मिलावट पर वार तेज, 429 किलो खाद्य सामग्री नष्ट

राजस्थान में त्योहारी सीजन से पहले खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए ‘शुद्ध आहार–मिलावट पर वार’ अभियान के तहत कार्रवाई तेज कर दी गई है। सोमवार को 60 प्रतिष्ठानों की जांच कर 94 नमूने लिए गए। अलग-अलग जिलों में 429 किलो दूषित खाद्य सामग्री नष्ट की गई, जबकि खैरथल-तिजारा में 300 किलो मिल्क प्रोडक्ट जब्त किए गए।

  • मिलावट पर वार अभियान में 60 प्रतिष्ठानों की जांच।
  • 429 किलो दूषित खाद्य सामग्री मौके पर नष्ट।
  • खैरथल-तिजारा में 300 किलो मिल्क प्रोडक्ट जब्त।

Crackdown on adulteration intensifies, 429 kg of food items destroyed : राजस्थान में त्योहारी सीजन को देखते हुए खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ अभियान तेज हो गया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर के निर्देशन में चल रहे ‘शुद्ध आहार–मिलावट पर वार’ अभियान के तहत सोमवार को प्रदेशभर में खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की गई।

मिलावट पर वार तेज, 429 किलो खाद्य सामग्री नष्ट
Image Source : Via Dipr

खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण विभाग की टीमों ने एक दिन में 60 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया और 94 खाद्य नमूने लिए। इनमें 53 विधिक और 41 सर्विलांस नमूने शामिल रहे। दूध और दुग्ध उत्पादों के अलावा मिठाई, मावा, घी, खाद्य तेल, मक्खन और पनीर जैसे खाद्य पदार्थ जांच के दायरे में रहे।

यह भी पढ़ें ; खाद की बुकिंग होगी आसान, 5 जिलों में नई व्यवस्था लागू

जांच के दौरान जहां खाद्य सामग्री मानव उपभोग के योग्य नहीं मिली, वहां विभाग ने तत्काल कार्रवाई की। अलग-अलग जिलों में कुल 429 किलो दूषित खाद्य सामग्री नष्ट कराई गई। इसमें 257 किलो मिठाइयां, 142 किलो मिल्क प्रोडक्ट्स, 10 किलो घी एवं तेल और 20 किलो अन्य खाद्य सामग्री शामिल रही।

सवाई माधोपुर, चूरू, अलवर, कोटपूतली-बहरोड़, राजसमंद, अजमेर और भीलवाड़ा समेत कई जिलों में दूषित मिठाइयों को नियमानुसार नष्ट कराया गया। वहीं भीलवाड़ा, ब्यावर, सीकर, करौली और अजमेर में मिल्क प्रोडक्ट्स पर भी कार्रवाई हुई।

सबसे बड़ी जब्ती खैरथल-तिजारा जिले में सामने आई। यहां खाद्य सुरक्षा टीम ने संदिग्ध गुणवत्ता वाले करीब 300 किलो मिल्क प्रोडक्ट्स को जब्त किया। जब्त सामग्री को लेकर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।

प्रमुख शासन सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य गायत्री राठौड़ ने कहा कि जनस्वास्थ्य के मामले में किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों में मिलावट और खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन के खिलाफ विभाग की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

खाद्य सुरक्षा आयुक्त डॉ. टी. शुभमंगला के निर्देशन में हुई कार्रवाई के बाद विभाग ने त्योहारी सीजन में निगरानी और बढ़ाने के संकेत दिए हैं। अतिरिक्त आयुक्त भगवत सिंह ने बताया कि दूध, मावा, मिठाई, पनीर, घी और अन्य खाद्य पदार्थों की नियमित जांच के साथ नमूनीकरण की कार्रवाई तेज की गई है।

जांच में किसी खाद्य पदार्थ के सब-स्टैंडर्ड, अनसेफ या मिसब्रांडेड पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने खाद्य कारोबारियों से साफ-सफाई और गुणवत्ता संबंधी नियमों का पालन करने की अपील की है।

यह भी पढ़ें ; राजस्थान में सड़क कनेक्टिविटी को रफ्तार, गांवों तक पहुंचेगा विकास

साथ ही आमजन से भी संदिग्ध या मिलावटी खाद्य पदार्थों की जानकारी विभाग तक पहुंचाने का आग्रह किया गया है। त्योहारी मौसम में मिठाई, दूध और अन्य खाद्य उत्पादों की मांग बढ़ने के बीच विभाग की यह कार्रवाई उपभोक्ताओं के लिए सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने की कोशिश के तौर पर देखी जा रही है।

Related Articles

Back to top button