किसानों को दिवाली गिफ्ट, अब दिन में मिलेगी बिजली
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दीपावली से पहले किसानों को बड़ी राहत दी है। नागौर के बिरलोका में 220 केवी ग्रिड सब-स्टेशन शुरू होने से अजमेर डिस्कॉम के सभी 14 जिलों में किसानों को दिन में दो ब्लॉक में बिजली मिल सकेगी। इससे रात में सिंचाई करने की परेशानी घटेगी और बिजली आपूर्ति की गुणवत्ता में भी सुधार होगा।
- किसानों को दिन में बिजली: अजमेर डिस्कॉम के सभी 14 जिलों में अब दिन के समय दो ब्लॉक में बिजली मिलेगी।
- नागौर में नया जीएसएस: बिरलोका में करीब 170 करोड़ रुपये की लागत से बना 220 केवी ग्रिड सब-स्टेशन शुरू।
- 26 जिलों तक पहुंची सुविधा: प्रदेश में अब तक 26 जिलों के किसानों को दिन में बिजली उपलब्ध कराई जा रही है।
Rajasthan Farmers Get Daytime Power Before Diwali : राजस्थान के किसानों को दीपावली से पहले बड़ी राहत मिली है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की दिन में बिजली उपलब्ध कराने की योजना के तहत नागौर जिले के बिरलोका में 220 केवी ग्रिड सब-स्टेशन (जीएसएस) शुरू कर दिया गया है। इसके चालू होने से अजमेर विद्युत वितरण निगम (डिस्कॉम) के सभी 14 जिलों में किसानों को दिन के समय दो ब्लॉक में बिजली आपूर्ति का लाभ मिल सकेगा।
इस व्यवस्था का सबसे बड़ा फायदा किसानों को सिंचाई के लिए रात में खेतों पर जाने की मजबूरी कम होने के रूप में मिलेगा। इससे कृषि कार्य पहले की तुलना में अधिक सुविधाजनक और सुरक्षित हो सकेगा। बिरलोका के साथ नारवा, हिसाबा, पांचला सिद्धा, खींवसर और पांचौड़ी सहित आसपास के क्षेत्रों के किसानों को भी इसका लाभ मिलेगा। विशेष रूप से खींवसर तहसील में दिन के समय बिजली आपूर्ति की व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
यह भी पढे : ब्रिक्स संसदों को ओम बिरला का संदेश, अब ठोस नतीजों पर जोर
बिरलोका में स्थापित इस ग्रिड सब-स्टेशन पर करीब 170 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। यहां 160 एमवीए क्षमता का 220/132 केवी पावर ट्रांसफॉर्मर लगाया गया है। इसके शुरू होने से क्षेत्र की बिजली व्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ आपूर्ति की विश्वसनीयता भी बढ़ने की उम्मीद है।
परियोजना में अत्याधुनिक स्काडा प्रणाली का उपयोग किया गया है। इससे पश्चिमी राजस्थान में उत्पादित सौर ऊर्जा का नागौर जिले में बेहतर उपयोग करने में मदद मिलेगी। साथ ही बिजली छीजत कम करने और वोल्टेज स्तर सुधारने में भी सहायता मिलेगी।
यह भी पढे : एलायंस फ्रांसेज़ जयपुर का प्री-दिवाली मिलन, रामगढ़ लॉज में सजे खुशियों के रंग
अजमेर डिस्कॉम के 14 जिलों में से अब तक 13 जिलों में किसानों को दिन के समय दो ब्लॉक में बिजली देने की व्यवस्था लागू थी। बिरलोका जीएसएस शुरू होने के बाद शेष जिले में भी यह सुविधा उपलब्ध कराने का रास्ता साफ हो गया है।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बजट घोषणा के तहत वर्ष 2027 तक प्रदेश के किसानों को दिन में बिजली उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा है। सरकार के अनुसार, अब तक राजस्थान के 26 जिलों में किसानों को दिन के समय बिजली दी जा रही है। इस पहल का उद्देश्य खेती को सुविधाजनक बनाना और किसानों को सिंचाई के लिए रात में बिजली पर निर्भर रहने से राहत देना है।



