इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों की गुणवत्ता पर कड़ा पहरा : 109 दुकानों पर छापे, कई जगह कमियां मिलने पर सामान जब्त
राजस्थान में उपभोक्ताओं को सही जानकारी और सुरक्षित खरीदारी का अधिकार दिलाने के लिए उपभोक्ता मामले विभाग ने विद्युत एवं इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों की जांच का विशेष अभियान चलाया। 109 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया, अनियमितताओं पर 35 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया और छह मामलों में सुधार नोटिस जारी हुए। अलवर, उदयपुर और टोंक में नियमों के उल्लंघन पर विशेष कार्रवाई की गई।
- उपभोक्ता मामलों के मंत्री सुमित गोदारा के निर्देश पर राजस्थान भर के प्रतिष्ठानों पर व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया गया
- नियमों की अनदेखी करने वाले 109 प्रतिष्ठानों की जांच हुई, जिनमें अनियमितता मिलने पर 35,000 का जुर्माना वसूला गया
- अलवर, उदयपुर और टोंक में इलेक्ट्रॉनिक सामानों पर जरूरी घोषणाएं न मिलने पर उत्पाद जब्त कर सुधार नोटिस जारी किए गए
Strict oversight of electronic product quality : बाजार से इलेक्ट्रिक या इलेक्ट्रॉनिक सामान खरीदते समय उसकी पैकेजिंग पर जरूरी जानकारी दर्ज होना उपभोक्ताओं के लिए अहम है। इसी नियम का पालन सुनिश्चित करने के लिए राजस्थान में उपभोक्ता मामले विभाग ने विशेष निरीक्षण अभियान चलाया। इस कार्रवाई के दौरान प्रदेशभर में 109 प्रतिष्ठानों की जांच की गई और नियमों में खामियां मिलने पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
यह भी पढ़ें ; अमृता हाट पहुंचीं दिया कुमारी, महिलाओं को दिया कमाई बढ़ाने का मंत्र
उपभोक्ता मामले मंत्री सुमित गोदारा के निर्देश पर 13 अक्टूबर को चलाए गए इस अभियान का संचालन विभाग के विधिक माप विज्ञान प्रकोष्ठ ने किया। जांच में उत्पादों पर अनिवार्य घोषणाओं की स्थिति देखी गई। अभियान के दौरान कुल 35,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया, जबकि छह मामलों में सुधार नोटिस जारी किए गए।
अलवर और उदयपुर में उत्पाद जब्त
अभियान के दौरान अलवर और उदयपुर में भी नियमों के उल्लंघन के मामले सामने आए। अलवर स्थित बालाजी सैनिटरी एंड इलेक्ट्रिकल्स में Indo Hitech Alliances Ltd. की डेयरी मशीन मथानी की जांच की गई। उत्पाद पर जरूरी घोषणाएं निर्धारित नियमों के अनुरूप नहीं मिलने पर उसे जब्त कर नोटिस जारी किया गया।
इसी तरह, उदयपुर के शोभागपुरा स्थित अमंत्रा प्रतिष्ठान में Amantra India Electric Pvt. Ltd. की स्पॉट लाइट की जांच हुई। यहां भी आवश्यक घोषणाओं में कमी मिलने पर संबंधित उत्पाद जब्त किया गया और नोटिस जारी किया गया।
टोंक में इलेक्ट्रिक ब्लेंडर की जांच
टोंक में इलेक्ट्रिक ब्लेंडर फॉर कर्ड यानी दही मथने वाली मशीनों पर दर्ज जानकारी की जांच के दौरान तीन प्रतिष्ठानों में अनियमितताएं मिलीं।
स्मार्ट चॉइस इलेक्ट्रॉनिक्स, कामधेनु सर्किल : Cool Star ब्रांड के इलेक्ट्रिक ब्लेंडर पर अनिवार्य घोषणाएं नियमों के मुताबिक नहीं मिलीं। उत्पाद जब्त कर नोटिस जारी किया गया।
बेबी स्टील इलेक्ट्रॉनिक, अमीर गंज बाजार : Cool Star ब्रांड के इलेक्ट्रिक ब्लेंडर की घोषणाओं में भी निर्धारित मानकों के अनुरूप जानकारी नहीं मिली।
श्री नाथ प्लाजा, पुरानी चुंगी : All Max ब्रांड के इलेक्ट्रिक ब्लेंडर पर आवश्यक घोषणाओं में अनियमितता पाई गई।
विभाग ने इन मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की। निरीक्षण का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सामान खरीदने से पहले ग्राहकों को उत्पाद से जुड़ी जरूरी जानकारी उपलब्ध हो।
पैकेजिंग पर सही जानकारी देना जरूरी
उपभोक्ता मामले विभाग के अनुसार, विद्युत एवं इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों की पैकेजिंग पर अनिवार्य घोषणाएं दर्ज होना नियमों का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इससे ग्राहकों को खरीदारी के समय उत्पाद के बारे में जरूरी जानकारी मिलती है और वे सोच-समझकर फैसला ले सकते हैं।
यह भी पढ़ें ; राजस्थान के किसानों को बड़ी राहत, 21.27 करोड़ के बीमा विवाद सुलझे
विभाग ने निर्माताओं, पैकर्स और व्यापारियों से विधिक माप विज्ञान के नियमों का पूरी तरह पालन करने की अपील की है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा और बाजार में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए निरीक्षण अभियान आगे भी जारी रहेगा।
शिकायत के लिए इस नंबर पर करें संपर्क
अगर किसी उपभोक्ता को अपने अधिकारों से जुड़ी शिकायत दर्ज करानी है या सहायता चाहिए, तो वह 14435 हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क कर सकता है।



