सोना-चांदी खरीदने वालों के लिए राहत, तौल में नहीं चलेगी मनमानी
राजस्थान में सोना-चांदी खरीदने वाले उपभोक्ताओं को अब सही तौल सुनिश्चित करने के लिए नए नियमों का लाभ मिलेगा। राज्य सरकार ने बहुमूल्य धातुओं की खरीद-बिक्री में निर्धारित मानकों वाले सटीक कांटों का इस्तेमाल अनिवार्य कर दिया है। 29 अक्टूबर से लागू इन नियमों के तहत सर्राफा व्यापारियों को विशेष श्रेणी के कांटों का उपयोग करना होगा, ताकि तौल में पारदर्शिता बनी रहे।
- सोना-चांदी की तौल: 29 अक्टूबर 2026 से नए नियम लागू।
- सटीक कांटे अनिवार्य: व्यापारियों को Class I या Class II श्रेणी के कांटों का करना होगा इस्तेमाल।
- शिकायत का विकल्प: तौल में गड़बड़ी होने पर उपभोक्ता हेल्पलाइन 14435 पर शिकायत कर सकेंगे।
Rajasthan Makes Accurate Weighing Mandatory for Gold and Silver : दिवाली के मौके पर सोना-चांदी खरीदने की तैयारी कर रहे उपभोक्ताओं के लिए राहत की खबर है। राजस्थान में अब बहुमूल्य धातुओं की तौल के लिए निर्धारित मानकों वाले कांटों का इस्तेमाल करना अनिवार्य हो गया है। राज्य के उपभोक्ता मामले विभाग ने राजस्थान विधिक मापविज्ञान (प्रवर्तन) (द्वितीय संशोधन) नियम, 2026 अधिसूचित किए हैं। ये प्रावधान 29 अक्टूबर से प्रभावी हो चुके हैं।
नए नियमों के अनुसार, स्वर्णकारों और सर्राफा व्यापारियों को सोना, चांदी तथा अन्य बहुमूल्य धातुओं की तौल के लिए Class I या Class II श्रेणी के कांटों का उपयोग करना होगा। इन उपकरणों में सत्यापन अंतराल 1 मिलीग्राम या उससे कम होना जरूरी है। इसका उद्देश्य बेहद कम मात्रा में भी तौल की सटीकता बनाए रखना और ग्राहकों को उनके भुगतान के अनुरूप धातु उपलब्ध कराना है।
यह भी पढ़े : लाल बहादुर शास्त्री कॉलेज में गूंजेगा ‘सफलता का मंत्र’, मालावी में भारत के राजदूत अमराराम गुजर का विशेष संवाद
व्यापारियों को रखने होंगे वैध प्रमाण-पत्र
विभाग ने सभी संबंधित व्यापारियों और प्रतिष्ठानों से संशोधित नियमों का पालन करने की अपील की है। कारोबार में इस्तेमाल होने वाले कांटों का नियमानुसार सत्यापन कराना और उनका वैध सत्यापन प्रमाण-पत्र रखना भी जरूरी होगा। जिन व्यापारियों के पास निर्धारित मानकों के अनुरूप उपकरण नहीं हैं, उन्हें नए नियमों के मुताबिक व्यवस्था करनी होगी।
यह भी पढ़े : हर पंचायत को मिलेंगे 5 करोड़, मदन राठौड़ का बड़ा ऐलान- ‘ग्रामोदय से राष्ट्रोदय’ का संकल्प
गड़बड़ी पर यहां करें शिकायत
उपभोक्ता मामले मंत्री सुमित गोदारा ने कहा कि इस पहल का मकसद सोना-चांदी की खरीद-बिक्री में पारदर्शिता बढ़ाना और उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा करना है। नए प्रावधानों से तौल में होने वाली अनियमितताओं की आशंका कम करने में मदद मिलेगी।
विभाग ने ग्राहकों से अपील की है कि सोना-चांदी खरीदते समय तौल पर ध्यान दें। यदि तौल में किसी तरह की गड़बड़ी नजर आए, तो राजस्थान उपभोक्ता हेल्पलाइन नंबर 14435 पर शिकायत दर्ज कराएं।



