राजस्थान विधानसभा में पहली बार बनेगा इतिहास, 75 साल पर होगा विधायकों का महाकुंभ

राजस्थान विधानसभा के 75वें स्थापना वर्ष पर 15 जुलाई को पहली बार वर्तमान और पूर्व विधायकों का ऐतिहासिक समागम आयोजित होगा। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने बताया कि अमृत महोत्सव के इस पहले आयोजन में लोकतांत्रिक परंपराओं, महत्वपूर्ण कानूनों और जनसेवा की विरासत पर चर्चा होगी। कार्यक्रम में उपराष्ट्रपति, लोकसभा अध्यक्ष, राज्यपाल और मुख्यमंत्री भी शामिल रहेंगे।

  • राजस्थान विधानसभा में पहली बार होगा विधायी गौरव यात्रा का आयोजन।
  • 75 साल पूरे होने पर वर्तमान और पूर्व विधायक एक मंच पर आएंगे।
  • विधायी गौरव यात्रा कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी किया जाएगा।

History will be made for the first time in the Rajasthan Legislative Assembly : राजस्थान विधानसभा अपने 75वें स्थापना वर्ष के अवसर पर 15 जुलाई को एक ऐतिहासिक आयोजन की मेजबानी करेगी। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने बताया कि पहली बार वर्तमान और पूर्व विधायक एक साथ एक ही मंच पर जुटेंगे। इस विशेष कार्यक्रम को “विधायी गौरव यात्रा” के रूप में आयोजित किया जा रहा है, जो विधानसभा के अमृत महोत्सव का पहला और महत्वपूर्ण आयोजन होगा।

यह भी पढ़ें ; सीमावर्ती इलाकों के विकास पर बड़ा फोकस, पलायन रोकने के लिए सरकार का नया प्लान

देवनानी ने कहा कि इस कार्यक्रम में राजस्थान से निर्वाचित लोकसभा और राज्यसभा सांसदों को भी आमंत्रित किया गया है। उनके अनुसार यह आयोजन केवल एक समारोह नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों, विधायी परंपराओं और जनसेवा की समृद्ध विरासत का उत्सव होगा। उन्होंने इसे राजस्थान विधानसभा के इतिहास का अनूठा और यादगार अवसर बताया।

समारोह का शुभारंभ 15 जुलाई को सुबह 10 बजे होगा, जबकि समापन कार्यक्रम शाम 4 बजे आयोजित किया जाएगा। उद्घाटन सत्र के मुख्य अतिथि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला होंगे, वहीं समापन समारोह में उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। राज्यपाल हरिभाऊ बागडे और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे।

कार्यक्रम के दौरान दो विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें पिछले 75 वर्षों में पारित 24 महत्वपूर्ण कानूनों पर चर्चा होगी। इन सत्रों में 16 वर्तमान और पूर्व विधायक अपने अनुभव साझा करेंगे। साथ ही 100 वर्षीय पूर्व विधायक पंडित रामकिशन सहित कई वरिष्ठ पूर्व जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति कार्यक्रम को और खास बनाएगी।

विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि इस अवसर पर पूर्व विधानसभा अध्यक्षों, उपाध्यक्षों और वरिष्ठतम विधायकों का सम्मान भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह आयोजन अतीत के अनुभव, वर्तमान की उपलब्धियों और भविष्य की संभावनाओं को एक मंच पर लाने का प्रयास है, जिसमें महिला शक्ति, युवा भागीदारी और लोकतांत्रिक मूल्यों का समन्वय देखने को मिलेगा।

यह भी पढ़ें ; मातृ मृत्यु रोकने के लिए सरकार सख्त, गायनोलॉजिस्ट के सुझावों पर होगा अमल

देवनानी ने यह भी जानकारी दी कि अमृत महोत्सव के पहले कार्यक्रम का सीधा प्रसारण राजस्थान विधानसभा के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर किया जाएगा, ताकि प्रदेशभर के लोग इस ऐतिहासिक आयोजन से जुड़ सकें।

Related Articles

Back to top button