विकसित राजस्थान@2047 के लिए प्रशासन में बड़ा बदलाव, डिजिटल तकनीक पर जोर

राजस्थान सरकार ने विकसित राजस्थान@2047 के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए प्रशासनिक तंत्र को अधिक सक्षम और भविष्य के अनुरूप बनाने की दिशा में कदम बढ़ाया है। मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास की अध्यक्षता में हुई बैठक में मानव संसाधन, प्रक्रियाओं के सरलीकरण, डिजिटल तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के बेहतर इस्तेमाल पर चर्चा हुई। छह विभागों में पायलट अध्ययन भी प्रस्तावित है।

  • विकसित राजस्थान@2047: प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक सक्षम और परिणामोन्मुख बनाने पर जोर।
  • डिजिटल तकनीक और AI: सरकारी प्रक्रियाओं को सरल और तेज बनाने की तैयारी।
  • मानव संसाधन: छह विभागों में पायलट अध्ययन के बाद मैनपावर और कौशल जरूरतों का आकलन होगा।

Rajasthan Plans Administrative Reforms for 2047: जयपुर। विकसित राजस्थान@2047 के लक्ष्य को हासिल करने के लिए राज्य के प्रशासनिक तंत्र में बदलाव की तैयारी शुरू हो गई है। सरकार अब ऐसी प्रशासनिक व्यवस्था विकसित करने पर जोर दे रही है, जो अधिक दक्ष, जवाबदेह और भविष्य की जरूरतों के मुताबिक काम कर सके।

इसी दिशा में मंगलवार को मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें क्वालिटी काउंसिल ऑफ इंडिया (QCI) की ओर से प्रशासनिक सुधार, मानव संसाधन आकलन, प्रक्रिया सुधार और डिजिटल परिवर्तन से जुड़े प्रस्तावित अध्ययन एवं कार्ययोजना का प्रस्तुतिकरण किया गया।

बैठक में इस बात पर जोर रहा कि विभागों के कामकाज, संगठनात्मक ढांचे, कर्मचारियों की संख्या और उनकी दक्षताओं का वैज्ञानिक तरीके से आकलन किया जाए। इसका मकसद प्रशासनिक व्यवस्था को केवल प्रक्रिया आधारित रखने के बजाय अधिक परिणामोन्मुख बनाना है।

प्रक्रियाएं होंगी आसान और समयबद्ध

सरकारी कामकाज में दोहराए जाने वाले कार्यों के लिए मानकीकृत एसओपी तैयार करने और अनावश्यक चरणों को हटाने पर भी चर्चा हुई। प्रक्रिया को सरल और समयबद्ध बनाने के लिए डिजिटल तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के इस्तेमाल को बढ़ाने की योजना है।

इसके लिए प्रक्रिया मैपिंग और टाइम स्टडी की मदद से यह देखा जाएगा कि किसी काम को पूरा करने में कितना समय लग रहा है। इस आधार पर अनावश्यक देरी वाले चरणों की पहचान कर उनमें सुधार किया जा सकेगा।

अधिकारियों की जिम्मेदारी स्पष्ट करने के लिए RASIC मैट्रिक्स के इस्तेमाल का प्रस्ताव भी रखा गया है। इसके जरिए अलग-अलग स्तर पर जिम्मेदारी और जवाबदेही तय करने में मदद मिलेगी। इससे कामकाज में अस्पष्टता कम होने और विभागों के बीच बेहतर तालमेल की उम्मीद है।

सही काम के लिए सही कौशल वाला स्टाफ

प्रस्तावित अध्ययन में वर्तमान के साथ-साथ भविष्य की मानव संसाधन जरूरतों का भी आकलन किया जाएगा। विभागों के मौजूदा दायित्वों, योजनाओं और आने वाले समय के कार्यों को देखते हुए कितने कर्मचारियों की जरूरत होगी और उनमें किस तरह के कौशल होने चाहिए, इसका अध्ययन किया जाएगा।

इसके साथ ही विभिन्न स्तरों पर कार्यों के दोहराव या ओवरलैप, जरूरी दक्षताओं और नागरिकों को दी जाने वाली सेवाओं की भी समीक्षा होगी। सरकार का लक्ष्य ऐसा कार्यबल तैयार करना है, जो पर्याप्त संख्या में हो, सही कौशल से लैस हो और डिजिटल तकनीक का प्रभावी इस्तेमाल कर सके।

मुख्य सचिव ने बताया कि कार्ययोजना के शुरुआती चरण में छह विभागों में पायलट डायग्नोस्टिक अध्ययन किया जाएगा। इस अध्ययन के आधार पर कैडर और गतिविधियों से जुड़े फैसले, मैनपावर नॉर्म्स, कैडर रेशनलाइजेशन और भर्ती नियमों में जरूरी सुधार की दिशा तय की जाएगी।

इसके अलावा प्रक्रिया अनुकूलन और HR Stack की रूपरेखा भी तैयार की जाएगी। आगे चलकर इस मॉडल को पूरे राज्य में लागू करने के लिए संबंधित विभागों को तकनीकी सहयोग और क्षमता निर्माण की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

बैठक में QCI के महासचिव चक्रवर्ती टी. कन्नन, सामान्य प्रशासन विभाग के प्रमुख शासन सचिव नवीन जैन, सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग के शासन सचिव डॉ. रवि कुमार सुरपुर, कार्मिक विभाग की शासन सचिव अर्चना सिंह सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button