दिवाली पर राजस्थान में सुरक्षा का बड़ा प्लान, CM भजनलाल ने पुलिस को दिए सख्त निर्देश
राजस्थान में धनतेरस, दीपावली और भैया दूज के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पुलिस अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। बाजारों से लेकर धार्मिक स्थलों और पर्यटन केंद्रों तक पुलिस निगरानी बढ़ेगी। साइबर अपराधियों, नशा तस्करों और सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा गया है।
- दिवाली पर राजस्थान के बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस गश्त बढ़ेगी।
- CM भजनलाल शर्मा ने साइबर अपराध और नशा तस्करी पर सख्ती के निर्देश दिए।
- पटाखों की अवैध बिक्री रोकने के साथ यातायात, पार्किंग और अग्निशमन व्यवस्था मजबूत होगी।
Rajasthan Diwali Security Plan: CM Bhajanlal Issues Strict Police Directions : दीपावली के त्योहार पर बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ और सुरक्षा संबंधी चुनौतियों को देखते हुए राजस्थान सरकार ने पुलिस प्रशासन को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कानून-व्यवस्था की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में साफ कहा कि त्योहारों के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी खुद फील्ड में उतरकर व्यवस्थाओं का जायजा लें और किसी भी घटना पर तत्काल कार्रवाई करें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि धनतेरस, दीपावली, गोवर्धन पूजा और भैया दूज के दौरान बाजारों, धार्मिक स्थलों, रेलवे स्टेशनों, बस स्टैंड और पर्यटन स्थलों पर लोगों की आवाजाही बढ़ जाती है। ऐसे में संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए। पैदल गश्त, रात्रिकालीन पेट्रोलिंग और नाकाबंदी को भी प्रभावी बनाया जाए।
यह भी पढ़े : शादी के 4 साल बाद कनिका कपूर का पति से अलग होने का फैसला
साइबर अपराधियों और नशा तस्करों पर रहेगी नजर
त्योहारों के दौरान ऑनलाइन खरीदारी और डिजिटल लेनदेन बढ़ने के साथ साइबर ठगी की आशंका भी रहती है। मुख्यमंत्री ने साइबर टीमों को 24 घंटे सक्रिय रखने और शिकायत मिलते ही कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस साइबर अपराधियों से दो कदम आगे रहकर उनके नेटवर्क की जानकारी जुटाए, ताकि धोखाधड़ी की घटनाओं को समय रहते रोका जा सके।
नशा तस्करी के खिलाफ अभियान में भी ढिलाई नहीं बरतने को कहा गया है। मुख्यमंत्री ने आशंका जताई कि त्योहारों की व्यस्तता का फायदा ड्रग माफिया उठा सकते हैं। ऐसे में सक्रिय तस्करों की पहचान कर उनके पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने की कार्रवाई की जाए।
सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर कार्रवाई
मुख्यमंत्री ने सांप्रदायिक रूप से संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरें, अफवाह या भड़काऊ सामग्री फैलाने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने को कहा। इसके लिए पुलिस सोशल मीडिया विशेषज्ञों की मदद भी लेगी। दीपावली से पहले सीएलजी सदस्यों, सीएलजी यूथ और सुरक्षा सखियों के साथ बैठकें आयोजित कर आपसी समन्वय मजबूत करने के निर्देश दिए गए।
यह भी पढ़े : राजस्थान में रेलवे ट्रैक के पास संदिग्ध धमाका, स्लीपरों में दरार
बाजारों में पार्किंग और फायर सेफ्टी पर जोर
त्योहारी खरीदारी के कारण बाजारों में यातायात का दबाव बढ़ने की संभावना है। इसे देखते हुए पार्किंग और ट्रैफिक की विशेष योजना तैयार करने को कहा गया है। व्यापारियों के साथ बैठक कर सुझाव लेने और बाजारों में लगे सभी सीसीटीवी कैमरे चालू रखने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही पटाखों की दुकानों पर सुरक्षा मानकों का पालन कराने, अवैध बिक्री और भंडारण रोकने तथा अग्निशमन वाहनों और आपातकालीन सेवाओं को तैयार रखने पर जोर दिया गया।
महिलाओं की सुरक्षा और पर्यटकों की सुविधा भी प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि इन इकाइयों से महिलाओं के खिलाफ अपराधों को रोकने में सकारात्मक परिणाम मिल रहे हैं। इससे महिलाओं में सुरक्षा और आत्मविश्वास की भावना भी मजबूत हुई है।
उन्होंने आईजी और एसपी को जिलों में अपराधों की नियमित समीक्षा कर उनकी प्रकृति और कारणों का आकलन करने को कहा। पर्यटन सीजन को देखते हुए प्रमुख पर्यटन स्थलों पर भी पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा, ताकि देश-विदेश से आने वाले पर्यटक राजस्थान से अच्छा अनुभव लेकर लौटें।
बैठक में मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) भास्कर ए. सावंत, पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा और अतिरिक्त मुख्य सचिव (मुख्यमंत्री) अखिल अरोड़ा सहित पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। सभी जिलों के पुलिस अधीक्षक और पुलिस महानिरीक्षक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।



