भजनलाल सरकार की विजनरी नीतियों से दौड़ा राजस्थान का विकास, 1.22 लाख करोड़ के मेगा प्रोजेक्ट्स अंतिम चरण में

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान में केंद्र और राज्य सरकार के समन्वय से बुनियादी ढांचे की परियोजनाओं को गति मिल रही है। करीब 1.22 लाख करोड़ रुपये की 29 केंद्रीय परियोजनाएं 80 प्रतिशत से अधिक पूरी हो चुकी हैं। रेलवे, सड़क, ऊर्जा, एयरपोर्ट और जल परियोजनाओं में प्रगति से निवेश, रोजगार और विकास की नई संभावनाएं बन रही हैं।

  • मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के प्रयासों से राजस्थान में इन्फ्रास्ट्रक्चर और मेगा प्रोजेक्ट्स को मिल रही है तेज रफ्तार।
  • 1.22 लाख करोड़ रुपये की 29 केंद्रीय परियोजनाएं 80% से अधिक पूरी, बाड़मेर रिफाइनरी और एयरपोर्ट विस्तार का काम अंतिम चरण में।
  • डबल इंजन सरकार के मजबूत समन्वय से ऊर्जा, रेलवे, सड़क और जल सुरक्षा से जुड़ी परियोजनाओं का हो रहा है कायाकल्प।

Rajasthan’s development gains momentum through the visionary policies of the Bhajanlal government : राजस्थान में बुनियादी ढांचे से जुड़ी बड़ी परियोजनाओं को आगे बढ़ाने के लिए केंद्र और राज्य सरकार के बीच समन्वय का असर दिखाई देने लगा है। राज्य सरकार के अनुसार, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के दिल्ली दौरों और केंद्रीय स्तर पर हुई बैठकों के बाद कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं के काम में तेजी आई है। इन योजनाओं से प्रदेश में परिवहन, ऊर्जा, औद्योगिक विकास और रोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद है।

राज्य में केंद्र सरकार की करीब 2.61 लाख करोड़ रुपये की परियोजनाएं चल रही हैं। इनमें से 1.22 लाख करोड़ रुपये की लागत वाली 29 परियोजनाओं का काम 80 प्रतिशत से अधिक पूरा हो चुका है। वहीं, प्रदेश में प्रगतिरत 82 केंद्रीय परियोजनाओं पर अब तक 1.17 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा खर्च किए जा चुके हैं।

रेलवे, सड़क और ऊर्जा क्षेत्र में बड़े काम

ऊर्जा क्षेत्र में 98,759 करोड़ रुपये की लागत से बिजली प्रसारण और वितरण से जुड़ी 19 प्रमुख परियोजनाओं पर काम चल रहा है। इनमें राजस्थान रिन्यूएबल एनर्जी जोन के चौथे चरण की बाड़मेर कॉम्प्लेक्स 6 गीगावाट सोलर परियोजना और फतेहगढ़-द्वितीय ट्रांसमिशन सिस्टम शामिल हैं।

यह भी पढ़ें ; गो-उत्पादों और मिट्टी के दीयों से जगमगाएगी दीपावली, देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत की आमजन से खास अपील

रेलवे के क्षेत्र में भी कई बड़े प्रोजेक्ट आगे बढ़ रहे हैं। बीकानेर-मेड़ता-जोधपुर, अजमेर-चित्तौड़गढ़-उदयपुर और सादुलपुर-रतनगढ़ रेल लाइन सहित 22 परियोजनाओं पर 33,572 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए जा रहे हैं। इसके अलावा राजमार्गों से जुड़ी 22 परियोजनाओं पर 16,241 करोड़ रुपये और शहरी सार्वजनिक परिवहन के विकास पर 14,222 करोड़ रुपये की लागत से काम जारी है।

औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए जोधपुर-पाली-मारवाड़ औद्योगिक क्षेत्र जैसी परियोजनाओं पर भी काम किया जा रहा है। वहीं, माही बांसवाड़ा परमाणु विद्युत परियोजना को प्रदेश के ऊर्जा क्षेत्र के लिए अहम माना जा रहा है।

एयरपोर्ट और जयपुर की यातायात व्यवस्था पर भी जोर

हवाई कनेक्टिविटी के लिहाज से जोधपुर एयरपोर्ट पर 480 करोड़ रुपये की लागत से घरेलू उड़ानों के लिए नया यात्री टर्मिनल भवन तैयार किया गया है। उदयपुर एयरपोर्ट के नए एकीकृत यात्री टर्मिनल का निर्माण भी 88 प्रतिशत तक पूरा हो चुका है। बाड़मेर में देश की पहली ग्रीनफील्ड रिफाइनरी के बाद पेट्रोकेमिकल निकासी एवं विपणन टर्मिनल का काम भी 99 प्रतिशत पूरा होने की जानकारी दी गई है।

जयपुर में बढ़ते यातायात दबाव को कम करने के लिए 11,764 करोड़ रुपये की लागत से उत्तरी रिंग रोड परियोजना को केंद्र के सहयोग से पूरा किया जाएगा। इसके साथ ही 13 हजार करोड़ रुपये से अधिक की जयपुर मेट्रो फेज-2 परियोजना पर भी काम आगे बढ़ाया जा रहा है।

जल परियोजनाओं से कई जिलों को राहत की उम्मीद

राजस्थान में पेयजल और सिंचाई की जरूरतों को देखते हुए लंबे समय से प्रस्तावित जल परियोजनाओं पर भी प्रगति हुई है। राम जल सेतु लिंक परियोजना से प्रदेश के 17 जिलों में तीन करोड़ से अधिक लोगों को पेयजल उपलब्ध कराने और करीब चार लाख हेक्टेयर भूमि को सिंचाई सुविधा देने का लक्ष्य है।

यह भी पढ़ें ; बीएसएनएल में सतर्कता जागरूकता सप्ताह, कर्मचारियों को दिलाई ईमानदारी की शपथ

इसके अलावा यमुना, किशाऊ और नर्मदा जल समझौतों को प्रदेश की जल सुरक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इन योजनाओं के आगे बढ़ने से भविष्य में पानी की उपलब्धता बेहतर होने की उम्मीद है।

राज्य सरकार का कहना है कि केंद्र के सहयोग और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से राजस्थान में विकास कार्यों को नई गति मिल रही है। आने वाले वर्षों में इन परियोजनाओं के पूरा होने से प्रदेश की औद्योगिक क्षमता, कनेक्टिविटी और बुनियादी सुविधाओं को मजबूती मिल सकती है।

Related Articles

Back to top button