निकाय चुनावों में प्रचंड जीत के बाद अब पंचायती राज की बारी, भजनलाल ने बनाया ‘ट्रिपल इंजन’ का मास्टरप्लान
राजस्थान में नगरीय निकाय चुनावों में बड़ी सफलता मिलने के बाद भाजपा ने अब पंचायती राज चुनावों की तैयारियां तेज करने के संकेत दिए हैं। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मंत्रियों के साथ बैठक कर ग्रामीण विकास और चुनावी रणनीति पर चर्चा की। मंत्रियों ने जीत के लिए मुख्यमंत्री को बधाई दी, जबकि सरकार ने गांवों में सुविधाएं बढ़ाने और जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी बनाने पर जोर दिया।
- निकाय चुनावों में मिली प्रचंड जीत के बाद अब पंचायती राज चुनावों पर सीएम भजनलाल शर्मा का फोकस
- 309 में से 202 निकायों पर भाजपा का कब्जा, 10 में से 9 नगर निगमों में चुने गए भाजपा के महापौर
- ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए ‘ट्रिपल इंजन’ सरकार बनाने का मुख्यमंत्री ने दिया आह्वान
After the landslide victory in the local body elections, it is now the turn of Panchayati Raj : राजस्थान में नगरीय निकाय चुनावों में शानदार प्रदर्शन के बाद भाजपा ने अब पंचायती राज चुनावों पर ध्यान केंद्रित कर दिया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार को मंत्रिपरिषद के सदस्यों के साथ बैठक कर आगामी पंचायत चुनावों में जीत दर्ज करने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की। सरकार की ओर से गांवों के विकास और ग्रामीण मतदाताओं की जरूरतों को प्राथमिकता देने का संदेश भी दिया गया।
यह भी पढ़ें ; राजस्थान के 41 जिलों में प्रवासी राजस्थानी सम्मेलन, मिलेगा सम्मान
बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीणों का जीवन सम्मानजनक और सुविधाजनक बनाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के सपने को साकार करने के लिए गांवों का विकास जरूरी है। इसके लिए बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को आत्मनिर्भर बनाना होगा।
मुख्यमंत्री ने आगामी पंचायती राज चुनावों को गांवों के भविष्य और विकास की दिशा तय करने वाला महत्वपूर्ण अवसर बताया। उन्होंने ग्राम पंचायत, पंचायत समिति और जिला परिषद स्तर पर मजबूत जनप्रतिनिधित्व के लिए ‘ट्रिपल इंजन’ सरकार बनाने का आह्वान किया। उनके मुताबिक, ऐसे प्रतिनिधियों का चुनाव जरूरी है जो स्थानीय समस्याओं को समझें और लोगों की अपेक्षाओं के अनुरूप काम करें।
निकाय चुनाव की जीत पर मुख्यमंत्री को बधाई
मंत्रिपरिषद की बैठक के बाद विधि एवं विधिक कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने नगरीय निकाय चुनावों में भाजपा को मिले जनादेश के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ और पार्टी कार्यकर्ताओं का आभार जताया। इसके बाद अन्य मंत्रियों ने भी मुख्यमंत्री को बधाई दी।
मंत्रियों ने कहा कि चुनावों में भाजपा की सफलता के पीछे मुख्यमंत्री की रणनीति और बेहतर फ्लोर मैनेजमेंट की अहम भूमिका रही। इस पर मुख्यमंत्री ने जीत का श्रेय किसी एक व्यक्ति को देने के बजाय सभी के सामूहिक प्रयासों को दिया।
चुनाव परिणामों के मुताबिक, प्रदेश के 309 नगरीय निकायों में से 202 में भाजपा के बोर्ड बने हैं। वहीं, 10 नगर निगमों में से 9 में भाजपा के महापौर निर्वाचित हुए। इसके अलावा 30 नगर परिषदों और 163 नगर पालिकाओं में भाजपा के निकाय प्रमुख चुने गए। रिपोर्ट के अनुसार, नौ जिलों में कांग्रेस अपना खाता तक नहीं खोल सकी।
गांवों की जरूरतों के आधार पर बनेगी विकास योजना
मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण विकास की योजनाएं गांवों में रहने वाले लोगों की वास्तविक जरूरतों के अनुसार तैयार होनी चाहिए। विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, इसी उद्देश्य से प्रदेश में ‘विकसित गांव, विकसित वार्ड’ अभियान चलाया गया।
इस अभियान के तहत ग्राम सभाओं और चौपालों पर किसानों, पशुपालकों, महिलाओं और बुजुर्गों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और जरूरतों को समझा गया। इन सुझावों के आधार पर ग्राम विकास संकल्प पत्र तैयार किया गया है, जिसमें ग्रामीणों की अपेक्षाओं और सामूहिक संकल्प को जगह दी गई है।
सरकारी योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने पर जोर
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के प्रेरणादायी सेवाकाल को समर्पित सेवा संकल्प रथ भी प्रदेश में संचालित किए जा रहे हैं। इनके माध्यम से ग्रामीणों को जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है।
यह भी पढ़ें ; भजनलाल की अध्यक्षता में मंत्रिमंडल एवं मंत्रिपरिषद की बैठक
सरकार का प्रयास है कि योजनाओं के पात्र परिवार लाभ से वंचित न रहें। आगामी पंचायती राज चुनावों से पहले ग्रामीण विकास, सरकारी योजनाओं की पहुंच और स्थानीय जरूरतों पर ध्यान देना भाजपा की रणनीति का अहम हिस्सा माना जा रहा है।



