मिलावटखोरों पर सख्त एक्शन : त्योहारी सीजन से पहले 300 किलो नकली मिठाई सील

त्योहारी सीजन शुरू होने से पहले राजस्थान में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरी के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। प्रदेशभर में एक दिन में 102 खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच कर 142 नमूने लिए गए। जांच के दौरान 893 किलोग्राम से अधिक संदिग्ध खाद्य सामग्री नष्ट कराई गई, जबकि नियमों की अनदेखी करने वाले नौ कारोबारियों को सुधार नोटिस जारी किए गए हैं।

  • मिलावट पर वार अभियान के तहत 102 प्रतिष्ठानों की जांच।
  • खाद्य सुरक्षा टीमों ने 142 खाद्य नमूने लिए।
  • त्योहारों से पहले 893 किलो से अधिक संदिग्ध सामग्री नष्ट।

300 kg of fake sweets seized ahead of festive season : त्योहारों का सीजन नजदीक आते ही राजस्थान में मिलावटी और असुरक्षित खाद्य सामग्री के खिलाफ कार्रवाई तेज हो गई है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खीवसर के निर्देश पर चल रहे “शुद्ध आहार–मिलावट पर वार” अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण विभाग की टीमें प्रदेशभर में निरीक्षण कर रही हैं।

मिलावटखोरों पर सख्त एक्शन : त्योहारी सीजन से पहले 300 किलो नकली मिठाई सील
Image Source : Via Dipr

एक ही दिन में विभाग की टीमों ने 102 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया और जांच के लिए 142 नमूने जुटाए। इनमें 92 एनफोर्समेंट और 50 सर्विलांस सैंपल शामिल हैं। सभी नमूनों को जांच के लिए राज्य केंद्रीय जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद संबंधित मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें ; जयपुर में गूंजेगा ‘हाई-टेक नर्सिंग’ का शंखनाद : AI और रोबोटिक्स से बदलेगा मरीजों का इलाज

अभियान के दौरान कई जगह खाद्य सामग्री की गुणवत्ता को लेकर गंभीर लापरवाही सामने आई। प्रथम दृष्टया अमानक, बासी या स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक पाई गई 893 किलोग्राम से अधिक खाद्य सामग्री मौके पर ही नष्ट करवाई गई। वहीं खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन नहीं करने वाले नौ कारोबारियों को इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी किए गए।

जयपुर में मिठाई और पनीर के नमूने

जयपुर प्रथम की टीम ने बजाज नगर स्थित हनुमान मिष्ठान भंडार से मावा बर्फी, सिंधी कैंप के होटल जय मंगल पैलेस से पनीर और एम.बी. स्वीट्स से गुलाब जामुन के सैंपल लिए।

मिलावटखोरों पर सख्त एक्शन : त्योहारी सीजन से पहले 300 किलो नकली मिठाई सील
Image Source : Via Dipr

जयपुर द्वितीय की टीम ने आगरा रोड के बगराना क्षेत्र में बिना फूड लाइसेंस चल रहे मिठाई कारखाने पर कार्रवाई की। यहां करीब 300 किलो सोनपपड़ी नष्ट कराई गई। बिना लाइसेंस कारोबार करने के कारण मशीनों को अग्रिम आदेश तक सील करते हुए प्रतिष्ठान बंद कराया गया।

यह भी पढ़ें ; युवाओं के कौशल पर राजस्थान-यूनिसेफ का बड़ा फोकस

सिरोही में घी, मिठाई और डेयरी उत्पादों की जांच

सिरोही के पिंडवाड़ा क्षेत्र में भाग्य लक्ष्मी फर्म से काजू कतली और घी के नमूने लिए गए। इसके अलावा जोधपुर मिष्ठान भंडार से सोनपपड़ी और सोना फर्म से दही-लस्सी के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। प्रयोगशाला रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

टोंक में एक्सपायर्ड तेल मिला

त्योहारी अभियान और डिग्गी मेले के मद्देनजर टोंक के चौसला और डिग्गी नुक्कड़ क्षेत्र में भी खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की गई। इस दौरान खाद्य पदार्थों के नमूने लेने के साथ 11 लीटर एक्सपायर्ड रिफाइंड पाम ऑयल नष्ट करवाया गया।

खैरथल-तिजारा में डेयरी और मिठाई दुकानों की सैंपलिंग

खैरथल-तिजारा जिले में विजय डेयरी, सखी डेयरी, भगत जी मिष्ठान भंडार और जाहिद डेयरी समेत कई प्रतिष्ठानों की जांच की गई। टीमों ने यहां कलाकंद, देसी घी, मिश्रित दूध, बर्फी और मावा के नमूने लिए हैं।

प्रमुख शासन सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य गायत्री राठौड़ ने बताया कि त्योहारों को देखते हुए विभाग ने खाद्य प्रतिष्ठानों की निगरानी और सैंपलिंग बढ़ाई है। खाद्य सुरक्षा आयुक्त डॉ. टी. शुभमंगला ने कहा कि मिलावटखोरों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।

यह भी पढ़ें ; रीको ने बदले ईएमडी वापसी के नियम, निवेशकों को बड़ी राहत

विभाग ने खाद्य कारोबारियों से खाद्य सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन करने और ग्राहकों को केवल गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। त्योहारों के दौरान मिठाई, दूध, घी और अन्य खाद्य उत्पादों की बिक्री बढ़ने के बीच विभाग की यह कार्रवाई आम लोगों के लिए भी अहम मानी जा रही है।

Related Articles

Back to top button