त्योहारों से पहले एक्शन में CM, पुलिस पर गिरी गाज
राजस्थान में आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। आपराधिक घटनाओं और पुलिसकर्मियों के अनुचित व्यवहार पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई के आदेश दिए। समीक्षा बैठक के बाद एक अधिकारी को निलंबित, छह को एपीओ और दो अधिकारियों को पद से हटाया गया। महिला सुरक्षा, माफियाओं पर शिकंजा और यातायात व्यवस्था मजबूत करना भी सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
- भजनलाल शर्मा ने राजस्थान में कानून-व्यवस्था और अपराध पर जीरो टॉलरेंस के निर्देश दिए।
- त्योहारी सीजन में सुरक्षा, यातायात और महिला सुरक्षा पर विशेष निगरानी रखने को कहा।
- पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई : एक निलंबित, छह एपीओ और दो अधिकारियों को पद से हटाया गया।
CM in action before festivals : राजस्थान में आगामी त्योहारी सीजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही न हो, इसके लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पुलिस प्रशासन को सख्त निर्देश दिए हैं। कानून-व्यवस्था की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में उन्होंने साफ कहा कि अपराध और पुलिसकर्मियों के अनुचित व्यवहार के मामलों में जिम्मेदारी तय की जाएगी। किसी भी स्तर पर ढिलाई सामने आने पर नियमानुसार कार्रवाई होगी।
यह भी पढ़ें ; संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाने से लोकतंत्र कमजोर होता है : शेखावत
बैठक के बाद पुलिस विभाग में कार्रवाई भी हुई। एक अधिकारी को निलंबित किया गया, छह अधिकारियों को एपीओ किया गया और दो अधिकारियों को उनके पद से हटाया गया। मुख्यमंत्री के निर्देश पर बेर थाने के प्रभारी धीरेन्द्र सिंह को निलंबित किया गया, जबकि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रेरणा शेखावत को पदस्थापन की प्रतीक्षा में रखा गया।
एपीओ किए गए अधिकारियों में भुसावर के वृत्ताधिकारी नीरज भारद्वाज, अजमेर की यातायात उप पुलिस अधीक्षक अंजू यादव, सांभर के वृत्ताधिकारी मुकेश जोशी, श्रीगंगानगर के वृत्ताधिकारी विष्णु कुमार खत्री और जयपुर पुलिस आयुक्तालय के निरीक्षक मुकेश खराड़िया शामिल हैं। इसके अलावा जयपुर ग्रामीण के एसआईयूसीएडब्ल्यू में तैनात अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बृजमोहन मीणा और खैरथल की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जया सिंह को पद से हटाया गया।
मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि त्योहारों के दौरान छोटी से छोटी घटना को भी गंभीरता से लिया जाए। समय रहते पुलिस की कार्रवाई से बड़ी घटनाओं को रोका जा सकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों को अपने प्रभार वाले रेंज और जिलों में नियमित रूप से कानून-व्यवस्था की समीक्षा करने तथा यातायात प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने को कहा।
महिला सुरक्षा को लेकर भी मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कालिका पेट्रोलिंग यूनिट्स का व्यवस्थित संचालन सुनिश्चित करने और स्कूल-कॉलेजों में इन इकाइयों की ओर से संवाद गतिविधियां आयोजित करने पर जोर दिया। इसका उद्देश्य महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा मजबूत करना तथा महिला अपराधों की रोकथाम को प्रभावी बनाना है।
अपराध नियंत्रण के साथ मुख्यमंत्री ने खनन और जमीन से जुड़े विवादों पर भी ध्यान देने को कहा। उन्होंने ऐसे मामलों की जिलेवार सूची तैयार करने, उनके समाधान के लिए ठोस कार्ययोजना बनाने और माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उनका कहना था कि अपराध को बढ़ावा देने वाले मामलों में किसी भी व्यक्ति को संरक्षण नहीं मिलना चाहिए और जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय होनी चाहिए।
बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान की पहचान शांतिप्रिय प्रदेश के रूप में रही है और इस छवि को बनाए रखना जरूरी है। उनके मुताबिक, कुछ पुलिसकर्मियों के अनुचित व्यवहार से पूरे विभाग की विश्वसनीयता प्रभावित होती है। पुलिस का रवैया ऐसा होना चाहिए कि अपराधियों में कानून का भय रहे और आम नागरिक खुद को सुरक्षित महसूस करे।
यह भी पढ़ें ; मोदी सरकार ने अन्नदाता के सम्मान में गेहूँ एमएसपी बढ़ाकर 2,585 रुपये की
मुख्यमंत्री ने दोहराया कि कानून सभी के लिए समान है और अपराध करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। बैठक में पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा, गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव भास्कर ए. सावंत और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।



