राजस्थान ने रचा इतिहास : टीबी मुक्त भारत अभियान में प्रदेश ने मारी बाजी, 100% लक्ष्य किया पूरा
राजस्थान ने टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत प्रदेश के सभी 361 ब्लॉकों में टीबी मुक्त भारत टीमें गठित कर 100 प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया है। अभियान में 1,805 माय भारत वॉलंटियर्स और 1,805 एनसीसी कैडेट्स जुड़े हैं। युवा अब लोगों को टीबी के लक्षण, जांच, समय पर इलाज और बीमारी से बचाव के प्रति जागरूक करने में अहम भूमिका निभाएंगे।
- टीबी मुक्त भारत अभियान में राजस्थान ने प्रदेश के सभी 361 ब्लॉकों में गठित कीं 100% टीमें।
- टीबी मुक्त भारत के तहत 1,805 माय भारत वॉलंटियर्स और 1,805 एनसीसी कैडेट्स अभियान से जुड़े।
- राष्ट्रीय स्तर पर 67% काम हुआ, जबकि राजस्थान ने हासिल की 100% अभूतपूर्व सफलता।
Rajasthan Achieves 100% TB-Free Team Target : टीबी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में राजस्थान ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। प्रदेश के सभी 361 ब्लॉकों में टीबी मुक्त भारत की टीमें गठित कर दी गई हैं। इसके साथ ही राजस्थान ने टीम गठन का 100 प्रतिशत लक्ष्य पूरा कर लिया है।
इन टीमों में 1,805 माय भारत वॉलंटियर्स और 1,805 एनसीसी कैडेट्स को जोड़ा गया है। अब ये युवा अपने-अपने क्षेत्रों में टीबी के प्रति जागरूकता फैलाने का काम करेंगे। खास तौर पर लोगों को बीमारी के लक्षण पहचानने, समय पर जांच कराने और डॉक्टर की सलाह के अनुसार पूरा इलाज लेने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
यह भी पढ़ें ; दवाओं के साइड इफेक्ट पर अलर्ट, जयपुर में फार्माकोविजिलेंस कार्यशाला
प्रमुख शासन सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य गायत्री राठौड़ ने कहा कि टीबी जैसी बीमारी को खत्म करने के लिए केवल सरकारी स्तर पर किए जा रहे प्रयास पर्याप्त नहीं हैं। इसमें समाज और युवाओं की सक्रिय भागीदारी भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि समय पर बीमारी की पहचान और उपचार का पूरा कोर्स करना टीबी नियंत्रण की दिशा में बेहद महत्वपूर्ण है।
उन्होंने बताया कि ब्लॉक स्तर पर गठित टीमें अभियान का संदेश स्थानीय स्तर पर अधिक प्रभावी ढंग से लोगों तक पहुंचा सकती हैं। युवाओं की भागीदारी से गांवों और ब्लॉकों में टीबी को लेकर जागरूकता बढ़ाने में मदद मिलेगी।
देश से आगे राजस्थान का टीम गठन
21 सितंबर 2026 तक उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, देश के 7,026 ब्लॉकों में से 4,686 ब्लॉकों में टीबी मुक्त भारत टीमें गठित की जा चुकी थीं। राष्ट्रीय स्तर पर यह उपलब्धि 67 प्रतिशत रही। इसके मुकाबले राजस्थान ने अपने सभी 361 ब्लॉकों में टीमों का गठन पूरा कर 100 प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया है।
गायत्री राठौड़ ने कहा कि टीबी मुक्त राजस्थान का लक्ष्य हासिल करने के लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ समाज के हर वर्ग को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि अभियान से जुड़े युवा अपने क्षेत्रों में लोगों को टीबी के प्रति जागरूक करने और समय पर इलाज के लिए प्रेरित करने में प्रभावी भूमिका निभाएंगे।
यह भी पढ़ें ; राजस्थान में स्टार हेल्थ का बढ़ा भरोसा
स्वास्थ्य विभाग का जोर इस बात पर है कि बीमारी को लेकर लोगों में जानकारी बढ़े और संभावित मरीज समय गंवाए बिना जांच व उपचार की ओर बढ़ें। ब्लॉक स्तर पर तैयार की गई टीमें इस प्रयास को स्थानीय स्तर तक ले जाने में अहम कड़ी के रूप में काम करेंगी।



