राजस्थान में पंचायत चुनाव का कार्यक्रम घोषित, 41 जिला परिषद और 14,403 ग्राम पंचायतों पर होगा चुनाव
राजस्थान में लंबे समय से इंतजार किए जा रहे पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव का कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। राज्य निर्वाचन आयोग ने ‘वन स्टेट, वन इलेक्शन’ की व्यवस्था के तहत चरणबद्ध तरीके से 41 जिला परिषद, 457 पंचायत समितियों और 14,403 ग्राम पंचायतों के चुनाव कराने की घोषणा की है।
- पंचायत चुनाव 2026: 41 जिला परिषद, 457 पंचायत समितियों और 14,403 ग्राम पंचायतों में चुनाव।
- वन स्टेट, वन इलेक्शन: पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव एक साथ कराने की दिशा में कार्यक्रम जारी।
- चरणवार मतदान: जयपुर में 4 चरण, कुछ जिलों में 3 या 1 चरण और बाकी जिलों में 2 चरण में चुनाव होंगे।
Rajasthan Panchayat Elections 2026 Schedule Announced : राजस्थान में पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव को लेकर तस्वीर अब साफ हो गई है। राज्य निर्वाचन आयोग ने संविधान के अनुच्छेद 243K और राजस्थान पंचायतीराज अधिनियम, 1994 के तहत चुनाव कार्यक्रम जारी किया है। आयोग ने अलग-अलग जिलों और पंचायत संस्थाओं के कार्यकाल को ध्यान में रखते हुए चुनाव चरणबद्ध तरीके से कराने का फैसला किया है।

आयोग के मुताबिक, वर्ष 2020-21 में कोविड-19 और परिसीमन की वजह से पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव अलग-अलग चरणों में कराए गए थे। उस समय प्रदेश में 33 जिला परिषद, 352 पंचायत समितियां और 11,320 ग्राम पंचायतें थीं।
इसके बाद प्रदेश में जिलों की संख्या बढ़कर 41 हो गई है। वर्ष 2025-26 में हुए परिसीमन, पुनर्गठन और नवसृजन के बाद अब 41 जिला परिषदों में 1,403 निर्वाचन क्षेत्र, 457 पंचायत समितियों में 8,245 निर्वाचन क्षेत्र और 14,403 ग्राम पंचायतों में 1,30,589 वार्ड अस्तित्व में हैं।
किन संस्थाओं में होगा चुनाव?
राज्य निर्वाचन आयोग ने जिन पंचायतीराज संस्थाओं का पांच साल का कार्यकाल पूरा हो चुका है या जल्द पूरा होने वाला है, उनके आम चुनाव कराने का कार्यक्रम जारी किया है।
इसमें शामिल हैं:
41 जिला परिषद
457 पंचायत समितियां
14,403 ग्राम पंचायतें
हालांकि बारां, श्रीगंगानगर, करौली और कोटा जिला परिषदों के प्रमुख एवं उपप्रमुख और इनसे जुड़ी पंचायत समितियों के प्रधान एवं उपप्रधान के चुनाव फिलहाल इस कार्यक्रम में शामिल नहीं हैं। इन पदों का कार्यकाल दिसंबर 2026 में पूरा होगा। इनके चुनाव के लिए आयोग बाद में अलग से तारीखों की घोषणा करेगा।
किस जिले में कितने चरण?
आयोग ने चुनावों को अलग-अलग चरणों में कराने की व्यवस्था की है। जैसलमेर, फलौदी और सलूम्बर में चुनाव एक चरण में होंगे।
वहीं झुंझुनू, करौली, सीकर, बांसवाड़ा, बीकानेर, जालौर और उदयपुर में चुनाव तीन चरणों में कराए जाएंगे। जयपुर जिले में चार चरणों में चुनाव होंगे।
इसके अलावा प्रदेश के शेष जिलों में पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव दो चरणों में संपन्न कराए जाएंगे।
‘वन स्टेट, वन इलेक्शन’ पर जोर
राज्य निर्वाचन आयोग ने कहा है कि वह ‘एक राज्य, एक चुनाव’ की परिकल्पना के अनुरूप पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव एक साथ कराने के लिए प्रतिबद्ध है। अलग-अलग संस्थाओं के कार्यकाल को देखते हुए चुनाव कार्यक्रम को चरणवार तैयार किया गया है।
आयोग ने चुनाव से संबंधित विस्तृत कार्यक्रम को परिशिष्ट-A और चरणवार पंचायत समितियों की सूची को परिशिष्ट-B में जारी किया है। मतदाता और चुनाव से जुड़ी अन्य जानकारी के लिए आयोग की आधिकारिक वेबसाइट राजस्थान राज्य निर्वाचन आयोग पर विवरण देखा जा सकता है।



