राजस्थान के किसानों को बड़ी राहत, 21.27 करोड़ के बीमा विवाद सुलझे
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत राजस्थान के किसानों को बड़ी राहत मिली है। राज्य स्तरीय शिकायत निराकरण समिति की बैठक में करीब 21.27 करोड़ रुपये के बीमा दावों से जुड़ी आपत्तियों का निस्तारण किया गया। डूंगरपुर और जालौर के मामलों में किसानों को राहत मिली है। कृषि विभाग ने स्पष्ट किया कि पात्र किसानों के दावों का निपटारा पारदर्शिता और निर्धारित नियमों के अनुसार किया जाएगा।
- प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत 21.27 करोड़ के बीमा दावों से जुड़ी आपत्तियों का हुआ पारदर्शी निस्तारण
- डूंगरपुर और जालोर जिलों के हजारों किसानों को मिलेगा सीधा आर्थिक लाभ, फसल कटाई प्रयोगों पर बनी सहमति
- प्रमुख शासन सचिव मंजू राजपाल का स्पष्ट निर्देश : किसानों के बीमा क्लेम में देरी अब बर्दाश्त नहीं होगी
Major relief for Rajasthan’s farmers : राजस्थान में फसल बीमा दावों को लेकर लंबे समय से चल रही आपत्तियों के निस्तारण की दिशा में किसानों को राहत मिली है। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत करीब 21.27 करोड़ रुपये के दावों से जुड़े मामलों को सुलझाया गया है। इनमें डूंगरपुर और जालौर जिले के अलग-अलग फसल सीजन के प्रकरण शामिल हैं।

पंत कृषि भवन में प्रमुख शासन सचिव कृषि एवं उद्यानिकी मंजू राजपाल की अध्यक्षता में राज्य स्तरीय शिकायत निराकरण समिति (एसजीआरसी) की बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुई। बैठक में बीमा कंपनियों की ओर से फसल कटाई प्रयोगों पर दर्ज आपत्तियों और जिलों से मिले अन्य मामलों की समीक्षा कर उनका निस्तारण किया गया।
डूंगरपुर के किसानों को 7.69 करोड़ रुपये की राहत
बैठक में डूंगरपुर जिले के खरीफ सीजन 2025 के मामलों पर अहम फैसला लिया गया। यहां बीमा कंपनी ने 155 फसल कटाई प्रयोगों पर आपत्तियां दर्ज की थीं। समिति ने इन मामलों की समीक्षा के बाद आपत्तियों का निस्तारण किया, जिससे किसानों को करीब 7.69 करोड़ रुपये का लाभ मिला।
यह भी पढ़ें ; निकाय चुनावों में प्रचंड जीत के बाद अब पंचायती राज की बारी, भजनलाल ने बनाया ‘ट्रिपल इंजन’ का मास्टरप्लान
फसल कटाई प्रयोगों के आंकड़ों के आधार पर फसल की पैदावार का आकलन किया जाता है। ऐसे में इनसे जुड़े विवादों का समाधान किसानों के बीमा दावों के लिए महत्वपूर्ण है।
जालौर में भी बीमा दावों का रास्ता साफ
जालौर जिले में रबी सीजन 2023-24 के दौरान चवरडा पटवार मंडल में सरसों की फसल के फसल कटाई प्रयोगों पर बीमा कंपनी की ओर से दर्ज आपत्तियों का निस्तारण किया गया। इसके बाद किसानों के 1.22 करोड़ रुपये के बीमा क्लेम मंजूर किए गए।
इसके अलावा खरीफ सीजन 2024 में जालौर के 13 पटवार मंडलों से जुड़े मामलों को भी सुलझाया गया। इन प्रकरणों में गिरदावरी रिपोर्ट और उपलब्ध रिकॉर्ड के आधार पर बीमित क्षेत्र तथा वास्तव में बोए गए क्षेत्र के बीच अंतर को लेकर आपत्तियां थीं। समिति ने संबंधित अभिलेखों की जांच के बाद करीब 12.36 करोड़ रुपये की आपत्तियों का निस्तारण किया और किसानों को राहत दी।
किसानों के दावों में देरी नहीं हो: मंजू राजपाल
प्रमुख शासन सचिव मंजू राजपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना प्राकृतिक आपदाओं और प्रतिकूल परिस्थितियों में फसल खराब होने पर किसानों को आर्थिक सुरक्षा देती है। इसलिए योजना का लाभ पात्र किसानों तक पहुंचना जरूरी है।
उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट किया कि बीमा संबंधी शिकायतों और आपत्तियों का निपटारा निर्धारित नियमों, उपलब्ध दस्तावेजों और वास्तविक तथ्यों के आधार पर पारदर्शी तरीके से किया जाए। किसानों के हित सर्वोपरि हैं और किसी भी मामले के निस्तारण में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।
कृषि विभाग और बीमा कंपनियों के बीच समन्वय पर जोर
कृषि आयुक्त नरेश कुमार गोयल ने कहा कि योजना को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए कृषि विभाग, बीमा कंपनियों और संबंधित वित्तीय संस्थानों के बीच बेहतर तालमेल जरूरी है। उन्होंने बताया कि मामलों की जांच में संबंधित दस्तावेजों और तथ्यों का परीक्षण किया गया, ताकि पात्र किसानों को बीमा का लाभ लेने में परेशानी न हो।
यह भी पढ़ें ; जेन-जी का राहुल गांधी से जुड़ाव, गहलोत ने कही बड़ी बात
बैठक में आयुक्त उद्यानिकी सोहन लाल, अतिरिक्त निदेशक कृषि आदान दानवीर सिंह, समिति के सदस्य, संबंधित विभागीय अधिकारी और बीमा कंपनियों के प्रतिनिधि शामिल हुए।



