‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान में ओम बिरला का संदेश, हरियाली ही भविष्य की सबसे बड़ी पूंजी
कोटा स्थित राजस्थान तकनीकी विश्वविद्यालय परिसर में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत आयोजित पौधारोपण कार्यक्रम में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी का अभियान बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान ड्रोन से सीड बॉल्स गिराने की नई पहल भी शुरू हुई, जिसे तकनीक और प्रकृति का प्रेरक संगम बताया गया।
- एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत कोटा में हुआ पौधारोपण।
- ओम बिरला ने पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने की अपील की।
- ड्रोन तकनीक से सीड बॉल्स गिराकर हरियाली बढ़ाने की नई पहल शुरू।
Om Birla’s message on the ‘Ek Ped Maa Ke Naam’ campaign : कोटा के राजस्थान तकनीकी विश्वविद्यालय (आरटीयू) परिसर में गुरुवार को ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत व्यापक पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने पर्यावरण संरक्षण को सामाजिक जिम्मेदारी बताते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का संदेश दिया।

कार्यक्रम की खास बात वन विभाग की ओर से ड्रोन के माध्यम से सीड बॉल्स गिराने की अभिनव शुरुआत रही। ओम बिरला ने इसे आधुनिक तकनीक और पर्यावरण संरक्षण का प्रभावी मेल बताते हुए कहा कि ऐसे नवाचार भविष्य में हरित विकास को नई दिशा देंगे।
यह भी पढ़ें ; जनसुनवाई में एक्शन मोड में दिखे मदन राठौड़, अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश
उन्होंने कहा कि आज जिन विशाल वृक्षों की छाया और स्वच्छ वातावरण का लाभ समाज को मिल रहा है, वे कभी किसी के लगाए हुए छोटे पौधे थे। इसलिए वर्तमान पीढ़ी की जिम्मेदारी है कि वह आने वाली पीढ़ियों के लिए भी हरियाली और स्वच्छ पर्यावरण की मजबूत नींव तैयार करे।
लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि भारतीय संस्कृति में प्रकृति का संरक्षण जीवन का अभिन्न हिस्सा रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिए गए पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली के संदेश का उल्लेख करते हुए लोगों से गांव, शहर, विद्यालय और सार्वजनिक स्थानों को अधिक हरा-भरा बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने कहा कि बढ़ती पर्यावरणीय चुनौतियों को देखते हुए बड़े स्तर पर पौधारोपण की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि ‘हरियालो राजस्थान’ अभियान के तहत पिछले वर्ष 12 करोड़ पौधे लगाए गए, जिनमें से लगभग साढ़े सात करोड़ पौधे शिक्षा एवं पंचायती राज विभाग के माध्यम से रोपे गए। इस अभियान ने रिकॉर्ड भी स्थापित किया।
कोटा दक्षिण के विधायक संदीप शर्मा ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण का सबसे सरल और प्रभावी उपाय अधिक से अधिक पेड़ लगाना है। उन्होंने लोगों से पौधारोपण को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाने की अपील की।
यह भी पढ़ें ; राजस्व चोरी पर सख्ती के संकेत, सीएम ने दिए बड़े निर्देश
मुख्य वन संरक्षक सोनल जोरिहार ने बताया कि इस वर्ष कोटा संभाग में ‘हरियालो राजस्थान’ और ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत 30 लाख से अधिक पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। दुर्गम क्षेत्रों में पौधारोपण को बढ़ावा देने के लिए ड्रोन के जरिए बीजारोपण भी किया जाएगा।



