राजस्थान विधानसभा का अमृत उत्सव कल, जुटेंगे वर्तमान और पूर्व विधायक
राजस्थान विधानसभा के 75वें वर्ष के अमृत उत्सव का आगाज बुधवार से होगा। पहले आयोजन में वर्तमान और पूर्व विधायक एक मंच पर नजर आएंगे। समारोह के उद्घाटन में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला शामिल होंगे, जबकि समापन समारोह के मुख्य अतिथि उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन होंगे। आयोजन की तैयारियों की स्वयं स्पीकर वासुदेव देवनानी ने समीक्षा की।
- राजस्थान विधानसभा का अमृत उत्सव वर्तमान और पूर्व विधायकों के समागम से शुरू होगा।
- अमृत उत्सव के उद्घाटन में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और समापन में उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन शामिल होंगे।
- राजस्थान विधानसभा के 75 वर्षों में बने महत्वपूर्ण कानूनों पर विशेष चर्चा आयोजित होगी।
Rajasthan Legislative Assembly’s Amrit Utsav tomorrow : राजस्थान विधानसभा अपने 75वें वर्ष के उपलक्ष्य में बुधवार से अमृत उत्सव की शुरुआत करने जा रही है। पहले कार्यक्रम में वर्तमान और पूर्व विधायक एक साथ मंच साझा करेंगे। इस ऐतिहासिक आयोजन की तैयारियों का विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने मंगलवार को विस्तृत निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

देवनानी ने कहा कि प्रदेशभर से आने वाले पूर्व और वर्तमान जनप्रतिनिधियों के लिए आवास, परिवहन, चिकित्सा और आतिथ्य की व्यापक व्यवस्था की गई है। विशेष रूप से वरिष्ठ एवं वयोवृद्ध पूर्व विधायकों की सुविधा को प्राथमिकता दी गई है। उनके ठहरने की व्यवस्था सर्किट हाउस, डाक बंगला, विधायक आवास, गेस्ट हाउस और पंचायतीराज संस्थान के अतिथि गृहों में की गई है।

समारोह का उद्घाटन बुधवार सुबह 10 बजे लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला करेंगे, जबकि शाम को आयोजित समापन समारोह के मुख्य अतिथि उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन होंगे। कार्यक्रम में राज्यपाल हरिभाऊ बागडे, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली और अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे। राजस्थान से निर्वाचित लोकसभा और राज्यसभा सांसदों को भी समारोह में आमंत्रित किया गया है।
यह भी पढ़ें ; ‘गिव अप अभियान’ बना मिसाल, 99 लाख लोगों को मिली खाद्य सुरक्षा
अमृत उत्सव के दौरान दो विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें पिछले 75 वर्षों में विधानसभा द्वारा पारित 24 महत्वपूर्ण कानूनों पर चर्चा होगी। इन सत्रों में 16 वर्तमान और पूर्व विधायक अपने अनुभव साझा करेंगे और कानून निर्माण की यात्रा पर विचार रखेंगे।
यह भी पढ़ें ; शहरी सेवा शिविरों का असर, घर-घर पहुंच रही सरकारी राहत
विधानसभा भवन को इस विशेष अवसर पर आकर्षक रोशनी से सजाया गया है, जबकि शहरभर में अतिथियों के स्वागत के लिए विशेष तैयारियां की गई हैं। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा कि यह आयोजन न केवल राजस्थान विधानसभा के गौरवशाली इतिहास का उत्सव है, बल्कि लोकतांत्रिक परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का भी महत्वपूर्ण अवसर बनेगा।



