दीपावली पर प्रदूषण रोकने की तैयारी, 6 नवंबर को जयपुर में ई-वेस्ट कलेक्शन अभियान
राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल दीपावली पर वायु और ध्वनि प्रदूषण की रोकथाम के लिए विशेष निगरानी कर रहा है। इसके साथ ही 6 नवंबर को जयपुर के राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर में राज्य स्तरीय ई-वेस्ट संग्रहण अभियान आयोजित होगा। मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास इसकी अध्यक्षता करेंगे। मंडल ने लोगों से पुराने इलेक्ट्रॉनिक उपकरण अधिकृत केंद्रों पर जमा कराने और पर्यावरण अनुकूल तरीके से त्योहार मनाने की अपील की है।
- ई-वेस्ट के वैज्ञानिक निस्तारण के लिए आरआईसी जयपुर में राज्य स्तरीय ई-वेस्ट कलेक्शन अभियान
- दीपावली पर वायु और ध्वनि प्रदूषण पर लगाम कसने के लिए प्रदूषण नियंत्रण मंडल की कड़ी निगरानी
- ब्रिक्स सस्टेनेबल लाइफस्टाइल वीक के जरिए पर्यावरण अनुकूल दीपावली और सतत जीवनशैली अपनाने की अपील
Preparations to curb pollution during Diwali : दीपावली की रौनक के बीच पर्यावरण को सुरक्षित रखने के लिए राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रदेश में वायु और ध्वनि प्रदूषण पर नजर रखने के साथ लोगों को जिम्मेदार जीवनशैली अपनाने के लिए जागरूक किया जा रहा है। इसी कड़ी में मंडल की ओर से आयोजित ‘ब्रिक्स सस्टेनेबल लाइफस्टाइल वीक’ के तहत 6 नवंबर को जयपुर में राज्य स्तरीय ई-वेस्ट कलेक्शन कार्यशाला और संग्रहण अभियान आयोजित किया जाएगा।

जयपुर के राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर (आरआईसी) में होने वाले इस कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास करेंगे। इसका उद्देश्य घरों और कार्यालयों में जमा अनुपयोगी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को सुरक्षित तरीके से एकत्रित करना और अधिकृत पुनर्चक्रण व्यवस्था तक पहुंचाना है।
मंडल के सदस्य सचिव कपिल चंद्रवाल ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि मोबाइल, कंप्यूटर, लैपटॉप, चार्जर और दूसरे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का इस्तेमाल तेजी से बढ़ा है। ऐसे में खराब या पुराने उपकरणों का गलत तरीके से निस्तारण पर्यावरण के लिए गंभीर समस्या बन सकता है। इनसे निकलने वाले हानिकारक तत्व मिट्टी और पानी को प्रदूषित कर सकते हैं।
यह भी पढ़ें ; अश्विनी वैष्णव का कांग्रेस पर बड़ा वार, बोले- देश में अराजकता फैलाना चाहती है पार्टी
उन्होंने कहा कि ई-वेस्ट को सामान्य घरेलू कचरे में फेंकने के बजाय अलग एकत्रित करना चाहिए। इसके बाद उसे अधिकृत संग्रहण केंद्रों और पुनर्चक्रण माध्यमों तक पहुंचाना जरूरी है। कार्यशाला में ई-वेस्ट के पृथक्करण, सुरक्षित भंडारण, वैज्ञानिक निस्तारण और संसाधनों के दोबारा इस्तेमाल की जानकारी दी जाएगी।
छह शहरों में वायु गुणवत्ता की विशेष जांच
दीपावली के दौरान प्रदूषण की स्थिति पर नजर रखने के लिए मंडल ने विशेष निगरानी व्यवस्था बनाई है। मुख्य वैज्ञानिक अधिकारी शीबा के अनुसार, प्रदेश में स्थापित 50 सतत परिवेशी वायु गुणवत्ता निगरानी केंद्रों (CAAQMS) के जरिए नियमित रूप से वायु गुणवत्ता के आंकड़े जुटाए जा रहे हैं।
अलवर, भिवाड़ी, कोटा, जयपुर, जोधपुर और उदयपुर में विशेष निगरानी की जा रही है। इन शहरों के निर्धारित स्थानों पर 1 से 15 नवंबर 2026 तक वायु गुणवत्ता के विभिन्न मानकों की जांच होगी। इसके अलावा राष्ट्रीय परिवेशी वायु गुणवत्ता निगरानी कार्यक्रम (NAMP) के तहत अन्य केंद्रों पर भी विशेष मॉनिटरिंग की जाएगी।
मंडल के अनुसार, दीपावली से पहले 1 नवंबर सुबह 6 बजे से 2 नवंबर सुबह 6 बजे तक और दीपावली के दौरान 8 नवंबर सुबह 6 बजे से 9 नवंबर सुबह 6 बजे तक वायु गुणवत्ता के आंकड़े एकत्रित किए जाएंगे।
PM-2.5 और PM-10 समेत कई प्रदूषकों पर नजर
निगरानी के दौरान हवा में मौजूद PM-10 और PM-2.5 जैसे सूक्ष्म कणों के साथ सल्फर डाइऑक्साइड और नाइट्रोजन डाइऑक्साइड की भी जांच होगी। इसके अलावा PM-10 में सीसा, निकेल और आर्सेनिक जैसी धातुओं तथा PM-2.5 में एल्युमिनियम, बेरियम और लौह तत्वों का विश्लेषण किया जाएगा।
ध्वनि प्रदूषण को लेकर भी मंडल सतर्क है। दीपावली के दौरान निर्धारित मानकों के अनुसार अलग-अलग स्थानों पर ध्वनि स्तर की निगरानी की जाएगी। लोगों को तेज आवाज वाले पटाखों से बचने और निर्धारित ध्वनि सीमा का पालन करने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
मीडिया से भी मांगा सहयोग
मंडल के मुख्य पर्यावरण अभियंता विष्णु दत्त पुरोहित ने मीडिया प्रतिनिधियों से पर्यावरण अनुकूल दीपावली का संदेश आमजन तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी के बिना प्रदूषण नियंत्रण के प्रयासों को सफल बनाना मुश्किल है। त्योहार के दौरान स्वच्छता, कचरे के उचित निस्तारण और प्रदूषण से बचाव के प्रति लोगों को जागरूक करना जरूरी है।
वहीं, अतिरिक्त मुख्य पर्यावरण अभियंता भुवनेश माथुर ने 6 नवंबर के ई-वेस्ट अभियान में आमजन, संस्थानों और अन्य हितधारकों से भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि घरों और दफ्तरों में पड़े पुराने इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को इस अभियान में जमा कराया जा सकता है, ताकि उनका वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण हो सके।
मिट्टी के दीपक जलाएं, कम करें कचरा
मंडल की ओर से दीपावली पर सिंगल यूज प्लास्टिक और अनावश्यक पैकेजिंग से बचने की सलाह दी गई है। लोगों को दोबारा इस्तेमाल की जा सकने वाली सजावटी सामग्री अपनाने, कचरे को अलग-अलग रखने और बिजली की बचत करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें ; ग्रीन एनर्जी में राजस्थान का डंका : मिला नेशनल अवॉर्ड, सौर ऊर्जा में फिर बना नंबर-1
सदस्य सचिव कपिल चंद्रवाल ने कहा कि दीपावली खुशियों और रोशनी का त्योहार है। इसे पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी निभाते हुए मनाना भी जरूरी है। मिट्टी के दीपक जलाने, कम कचरा पैदा करने और स्वच्छता बनाए रखने जैसे छोटे प्रयास भी बड़ा बदलाव ला सकते हैं।
मंडल का लक्ष्य लोगों की भागीदारी से जिम्मेदार उपभोग और बेहतर अपशिष्ट प्रबंधन को बढ़ावा देना है, ताकि राजस्थान को स्वच्छ, हरित और टिकाऊ राज्य बनाने की दिशा में आगे बढ़ा जा सके।



