंचीं दिया कुमारी, लाभार्थियों को सौंपे पट्टे और ऋण चेक
रेल मंत्रालय के अनुसार यह परियोजना आधुनिक, यात्री-केंद्रित रेलवे ढांचे को मजबूत करने के साथ-साथ धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।



