रिटायर्ड कर्मचारियों के लिए पीएचईडी की बड़ी पहल : जल भवन में लगेगी पेंशन अदालत, हैंड टू हैंड सुलझेंगी समस्याएं
जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग में पेंशनर्स और पारिवारिक पेंशनर्स की समस्याओं के समाधान के लिए 23 सितंबर को जयपुर के जल भवन में पेंशन अदालत लगेगी। 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक अदालत में लंबित पेंशन प्रकरणों, आपत्तियों और सेवानिवृत्ति लाभ से जुड़े मामलों पर कार्रवाई होगी। प्रदेशभर के क्षेत्रीय कार्यालय वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़ेंगे और हेल्प डेस्क रहेगी।
- पीएचईडी की पेंशन अदालत में लंबित पेंशन मामलों और आपत्तियों का होगा त्वरित निस्तारण।
- जल भवन में प्रातः 11 से दोपहर 2 बजे तक आयोजित होगी अदालत, वीसी से जुड़ेंगे क्षेत्रीय कार्यालय।
- पेंशनर्स की मदद के लिए बनाई जाएगी हेल्प डेस्क, जिला पेंशनर्स समाज से साधा जाएगा समन्वय।
PHED’s major initiative for retired employees : जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (PHED) में सेवानिवृत्त कार्मिकों, पेंशनर्स और उनके परिवारों को राहत देने के लिए 23 सितंबर को राज्य स्तरीय पेंशन अदालत आयोजित की जा रही है। जयपुर स्थित जल भवन में लगने वाली इस अदालत से प्रदेशभर के क्षेत्रीय कार्यालय वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़ेंगे, जिससे लंबित पेंशन मामलों और परिवेदनाओं का मौके पर ही निपटारा किया जाएगा।
यह भी पढ़ें ; स्वास्थ्य विभाग की बड़ी पहल : 23 सितंबर को लगेगी पेंशन अदालत, होगा लंबित मामलों का निपटारा
पेंशनर्स को किसी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए विभाग ने क्षेत्रीय कार्यालयों में समुचित बैठक व्यवस्था और समर्पित हेल्प डेस्क स्थापित करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही, स्थानीय जिला पेंशनर्स समाज के प्रतिनिधियों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर अधिक से अधिक पेंशनभोगियों को इस अदालत से जोड़ा जाएगा, ताकि वे अपनी समस्याएं सीधे और प्रभावी ढंग से रख सकें।
पेंशन अदालत का मुख्य फोकस सेवानिवृत्त होने वाले कार्मिकों के पेंशन प्राधिकार पत्र (PPO) जारी करने, बकाया सेवानिवृत्ति परिलाभों के भुगतान और पेंशन विभाग से वापस मिली आपत्तियों को तुरंत दूर करने पर रहेगा। लंबित मामलों के प्रभावी निस्तारण के लिए जलदाय विभाग के अधिकारी, संबंधित कोषाधिकारी (Treasure Officer) और पेंशन विभाग के अतिरिक्त निदेशक एक साथ मिलकर प्रकरणों की समीक्षा करेंगे।
यह भी पढ़ें ; बीकानेर नगर निगम में बड़ा उलटफेर : मेयर कांग्रेस का, तो डिप्टी मेयर पद पर बीजेपी ने मारी बाजी
यह महत्वपूर्ण आयोजन बुधवार, 23 सितंबर को सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित होगा। विभाग ने सभी संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि पेंशन अदालत की शुरुआत से पहले ही लंबित पत्रावलियों और दस्तावेजों की जांच पूरी कर लें, ताकि 23 तारीख को वीसी के माध्यम से आने वाले प्रकरणों का निस्तारण उसी समय सुनिश्चित किया जा सके।



