नगरीय निकाय चुनाव : कल पहले चरण का मतदान, 162 सीटों पर होगी किस्मत की परीक्षा
राजस्थान में नगरीय निकाय चुनाव के पहले चरण में बुधवार को 162 निकायों में मतदान होगा। सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक मतदाता वोट डाल सकेंगे। जयपुर जिले के 18 निकायों में 565 मतदान केंद्र तैयार हैं। मतदान दल केंद्रों पर पहुंच चुके हैं। मौसम विभाग ने बारिश की चेतावनी नहीं दी, जिससे मतदान होने की उम्मीद है।
- राजस्थान नगरीय निकाय चुनाव के पहले चरण में कल 162 निकायों के लिए वोट डाले जाएंगे।
- जयपुर सहित कई जिलों में मतदान केंद्र सज चुके हैं और सुबह 7 बजे से वोटिंग शुरू होगी।
- जनता तय करेगी प्रत्याशियों का भाग्य, 14 सितंबर को मतगणना के बाद साफ होगी तस्वीर।
Rajasthan Civic Polls: First Phase Voting Tomorrow : राजस्थान में नगरीय निकाय चुनाव के पहले चरण के लिए मतदान की सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। बुधवार को प्रदेश के 162 नगरीय निकायों में मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। मतदान का समय सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक निर्धारित किया गया है।
यह भी पढ़ें ; MSP पर गहलोत का सरकार पर हमला, किसानों के भुगतान पर सवाल
मतदान से एक दिन पहले मंगलवार को मतदान दल अपने-अपने केंद्रों पर पहुंच गए और व्यवस्थाएं संभाल लीं। प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था सहित मतदान से जुड़ी तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया है।
जयपुर जिले में पहले चरण के तहत 18 नगरीय निकायों में मतदान होगा। इसके लिए कुल 565 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। जिले में मतदान को लेकर प्रशासन और चुनावी अमला पूरी तरह सक्रिय नजर आया।
पहले चरण में अलवर, भरतपुर, बीकानेर और भीलवाड़ा नगर निगमों में भी मतदान होना है। इसके साथ ही चौमूं, शाहपुरा, बाड़मेर, जैसलमेर, तिजारा, खैरथल, भिवाड़ी, करौली, कुचामनसिटी, डीडवाना, डूंगरपुर, प्रतापगढ़, चित्तौड़गढ़, बांसवाड़ा, झालावाड़, बूंदी, बारां, जालोर, झुंझुनूं, फतेहपुर, सवाई माधोपुर, धौलपुर, सुजानगढ़, चूरू, कोटपूतली, ब्यावर और नागौर नगर परिषदों में भी वोट डाले जाएंगे।
हालांकि, पहले चरण के कुछ वार्डों में चुनाव की तस्वीर पहले ही साफ हो चुकी है। 17 नगर पालिकाओं के 25 वार्ड, चार नगर परिषदों के छह वार्ड और एक नगर निगम के एक वार्ड में सदस्य निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं। बाकी सीटों पर मुकाबला बना हुआ है और प्रत्याशियों की सक्रियता मतदान से ठीक पहले बढ़ी हुई है।
मतदान के दौरान मौसम को लेकर भी फिलहाल राहत की उम्मीद है। मौसम विभाग के अनुसार 12 सितंबर तक प्रदेश में मानसून कमजोर रहने की संभावना है और बारिश को लेकर कोई बड़ी चेतावनी जारी नहीं की गई है। ऐसे में मतदान प्रक्रिया में मौसम के कारण बड़ी बाधा आने की आशंका कम है।
यह भी पढ़ें ; डॉ. पुनीत रिझवानी को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी जिम्मेदारी
पहले चरण की वोटिंग के बाद 11 सितंबर को दूसरे चरण का मतदान कराया जाएगा। इसके बाद 14 सितंबर को मतगणना प्रस्तावित है। अब बुधवार को मतदाता अपने वोट के जरिए मैदान में उतरे प्रत्याशियों के राजनीतिक भविष्य का फैसला करेंगे।



