राजस्थान में पशुपालन को मिलेगी डिजिटल रफ्तार, राज्यपाल ने बताई बड़ी जरूरत

राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने जयपुर के जोबनेर में आयोजित राष्ट्रीय सिम्पोजियम में पशुपालन को ग्रामीण अर्थव्यवस्था, रोजगार और राष्ट्रीय आय का अहम आधार बताया। उन्होंने कहा कि राजस्थान दुग्ध उत्पादन में देश में दूसरे स्थान पर है। आधुनिक तकनीक, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और डिजिटल पशुधन पहचान से पशुओं के स्वास्थ्य, टीकाकरण और नस्ल सुधार को नई दिशा मिल सकती है।

  • राजस्थान में पशुपालन और दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने पर जोर।
  • डिजिटल पशुधन पहचान से पशुओं के स्वास्थ्य रिकॉर्ड और टीकाकरण में मिलेगी मदद।
  • राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने पशु चिकित्सा में आधुनिक तकनीक अपनाने का आह्वान किया।

Rajasthan Pushes Digital Veterinary Care and Livestock Protection: राजस्थान को दुग्ध उत्पादन के साथ-साथ पशु चिकित्सा और पशुधन संरक्षण के क्षेत्र में भी देश में अग्रणी बनाने की जरूरत है। राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने सोमवार को जोबनेर स्थित राजस्थान पशु चिकित्सा और पशु विज्ञान विश्वविद्यालय में आयोजित राष्ट्रीय सिम्पोजियम में यह बात कही। कार्यक्रम का विषय “वेटनरी मेडिसन इन दी डिजिटल ऐरा” था।

राज्यपाल ने कहा कि पशुपालन ग्रामीण अर्थव्यवस्था, रोजगार और राष्ट्रीय आय में महत्वपूर्ण योगदान देता है। राजस्थान दुग्ध उत्पादन में देश में दूसरे स्थान पर है। उन्होंने मुख्यमंत्री दुग्ध संबल योजना और सरस डेयरी के विस्तार की सराहना करते हुए कहा कि दूध उत्पादन बढ़ाने के लिए पशुओं के संतुलित आहार, बेहतर स्वास्थ्य और नस्ल सुधार पर विशेष ध्यान देना होगा।

यह भी पढे : Festive Shopping Alert: सस्ते ऑफर के चक्कर में खाली न हो जाए बैंक खाता

उन्होंने कहा कि राजस्थान में देश का सर्वाधिक देशी पशुधन है। राठी और थारपारकर जैसी देशी गायों की उपयोगिता महत्वपूर्ण है। इनके संरक्षण और बेहतर प्रबंधन के लिए वैज्ञानिक तरीकों को अपनाना चाहिए। राज्यपाल ने छोटे किसानों और गरीब पशुपालकों के योगदान को भी अहम बताया। उनके अनुसार, दूध का इस्तेमाल बड़े पैमाने पर मिठाई बनाने में होता है और राजस्थान से मिठाइयों का निर्यात भी किया जाता है। ऐसे में पशुपालकों को प्रोत्साहन देना जरूरी है।

राज्यपाल ने राष्ट्रीय डिजिटल पशुधन पहल का उल्लेख करते हुए कहा कि देश में 35 करोड़ से अधिक पशुओं को 12 अंकों की विशिष्ट डिजिटल पहचान यानी ‘पशु आधार’ सुविधा दी जा रही है। इससे पशुओं के स्वास्थ्य रिकॉर्ड और टीकाकरण संबंधी जानकारी व्यवस्थित रखने में मदद मिलती है।

यह भी पढे : नेपाल में कार्तिक स्नान शुरू, दीपदान और तुलसी पूजा का विशेष महत्व

उन्होंने कहा कि पशु अपनी परेशानी बोलकर नहीं बता सकते, इसलिए उनके रोगों की पहचान करना कई बार चुनौतीपूर्ण होता है। ऐसे में पशु चिकित्सकों को संवेदनशीलता के साथ काम करना चाहिए। साथ ही, पारंपरिक रोग निदान प्रणालियों और आधुनिक चिकित्सा तकनीकों के समन्वय से पशुओं की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने तथा बेहतर उपचार पर ध्यान देना चाहिए।

कार्यक्रम से पहले राज्यपाल ने पशु चिकित्सा और पशु विज्ञान के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित किया। विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. त्रिभुवन शर्मा ने सिम्पोजियम के उद्देश्य और आयोजन से जुड़ी जानकारी साझा की।

Related Articles

Back to top button