राजस्थान में 44 लाख से ज्यादा पशुओं का पंजीकरण, बीमा योजना को मिली रफ्तार

राजस्थान में पशुपालकों को सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए पशुपालन विभाग ने कई मोर्चों पर काम तेज किया है। मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना में अब तक 44.08 लाख से अधिक पशुओं का पंजीकरण हो चुका है। वहीं मोबाइल वेटनरी सेवा के जरिए लाखों पशुओं को मुफ्त इलाज मिला है। विभागीय समीक्षा बैठक में लंबित बीमा दावों के भुगतान और चारा उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।

  • 44 लाख से अधिक पशुओं का मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के तहत हो चुका है पंजीकरण।
  • पशुपालन मंत्री जोराराम कुमावत ने मोबाइल वेटनरी सेवाओं और कृत्रिम गर्भाधान योजना की समीक्षा कर जारी किए निर्देश।
  • 16.80 लाख पशुधन को 1962 टोल-फ्री नंबर के जरिए घर बैठे मिला मुफ्त इलाज।

Over 4.4 million animals registered in Rajasthan : राजस्थान में पशुधन के स्वास्थ्य और सुरक्षा को लेकर संचालित योजनाओं की प्रगति पर सरकार ने समीक्षा की है। पशुपालन एवं गोपालन मंत्री जोराराम कुमावत ने बुधवार को शासन सचिवालय में विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर योजनाओं की स्थिति जानी। उन्होंने तय लक्ष्यों को समय पर पूरा करने और पशुपालकों को योजनाओं का लाभ देने में किसी तरह की ढिलाई नहीं बरतने के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना की प्रगति सामने आई। विभाग के अनुसार, 2 नवंबर 2026 तक इस योजना में कुल 44 लाख 8 हजार 174 पशुओं का पंजीकरण किया जा चुका है। इनमें से 30 लाख 29 हजार 639 पशुओं के स्वास्थ्य प्रमाण पत्र तैयार हो चुके हैं, जबकि 27 लाख 56 हजार 103 पशुओं की बीमा पॉलिसी जारी की जा चुकी है। मंत्री ने वित्त वर्ष 2026-27 के निर्धारित लक्ष्यों को जल्द पूरा करने के साथ लंबित बीमा दावों का तुरंत भुगतान करने को कहा। उन्होंने लापरवाही सामने आने पर संबंधित संयुक्त निदेशकों को चार्जशीट देने के निर्देश भी दिए।

राजस्थान में 44 लाख से ज्यादा पशुओं का पंजीकरण, बीमा योजना को मिली रफ्तार
Image Source : Via DIPR

मोबाइल वेटनरी योजना के जरिए भी पशुपालकों को बड़ी राहत मिली है। मंत्री ने बताया कि अब तक 19 लाख 49 हजार पशुपालकों के 68 लाख 33 हजार पशुओं का निःशुल्क उपचार किया जा चुका है। इनमें से 16 लाख 80 हजार पशुओं को 1962 टोल-फ्री नंबर पर मिली कॉल के आधार पर मोबाइल वेटनरी यूनिट ने उनके घर पर ही इलाज उपलब्ध कराया। विभाग के मुताबिक, लाभार्थियों से मिले फीडबैक में 98 प्रतिशत लोगों ने इन सेवाओं को अच्छा बताया है।

यह भी पढ़ें ; मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अंधेरी माता मंदिर में किए दर्शन, प्रदेश की खुशहाली की कामना

दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के उद्देश्य से सेक्स सॉर्टेड सीमन योजना के तहत कृत्रिम गर्भाधान का दायरा भी बढ़ाया जा रहा है। कुमावत ने कहा कि गाय और भैंसों में एआई प्रक्रिया को गति दी जा रही है। पिछले दो वर्षों में 10 लाख 57 हजार पशुओं का कृत्रिम गर्भाधान किया गया है। आगामी वर्ष की जरूरत को देखते हुए अधिकारियों को 9 लाख डोज खरीदने के निर्देश दिए गए हैं।

बैठक में कम बारिश से प्रभावित इलाकों में पशुओं के लिए चारे की व्यवस्था पर भी चर्चा हुई। मंत्री ने जोधपुर और उदयपुर संभाग के अकालग्रस्त घोषित जिलों में चारा डिपो खोलकर पशुपालकों को उचित उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। इसके अलावा नाबार्ड और अन्य योजनाओं के बजट से नए पशु चिकित्सा उपकेंद्र भवन बनाने के प्रस्तावों पर भी विचार-विमर्श किया गया।

यह भी पढ़ें ; कर्मचारियों को भजनलाल सरकार की सौगात, फैसलों से मजबूत हुआ भरोसा

बैठक में पशुपालन विभाग के निदेशक डॉ. सुरेशचंद मीणा, आरएलडीबी मैनेजर डॉ. प्रीतपाल कालरा, उपनिदेशक हेमंत पंत, नोडल एमवीयू डॉ. प्रदीप शर्मा और नोडल हेल्थ डॉ. आलोक श्रीवास्तव सहित विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button