राजस्थान संपर्क 181 पर एक्शन में दिखे एसीएस आलोक गुप्ता, लापरवाही बरतने वाले अफसरों को लगाई कड़ी फटकार

जयपुर में नगरीय विकास एवं आवासन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव आलोक गुप्ता ने राजस्थान संपर्क 181 कॉल सेंटर पर आमजन की शिकायतों की स्थिति जानी। वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए परिवादियों और अधिकारियों से सीधा संवाद कर समस्याओं के समाधान की जानकारी ली। अधिकारियों को लंबित मामलों का जल्द निस्तारण करने और लापरवाही पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

  • एसीएस आलोक गुप्ता ने ‘राजस्थान संपर्क 181’ पर आमजन की समस्याओं पर किया सीधा संवाद।
  • लापरवाही बरतने वाले अफसरों को कड़ी फटकार लगाते हुए जल्द निस्तारण के दिए निर्देश।
  • यूडीएच विभाग ने रिकॉर्ड 96.94 प्रतिशत परिवादों का किया सफल निस्तारण।

ACS Alok Gupta seen in action regarding ‘Rajasthan Sampark 181’ : आमजन की शिकायतों का समय पर समाधान नहीं होने पर अधिकारियों की जवाबदेही तय होगी। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मंशा के अनुरूप लोगों को त्वरित राहत पहुंचाने के लिए नगरीय विकास एवं आवासन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव आलोक गुप्ता ने गुरुवार को राजस्थान संपर्क 181 कॉल सेंटर पर दर्ज शिकायतों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों को फटकार लगाई और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

समीक्षा के दौरान गुप्ता ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से शिकायतकर्ताओं और संबंधित विभागीय अधिकारियों से एक साथ बातचीत की। उन्होंने परिवादियों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों से शिकायतों पर की गई कार्रवाई का ब्योरा लिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनका प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को बार-बार कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें।

सड़क, सफाई और सीवर से जुड़ी शिकायतें सामने आईं

संवाद के दौरान भीलवाड़ा के दुर्गेश और राधेश्याम ने सड़कों पर प्रकाश व्यवस्था से संबंधित समस्याएं बताईं। वहीं, सरिता ने नालियों की सफाई का मुद्दा उठाया। अलवर के राकेश कुमार ने सड़क की खराब स्थिति और जलभराव की समस्या से अवगत कराया, जबकि जोधपुर के हनुमान राम चौधरी ने सीवर लाइन से जुड़ी परेशानी रखी।

यह भी पढ़ें ; वाहन खरीदने का रवि पुष्य योग: नया दोपहिया वाहन और चौपहिया वाहन घर लाने का बन रहा सबसे शुभ संयोग

आलोक गुप्ता ने संबंधित अधिकारियों को इन शिकायतों पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए लोगों को राहत देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उसका लाभ संबंधित व्यक्ति तक पहुंचना भी जरूरी है।

इसी दौरान अजमेर के सुनील ने सड़क पर प्रकाश व्यवस्था से जुड़ी अपनी शिकायत का समाधान होने पर संतुष्टि जताई और धन्यवाद दिया। इस उदाहरण के साथ गुप्ता ने अधिकारियों को आमजन की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहने तथा शिकायतों पर गंभीरता से काम करने के निर्देश दिए।

1.30 लाख से अधिक शिकायतें दर्ज, करीब 97 प्रतिशत का समाधान

विभागीय आंकड़ों के अनुसार, 29 अक्टूबर तक नगरीय विकास एवं आवासन विभाग से संबंधित कुल 1,30,238 शिकायतें दर्ज हुई थीं। इनमें से 1,26,253 शिकायतों का निस्तारण किया जा चुका है। इस तरह विभाग की शिकायत निस्तारण दर 96.94 प्रतिशत रही। हालांकि, अभी भी 3,985 मामले लंबित हैं।

यह भी पढ़ें ; सिनेमा में जेंडर विविधता को मिले सम्मान, वेबिनार में उठी अहम बात

आंकड़ों के मुताबिक, शिकायतों के निस्तारण में औसतन 23 दिन का समय लग रहा है। गुप्ता ने निस्तारण अवधि में कमी आने और शिकायतकर्ताओं की संतुष्टि का स्तर बढ़ने पर संतोष जताया। साथ ही, उन्होंने लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने और समाधान की प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया।

समीक्षा बैठक में संबंधित विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे। राजस्थान संपर्क 181 के माध्यम से शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद की इस पहल का उद्देश्य शिकायत निवारण की वास्तविक स्थिति जानना और प्रशासनिक स्तर पर जवाबदेही मजबूत करना है।

Related Articles

Back to top button