राजस्थान में सितंबर की गर्मी ने चौंकाया, पारा 43 पार
राजस्थान में मानसून की विदाई के साथ मौसम ने अचानक करवट ली है। पश्चिमी जिलों में तेज गर्मी और गर्म हवाओं ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। बाड़मेर और जैसलमेर में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, जबकि जोधपुर में सितंबर की गर्मी ने कई साल का रिकॉर्ड तोड़ा। हालांकि, 27 सितंबर से कुछ इलाकों में बारिश के आसार हैं।
- राजस्थान में गर्मी: बाड़मेर-जैसलमेर में तापमान 43 डिग्री के पार।
- सितंबर का रिकॉर्ड: जोधपुर में पारा 41.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
- मौसम बदलाव: 27 सितंबर से पूर्वी राजस्थान में आंधी-बारिश की संभावना।
Rajasthan Heat Surges as Mercury Crosses 43°C: राजस्थान में मानसून की विदाई के साथ ही गर्मी ने एक बार फिर जोर पकड़ लिया है। लगातार दूसरे दिन प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान सामान्य से काफी ऊपर रहा। पश्चिमी राजस्थान में तो हालात ऐसे रहे कि बाड़मेर और जैसलमेर में दिन का तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया।
गुरुवार को बाड़मेर में अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री और जैसलमेर में 43.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं जोधपुर में पारा 41.7 डिग्री तक पहुंच गया। सितंबर के दौरान इतनी गर्मी ने यहां पिछले कुछ वर्षों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।
पश्चिमी राजस्थान के दूसरे जिलों में भी गर्मी का असर साफ नजर आया। बीकानेर में 41.6 डिग्री, चूरू में 40.5, नागौर में 40.3, फतेहपुर में 39.5, पिलानी में 39.2 और जालोर में 39.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
दिन के तापमान के साथ रात में भी गर्मी बढ़ने से लोगों को राहत नहीं मिल रही है। कई इलाकों में तेज गर्म हवाओं और उमस ने परेशानी बढ़ा दी है। मानसून की विदाई के तुरंत बाद बदले मौसम ने लोगों को एक बार फिर गर्मी का एहसास करा दिया है।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा के मुताबिक, मानसून की वापसी के बाद हवाओं की दिशा में बदलाव आता है। इस दौरान वातावरण में प्रतिचक्रवाती परिसंचरण बनने से पश्चिम दिशा से गर्म हवाएं राजस्थान और आसपास के इलाकों में पहुंचती हैं। मौजूदा तापमान बढ़ने के पीछे इसे प्रमुख कारणों में माना जा रहा है।
यह भी पढ़ें:त्योहारों में बढ़ेगी कर्ज मांग, बैंकों को लिक्विडिटी पर नजर
मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो से तीन दिन तक प्रदेश के कई हिस्सों में गर्मी का दौर जारी रह सकता है। हालांकि, इसके बाद मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं।
गुरुवार को जयपुर, अजमेर, भरतपुर और जोधपुर संभाग से मानसून पूरी तरह विदा हो गया। फिलहाल कोटा और उदयपुर संभाग में मानसून की गतिविधियां बनी हुई हैं। मौसम विभाग के अनुसार, इन इलाकों से भी अगले दो-तीन दिनों में मानसून की विदाई हो सकती है।
इसके बाद 27 सितंबर से मौसम में बदलाव की संभावना है। पूर्वी राजस्थान के सीकर, झुंझुनूं, जयपुर, अलवर, दौसा, भरतपुर, धौलपुर, करौली और सवाई माधोपुर में 27 सितंबर को आंधी और बारिश के आसार जताए गए हैं।
वहीं 28 सितंबर को अलवर, दौसा, भरतपुर, धौलपुर, करौली और सवाई माधोपुर में भी मौसम बदल सकता है। ऐसे में पश्चिमी राजस्थान में जहां फिलहाल गर्मी का असर बना हुआ है, वहीं पूर्वी हिस्सों में अगले कुछ दिनों में बारिश से तापमान में राहत मिलने की संभावना है।



