राजस्थान में फिर बारिश, 22 जिलों में यलो अलर्ट
राजस्थान में बारिश का दौर लगातार जारी है। मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर ने आज 22 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। पूर्वी राजस्थान के कई संभागों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है, जबकि पश्चिमी हिस्सों में बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। लगातार बारिश से बांधों में पानी की आवक बढ़ी और तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।
- 22 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट, कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के आसार
- राजस्थान में बारिश से बांधों में बढ़ी पानी की आवक, तापमान में भी गिरावट
- जयपुर, भरतपुर, कोटा और उदयपुर संभाग में बारिश की संभावना, पश्चिमी हिस्सों में तेज हवाओं का असर
Rajasthan Rain Alert: राजस्थान में बारिश का सिलसिला अभी जारी है। मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर ने शनिवार को प्रदेश के 22 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। पूर्वी राजस्थान के भरतपुर, जयपुर, कोटा और उदयपुर संभाग में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। पश्चिमी राजस्थान में भी कुछ जगह बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं।
पिछले दो दिनों में हुई बारिश ने प्रदेश के मौसम में बड़ा बदलाव किया है। खासकर डूंगरपुर, बांसवाड़ा और प्रतापगढ़ में कई स्थानों पर शुक्रवार को करीब 8 इंच तक बारिश दर्ज की गई। इन क्षेत्रों में 17 सितंबर की शाम करीब 6 बजे शुरू हुआ तेज बारिश का दौर 18 सितंबर सुबह करीब 11 बजे तक कई जगह बना रहा।
यह भी पढ़ें : नेपाल की बाढ़ की रफ्तार 188 किमी प्रति घंटा, वैज्ञानिकों का दावा
बारिश का असर पश्चिमी राजस्थान में भी दिखाई दिया। बीकानेर के कोलायत इलाके में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से करीब 70 मिलीमीटर यानी लगभग 3 इंच बारिश हुई। बीकानेर के अलावा फलोदी, जैसलमेर और बाड़मेर के कई इलाकों में भी अच्छी बारिश से लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली।
लगातार बारिश के चलते प्रदेश के बांधों और जलाशयों में पानी की आवक बढ़ी है। माही बजाज सागर बांध का जलस्तर 274.85 आरएल मीटर से बढ़कर 274.95 आरएल मीटर हो गया। वहीं बीसलपुर बांध का गेज 314.03 से बढ़कर 314.05 आरएल मीटर दर्ज किया गया।
यह भी पढ़ें : आगर मालवा हादसे पर PM मोदी ने जताया दुख, मृतकों के परिजनों को 2 लाख
डूंगरपुर के सोमकमला अंबा बांध का जलस्तर भी 10.75 से बढ़कर 10.80 आरएल मीटर पहुंच गया। उदयपुर के पास जयसमंद बांध में जलस्तर 4.66 से बढ़कर 4.72 आरएल मीटर और प्रतापगढ़ के जाखम बांध में 27 से बढ़कर 27.20 आरएल मीटर हो गया।
बारिश और तेज हवाओं का असर तापमान पर भी पड़ा है। प्रदेश के कई शहरों में दिन के तापमान में करीब 6 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई। रात में भी मौसम पहले की तुलना में ठंडा महसूस होने लगा है। सीकर, अजमेर और सिरोही में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री से नीचे रहा, जबकि कोटा में तापमान करीब 6 डिग्री गिर गया।



