पीएम विश्वकर्मा योजना से चमकी कारीगरों की तकदीर, राजस्थान देश में चौथे स्थान पर
प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना राजस्थान के पारंपरिक कारीगरों और शिल्पकारों के लिए रोजगार और आत्मनिर्भरता के नए अवसर खोल रही है। प्रदेश में 2.30 लाख से अधिक कारीगर पंजीकृत हो चुके हैं, जबकि 2.22 लाख से ज्यादा लाभार्थियों का बुनियादी प्रशिक्षण पूरा हुआ है। इसके अलावा 62 हजार से अधिक ऋण स्वीकृत और 2.17 लाख से ज्यादा टूलकिट ई-वाउचर जारी किए गए हैं।
- पीएम विश्वकर्मा योजना में 2.30 लाख से अधिक पंजीकरण के साथ राजस्थान देश में चौथे स्थान पर।
- प्रदेश के कारीगरों को आधुनिक टूलकिट ई-वाउचर और रियायती ब्याज दर पर ऋण स्वीकृत।
- योजना से प्रशिक्षण प्राप्त 93 प्रतिशत कारीगरों की आय में दर्ज की गई उल्लेखनीय बढ़ोतरी।
PM Vishwakarma Yojana brightens the fortunes of artisans : पारंपरिक हुनर को आधुनिक तकनीक और आर्थिक सहायता से जोड़कर कारीगरों की आजीविका मजबूत करने की दिशा में पीएम विश्वकर्मा योजना अहम भूमिका निभा रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान ने इस योजना के तहत पंजीकरण, प्रशिक्षण और ऋण वितरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। प्रदेश में अब तक 2.30 लाख से अधिक कारीगरों का पंजीकरण हो चुका है। इस उपलब्धि के साथ राजस्थान देशभर में चौथे स्थान पर है।
यह भी पढ़ें ; गहलोत का भाजपा पर हमला, परिसीमन से लेकर अकाल राहत तक उठाए सवाल
योजना का उद्देश्य केवल आर्थिक मदद देना नहीं, बल्कि कारीगरों को अपने पारंपरिक व्यवसाय को बेहतर तरीके से आगे बढ़ाने के लिए जरूरी कौशल, उपकरण और वित्तीय सहयोग उपलब्ध कराना भी है। इसके तहत लाभार्थियों को बुनियादी और उन्नत प्रशिक्षण दिया जाता है, ताकि वे आधुनिक उपकरणों का इस्तेमाल कर सकें, काम की गुणवत्ता सुधार सकें और कारोबार को नई दिशा दे सकें।
दो लाख से ज्यादा कारीगरों ने लिया प्रशिक्षण
राजस्थान में योजना के तहत अब तक 2,22,473 लाभार्थियों का बुनियादी प्रशिक्षण पूरा हो चुका है। पंजीकरण के मामले में बढ़ई और राजमिस्त्री श्रेणी के कारीगरों की संख्या प्रमुख है। प्रदेश में 45,958 बढ़ई और 38,450 राजमिस्त्रियों ने पंजीकरण कराया है।
प्रशिक्षण के जरिए कारीगरों को अपने काम में दक्षता बढ़ाने के साथ उद्यमशीलता से जुड़ी जानकारी भी दी जा रही है। इससे उन्हें पारंपरिक हुनर को बेहतर बनाने और बदलती बाजार जरूरतों के अनुसार अपने काम को विकसित करने में मदद मिल सकती है।
62 हजार से अधिक ऋण स्वीकृत, टूलकिट के लिए भी सहायता
कारीगरों को अपना काम बढ़ाने और जरूरी संसाधन जुटाने में आर्थिक परेशानी न हो, इसके लिए योजना में रियायती ब्याज दर पर अधिकतम तीन लाख रुपये तक ऋण उपलब्ध कराने का प्रावधान है। इसके साथ ही पात्र लाभार्थियों को टूलकिट खरीदने के लिए 15 हजार रुपये तक की सहायता दी जाती है।
राजस्थान में अब तक 62 हजार से अधिक ऋण स्वीकृत किए जा चुके हैं, जबकि टूलकिट सहायता के लिए 2,17,084 ई-वाउचर जारी किए गए हैं। इस मदद से कारीगर आधुनिक औजार खरीदने, कामकाज की क्षमता बढ़ाने और अपने व्यवसाय को आगे ले जाने के लिए जरूरी संसाधन जुटा सकते हैं।
देश में 30 लाख पंजीकरण का लक्ष्य समय से पहले पूरा
पीएम विश्वकर्मा योजना के तहत केंद्र सरकार ने वर्ष 2028 तक देशभर में 30 लाख कारीगरों और शिल्पकारों के पंजीकरण का लक्ष्य निर्धारित किया था। यह लक्ष्य तय समय से पहले ही हासिल कर लिया गया। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, 30 सितंबर 2026 तक देश में 30,03,925 कारीगरों और शिल्पकारों का पंजीकरण हो चुका था।
इसी अवधि तक 24.39 लाख से अधिक लाभार्थियों का बुनियादी प्रशिक्षण पूरा हुआ। देशभर में लगभग 5,350 करोड़ रुपये के 6.23 लाख से अधिक ऋण स्वीकृत किए गए, जबकि 26.17 लाख से ज्यादा टूलकिट ई-वाउचर जारी हुए।
यह भी पढ़ें; अजमेर उत्तर को बड़ी सौगात : काजीपुरा और बोराज में 1.30 करोड़ के विकास कार्यों का शुभारंभ
योजना के प्रभाव को लेकर आईआईएम मुंबई के समवर्ती मूल्यांकन में भी सकारात्मक संकेत सामने आए हैं। सर्वे में शामिल लाभार्थियों में से 93 प्रतिशत ने प्रशिक्षण के बाद अपनी आय में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज होने की बात कही। यह आंकड़ा कौशल विकास और वित्तीय सहयोग के जरिए पारंपरिक व्यवसायों को मजबूत बनाने की संभावनाओं को रेखांकित करता है।



