हौसले को मिलेगी नई उड़ान, विशेष योग्यजनों के सपने पूरे करेगी राजस्थान सरकार

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि दृढ़ इच्छाशक्ति और लगातार मेहनत के दम पर कोई भी मंजिल हासिल की जा सकती है। विशेष योग्यजनों को सम्मान, आत्मनिर्भरता और समान अवसर देना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। सरकार शिक्षा, रोजगार, खेल और आर्थिक सहायता के माध्यम से उनके सपनों को साकार करने में सहयोगी बनेगी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विशेष योग्यजन युवाओं से संवाद किया और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों व समाजसेवियों को सम्मानित किया।

  • मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने विशेष योग्यजनों के सशक्तीकरण के लिए समान अवसर नीति का किया ऐलान।
  • दिव्यांगों के सपनों को साकार करने में राजस्थान सरकार सारथी बनकर हर कदम पर देगी साथ।
  • पैरालंपियन मोना अग्रवाल, कृष्णा नागर और पद्मभूषण डॉ. डी.आर. मेहता को किया गया विशेष तौर पर सम्मानित।

Rajasthan Government to Support Dreams of Specially-Abled Youth : राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने विशेष योग्यजन युवाओं का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि शारीरिक सीमाएं किसी व्यक्ति की सफलता का रास्ता नहीं रोक सकतीं। असली ताकत उसके आत्मविश्वास, संकल्प और लगातार प्रयास करने की क्षमता में होती है। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश में प्रत्येक विशेष योग्यजन को आगे बढ़ने के लिए बेहतर अवसर और जरूरी संसाधन उपलब्ध हों।

मुख्यमंत्री शनिवार को जयपुर में आयोजित ‘सपनों की उड़ान-असंभव कुछ भी नहीं’ कार्यक्रम के तहत विशेष योग्यजन युवा संवाद को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र को आधार बनाकर राज्य सरकार विशेष योग्यजनों के सशक्तीकरण के लिए काम कर रही है।

हौसले को मिलेगी नई उड़ान, विशेष योग्यजनों के सपने पूरे करेगी राजस्थान सरकार
Image Source : Via DIPR

उन्होंने युवाओं से कहा कि वे अपनी क्षमताओं पर भरोसा रखें और बड़े लक्ष्य तय करने से पीछे न हटें। सरकार उनके सपनों को पूरा करने में सहयोगी बनेगी। मुख्यमंत्री के अनुसार, भारत की युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी पूंजी है। युवाओं में नई सोच, ऊर्जा और चुनौतियों को अवसर में बदलने का साहस है।

विशेष योग्यजनों के लिए कई योजनाएं लागू

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिव्यांगजनों के सम्मान और सामाजिक भागीदारी को बढ़ावा देने के लिए कई महत्वपूर्ण पहल की हैं। सुगम्य भारत अभियान के माध्यम से सार्वजनिक स्थानों और सुविधाओं को अधिक सुलभ बनाने की दिशा में काम हुआ है। इसके अलावा, दिव्यांगता की मान्यता प्राप्त श्रेणियों की संख्या 7 से बढ़ाकर 21 की गई है।

हौसले को मिलेगी नई उड़ान, विशेष योग्यजनों के सपने पूरे करेगी राजस्थान सरकार
Image Source : Via DIPR

इसी दिशा में राजस्थान सरकार ने भी समान अवसर नीति-2025 लागू की है। प्रदेश में अब तक 2 लाख 71 हजार यूडीआईडी कार्ड जारी किए जा चुके हैं। अनुजा निगम के माध्यम से विशेष योग्यजनों सहित विभिन्न श्रेणियों के 7 हजार लोगों को स्वरोजगार के लिए ऋण उपलब्ध कराया गया है।

यह भी पढ़ें ; महिमा ग्रुप मानसरोवर में 3.75 एकड़ पर करेगा 525 करोड़ रुपये का निवेश

आर्थिक सहायता के मोर्चे पर भी सरकार ने कई कदम उठाए हैं। विशेष योग्यजन आवासीय संस्थानों में रहने वाले विद्यार्थियों का मैस भत्ता बढ़ाकर 3,250 रुपये प्रतिमाह कर दिया गया है। वहीं, करीब 5.5 लाख लोगों को हर महीने 1,350 रुपये की सामाजिक सुरक्षा पेंशन दी जा रही है। सरकार के अनुसार, पिछले वर्ष 2,500 स्कूटी और बीते दो वर्षों में 44 हजार सहायक उपकरण वितरित किए गए हैं।

रोजगार और कौशल विकास पर भी फोकस

मुख्यमंत्री ने युवाओं के लिए रोजगार और कौशल विकास से जुड़ी योजनाओं का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि प्रदेश में अब तक 410 से अधिक भर्ती परीक्षाएं पारदर्शिता के साथ आयोजित की जा चुकी हैं। सरकारी क्षेत्र में 1 लाख 93 हजार नियुक्तियां दी गई हैं, जबकि 1 लाख 18 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है। इसके अलावा, 70 हजार से अधिक पदों पर जल्द भर्ती शुरू करने की तैयारी है।

निजी क्षेत्र में भी 5 लाख युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए हैं। राज्य सरकार अब तक 3 लाख 70 हजार युवाओं को कौशल प्रशिक्षण दे चुकी है। मुख्यमंत्री युवा संबल योजना के तहत 4 लाख लाभार्थियों को 1,643 करोड़ रुपये वितरित किए गए हैं।

उच्च और तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश में 21 नए सरकारी पॉलिटेक्निक कॉलेज और 76 नए राजकीय महाविद्यालय स्थापित किए गए हैं। इसके साथ ही 220 सरकारी कॉलेज भवनों का निर्माण भी पूरा किया जा चुका है।

नशामुक्ति से लेकर स्टार्टअप तक युवाओं को प्रोत्साहन

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखने के उद्देश्य से प्रदेश के 305 महाविद्यालयों में ‘नई किरण’ नशा मुक्ति केंद्र स्थापित किए गए हैं। सरकार चाहती है कि युवा केवल नौकरी पाने तक सीमित न रहें, बल्कि उद्यमी बनकर दूसरों को भी रोजगार दें।

इसी सोच के तहत प्रदेश में स्टार्टअप के लिए अनुकूल माहौल तैयार किया जा रहा है। अब तक 5 हजार से अधिक स्टार्टअप पंजीकृत हुए हैं और 65 आई-स्टार्ट लॉन्चपैड नेस्ट स्थापित किए गए हैं।

खेलों में प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए भी कई पहल की गई हैं। प्रदेश में 17 नए खेलो इंडिया केंद्र शुरू किए गए हैं। वहीं, 41 जिला मुख्यालयों पर ‘एक जिला एक खेल योजना’ के तहत खेल अकादमियां संचालित की जा रही हैं। प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए राजस्थान टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम भी लागू की गई है।

खिलाड़ियों और समाजसेवियों का सम्मान

मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान के विशेष योग्यजन खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत और प्रतिभा से प्रदेश को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई है। पैरा एशियन गेम्स में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के साथ प्रशासनिक सेवाओं में विशेष योग्यजन युवाओं की उपलब्धियां भी प्रेरणादायक हैं।

यह भी पढ़ें ; सेप्सिस को हल्के में न लें, समय पर इलाज बचा सकता है जान

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने पैरा निशानेबाज मोना अग्रवाल, सृष्टि अरोड़ा और कृष्णा नागर को खेल जगत में प्रदेश का गौरव बढ़ाने के लिए सम्मानित किया। वहीं, विशेष योग्यजनों के सशक्तीकरण में उल्लेखनीय योगदान के लिए पद्म भूषण डी.आर. मेहता को भी सम्मान दिया गया।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने वन विभाग में नियुक्त पैरा खिलाड़ियों के स्थायीकरण से जुड़े मामले में आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

युवाओं ने साझा किए संघर्ष और सफलता के अनुभव

संवाद कार्यक्रम में दृष्टिबाधित प्रशिक्षु आईएएस अधिकारी मनु गर्ग ने प्रशासनिक सेवाओं की तैयारी के दौरान आत्मविश्वास और निरंतर मेहनत की भूमिका पर अपने विचार रखे। पैरालंपिक पदक विजेता निशानेबाज मोना अग्रवाल ने अपने संघर्ष और खेल यात्रा के अनुभव साझा किए।

पूर्व आईएएस अधिकारी और भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति के संस्थापक डी.आर. मेहता ने कहा कि विशेष योग्यजनों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार और सामाजिक संस्थाओं को मिलकर काम करना चाहिए।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए उदयपुर की राष्ट्रीय पैरा फेंसिंग खिलाड़ी सुनीता कुमारी और जैसलमेर के सामाजिक कार्यकर्ता सज्जन खां भी कार्यक्रम से जुड़े। उन्होंने अपने अनुभव साझा किए।

इस अवसर पर मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, युवा मामले एवं खेल विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव प्रवीण गुप्ता, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव दिनेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। प्रदेश के अलग-अलग जिलों से भी बड़ी संख्या में विशेष योग्यजन युवा ऑनलाइन माध्यम से कार्यक्रम में शामिल हुए।

Related Articles

Back to top button