ई-मित्र WhatsApp पर अब 103 सरकारी सेवाएं
राजस्थान में डिजिटल सरकारी सेवाओं को लेकर बड़ी सुविधा सामने आई है। ई-मित्र WhatsApp सेवा पर अब 103 सरकारी सेवाएं उपलब्ध हैं। इस प्लेटफॉर्म पर 2.32 लाख से अधिक ट्रांजैक्शन हो चुके हैं। नागरिक प्रमाण-पत्र, बिजली कनेक्शन, बिल भुगतान, दस्तावेज डाउनलोड और आवेदन की स्थिति जैसी कई सुविधाएं मोबाइल से घर बैठे हासिल कर सकते हैं।
- ई-मित्र WhatsApp सेवा पर सरकारी सेवाओं की संख्या 51 से बढ़कर 103 हुई।
- 2.32 लाख से अधिक ट्रांजैक्शन अब तक इस डिजिटल प्लेटफॉर्म पर दर्ज।
- राजस्थान सरकार की सेवा में आवेदन, डाउनलोड, पेमेंट और स्टेटस चेक की सुविधा।
Rajasthan e-Mitra WhatsApp Now Offers 103 Government Services : राजस्थान में सरकारी सेवाओं को मोबाइल तक पहुंचाने की दिशा में ई-मित्र WhatsApp सेवा का दायरा तेजी से बढ़ा है। अब इस प्लेटफॉर्म पर 103 सरकारी सेवाएं उपलब्ध हो गई हैं। सेवा शुरू होने के बाद अब तक 2.32 लाख से ज्यादा ट्रांजैक्शन दर्ज किए जा चुके हैं।
यह सेवा 1 जुलाई को आयोजित नेशनल कॉन्फ्रेंस ऑन ई-गवर्नेंस के दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने लॉन्च की थी। शुरुआत में WhatsApp प्लेटफॉर्म पर 51 सेवाएं उपलब्ध थीं, जिन्हें अब बढ़ाकर 103 कर दिया गया है।
सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग के विशिष्ट सचिव एवं आयुक्त हिमांशु गुप्ता के अनुसार, बजट घोषणा 2025-26 में तय 100 से अधिक सरकारी सेवाओं को ई-मित्र WhatsApp के जरिए उपलब्ध कराने का लक्ष्य पूरा हो चुका है। नागरिक 9461062705 नंबर के जरिए इन सेवाओं का इस्तेमाल कर सकते हैं।
यह भी पढ़ें : पशुपतिनाथ पहुंचे जनरल धीरज सेठ, की विशेष पूजा
प्लेटफॉर्म पर राजस्व, गृह, जन आधार, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, बिजली, स्थानीय निकाय, शिक्षा, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता और पुलिस सहित कई विभागों की सेवाएं जोड़ी गई हैं।
ई-मित्र WhatsApp पर सेवाओं को चार प्रमुख श्रेणियों में बांटा गया है। इनमें एप्लीकेशन, डाउनलोड, पेमेंट और स्टेटस चेक शामिल हैं।
नागरिक बोनाफाइड प्रमाण-पत्र, जाति प्रमाण-पत्र, ईडब्ल्यूएस आय एवं परिसंपत्ति प्रमाण-पत्र और नए बिजली कनेक्शन के लिए आवेदन कर सकते हैं। बिजली संबंधी शिकायत और पुलिस शिकायत दर्ज कराने की सुविधा भी उपलब्ध है।
यह भी पढ़ें : AI से स्मार्ट होगी राजस्थान पुलिस, कोटा में ट्रेनिंग शुरू
‘डाउनलोड’ विकल्प के जरिए जन आधार कार्ड, बोनाफाइड प्रमाण-पत्र, जमाबंदी, राशन कार्ड प्रमाण-पत्र, एनएफएसए प्रमाण-पत्र और बिजली बिल जैसे दस्तावेज मोबाइल पर हासिल किए जा सकते हैं। इनमें जन आधार, बोनाफाइड, जमाबंदी और राशन कार्ड से जुड़े दस्तावेजों का खासा इस्तेमाल हुआ है।
पेमेंट सेक्शन में बिजली और पानी के बिल के अलावा बिजली विभाग की डिमांड तथा राजस्थान महिला निधि की ईएमआई का भुगतान किया जा सकता है।
यह भी पढ़ें : केसरिया ध्वज के साथ डिग्गी की राह निकले हजारों भक्त
वहीं, स्टेटस चेक सुविधा के जरिए ई-मित्र ट्रांजैक्शन, जॉब कार्ड, बिजली शिकायत और विभिन्न योजनाओं के आवेदन या लाभ की स्थिति देखी जा सकती है।
वर्तमान में उपलब्ध 103 सेवाओं में 32 एप्लीकेशन, 36 डाउनलोड, 6 पेमेंट और 29 स्टेटस चेक सेवाएं शामिल हैं।
इसके लिए सबसे पहले 9461062705 नंबर मोबाइल में सेव करना होगा। इसके बाद WhatsApp पर ‘Hi’, ‘Hello’, ‘eMitra’ या ‘Team’ लिखकर संदेश भेजने पर सेवा शुरू की जा सकती है। नागरिक अपनी जरूरत के अनुसार सेवा चुन सकते हैं।



