राजस्थान में मानसून सुस्त, 7 जिलों में बारिश का अलर्ट
राजस्थान में बारिश का दौर अब धीमा पड़ता दिख रहा है। मौसम विभाग ने सोमवार को भरतपुर, धौलपुर, करौली, सवाई माधोपुर, दौसा, बारां और झालावाड़ में बारिश की संभावना जताई है। इसके बाद 8-9 सितंबर से मानसून कमजोर होने का अनुमान है। पश्चिमी राजस्थान में मौसम शुष्क रहने से गर्मी और उमस का असर फिर बढ़ सकता है।
- राजस्थान में बारिश का दौर अब कमजोर पड़ने लगा है।
- मानसून अलर्ट के तहत आज 7 जिलों में बारिश का अनुमान।
- राजस्थान मौसम में अगले एक सप्ताह तक बड़े बदलाव की संभावना कम।
Rajasthan Monsoon Slows, Rain Likely in 7 Districts: जयपुर। राजस्थान में मानसून की रफ्तार फिलहाल धीमी हो गई है। सोमवार को प्रदेश के सात जिलों में बारिश की संभावना है, जबकि इसके बाद अधिकांश इलाकों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान लगाया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक भरतपुर, धौलपुर, करौली, सवाई माधोपुर, दौसा, बारां और झालावाड़ में आज बारिश हो सकती है।
पिछले 24 घंटों की बात करें तो रविवार को भरतपुर, जयपुर और कोटा संभाग के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। धौलपुर में बारिश का असर ज्यादा रहा। राजाखेड़ा में 58 मिलीमीटर बारिश हुई, जबकि धौलपुर में कुल बारिश दो इंच से अधिक दर्ज की गई। डीग में 45 मिलीमीटर और बौंली में 15 मिलीमीटर पानी बरसा।
कोटा के चेचट में 18 मिलीमीटर, बड़ी सादड़ी में 46 मिलीमीटर तथा बारां जिले के छबड़ा और अटरू में 22-22 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। इन इलाकों में बारिश के बाद मौसम में कुछ राहत देखने को मिली।
उधर, श्रीगंगानगर, बीकानेर और हनुमानगढ़ में रविवार दोपहर तक गर्मी और उमस परेशान करती रही। इसके बाद मौसम ने अचानक करवट ली और घने बादलों के साथ तेज हवाएं चलीं। बीकानेर के लूणकरणसर और खाजूवाला, श्रीगंगानगर के पदमपुर समेत हनुमानगढ़ के कुछ क्षेत्रों में तेज बारिश हुई। इससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली और तापमान में करीब एक से दो डिग्री की गिरावट दर्ज की गई।
यह भी पढ़ें:सोना-चांदी की चमक फीकी, बाजार में मामूली गिरावट
हालांकि, पश्चिमी राजस्थान में मानसून कमजोर रहने के कारण ज्यादातर जिलों में मौसम सूखा बना हुआ है। रविवार को फलोदी प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में पश्चिमी राजस्थान में आसमान साफ रहने और धूप निकलने से तापमान में फिर बढ़ोतरी हो सकती है।
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक मानसून की ट्रफ श्रीगंगानगर, रोहतक, सतना, डालटनगंज और बांकुरा से होते हुए बंगाल की खाड़ी तक बनी हुई है। इसके अलावा दक्षिण-पश्चिमी उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में निम्न दबाव का क्षेत्र सक्रिय है। इसके प्रभाव से अगले दो दिनों में पूर्वी और उत्तरी राजस्थान के कुछ हिस्सों में छिटपुट बारिश हो सकती है।
इसके बाद 8 और 9 सितंबर से मानसून के फिर कमजोर पड़ने की संभावना है। मौसम विभाग का अनुमान है कि इसके बाद करीब एक सप्ताह तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रह सकता है।
इधर, भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए झालावाड़ जिला प्रशासन ने सोमवार को सभी सरकारी और निजी स्कूलों में अवकाश घोषित किया है। प्रशासन ने मौसम की स्थिति और संभावित बारिश को देखते हुए यह फैसला लिया है।



