राजस्थान-जापान साझेदारी को मिलेगी नई रफ्तार

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जापानी प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक में राजस्थान में निवेश के अवसरों और उद्योगों के विस्तार पर चर्चा की। उन्होंने जयपुर और यामानाशी के ज्वैलरी कारोबार को तकनीक व निवेश के जरिए आगे बढ़ाने पर जोर दिया। सरकार जापानी कंपनियों के लिए अनुकूल माहौल और बेहतर सुविधाएं विकसित करने की दिशा में काम कर रही है।

  • भजनलाल शर्मा ने राजस्थान में निवेश बढ़ाने के लिए जापानी कंपनियों को आमंत्रित किया।
  • जयपुर और यामानाशी ज्वैलरी एसोसिएशन को तकनीक व निवेश के जरिए कारोबार बढ़ाने की अपील।
  • जापानी कंपनियां राजस्थान में उद्योग और रोजगार के नए अवसर पैदा करने में अहम भूमिका निभा रही हैं।

Rajasthan-Japan Investment Partnership : राजस्थान और जापान के बीच कारोबारी रिश्तों को और मजबूत करने की दिशा में राज्य सरकार ने कदम बढ़ाया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को जापानी प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक कर निवेश, उद्योग और खास तौर पर रत्न-आभूषण क्षेत्र में सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा की।

राजस्थान-जापान साझेदारी को मिलेगी नई रफ्तार
Image Source : Via dipr

मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान और जापान के बीच लंबे समय से कारोबारी और औद्योगिक संबंध रहे हैं। सरकार अब इन रिश्तों को नई ऊंचाई देने के लिए उद्योगों के विकास का रोडमैप तैयार कर काम कर रही है। जापानी कंपनियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए राज्य में जापानी जोन भी विकसित किए गए हैं, जहां उन्हें बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें : सिंगापुर में गूंजा जयपुर के स्वाद का जायका

बैठक में शर्मा ने जयपुर ज्वैलरी एसोसिएशन और यामानाशी ज्वैलरी एसोसिएशन के बीच सहयोग बढ़ाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि दोनों संगठन आधुनिक तकनीक और नए निवेश के साथ रत्न-आभूषण कारोबार को वैश्विक स्तर पर और मजबूत कर सकते हैं। इससे व्यापार बढ़ने के साथ राजस्थान में रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।

मुख्यमंत्री ने अपने 2024 के जापान दौरे को याद करते हुए कहा कि उस दौरान जापानी कंपनियों ने राजस्थान में निवेश से मिलने वाले बेहतर कारोबारी लाभ का उल्लेख किया था। उन्होंने जापान के निवेशकों से राजस्थान में उद्योग स्थापित करने का आह्वान करते हुए कहा कि राज्य सरकार निवेश के लिए जरूरी सहयोग और अनुकूल माहौल उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

यह भी पढ़ें : कर्ण शर्मा ने लिया संन्यास, 25 अगस्त को आखिरी मैच

कोफू सिटी के मेयर युइची हिगुची ने राजस्थान सरकार की निवेश अनुकूल नीतियों और राज्य में मौजूद कारोबारी संभावनाओं की सराहना की। उन्होंने बताया कि जापान की करीब 180 कंपनियां राजस्थान में काम कर रही हैं।

हिगुची के मुताबिक, जयपुर और कोफू सिटी के ज्वैलर्स पहले से ही अंतरराष्ट्रीय बाजार में साथ कारोबार कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि जयपुर की करीब 60 कंपनियां कोफू सिटी में ज्वैलरी कारोबार से जुड़ी हैं।

Related Articles

Back to top button